बिहार में दुल्हन का फिर अपहरण, निकाह कर ससुराल जाते वक्त जबरन अपनी कार में खींच ले गए; दूल्हे को पीटा
छपरा के बनियापुर में निकाह कर दुल्हन के साथ घर लौट रहे दूल्हे की पिटाई कर चार लोगों ने दुल्हन को अगवा कर लिया। सोमवार सुबह करीब साढ़े बजे चार की संख्या में आये लोगों ने दूल्हे की कार से दुल्हन को जबरन अपनी कार में बैठा लिया और मौके से निकल गए।

बिहार में एक और दुल्हन का अपहरण कर लिया गया। अभी हाल ही में दरभंगा जिले से यह खबर आई थी कि यहां एक दुल्हन को किडनैप किया गया है। अब छपरा में भी ऐसा ही कांड हुआ है। दूल्हे को पीटा भी गया है। जिस तरह से बीच सड़क दुल्हन का अपहरण किया गया वो काफी हैरान करने वाला है।
छपरा के बनियापुर में निकाह कर दुल्हन के साथ घर लौट रहे दूल्हे की पिटाई कर चार लोगों ने दुल्हन को अगवा कर लिया। सोमवार सुबह करीब साढ़े बजे चार की संख्या में आये लोगों ने दूल्हे की कार से दुल्हन को जबरन अपनी कार में बैठा लिया और मौके से निकल गए। चर्चा है कि करीब छह घंटे बाद उसे बरामद कर लिया गया। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दुल्हन को अगवा करने की पूरी वारदात मानोपाली में हुई। अगवा करने आये लोगों में शामिल एक युवक दुल्हन को अपनी प्रेमिका होने का दावा कर रहा था। दूल्हा, उसकी साली व साला ने दुल्हन को ले जाने से रोकने का काफी प्रयास किया लेकिन वे सफल नहीं हुए। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी दो माह पूर्व ही तय हुई थी। रविवार की रात सजधज कर बारात दुल्हन के घर पहुंची थी।
रात को दुल्हन ने निकाह भी कुबूल किया। काजियों के समक्ष दूल्हा दुल्हन एक साथ राजी खुशी से रहने की हामी भरी। इसके बाद दोनों की शादी मुस्लिम रीति रिवाज से कराई गई। सुबह में दूल्हन को दूल्हे के साथ विदा कर दिया गया। इधर, दूल्हे के घर वाले दुल्हन के आने का इंतजार कर रहे थे। तभीअगवा किये जाने की सूचना ने माहौल को बदल दिया। घटना को लेकर कई तरह की चर्चा की जा रही है।
असम से निकाह करने आया था दूल्हा
दूल्हा असम में पूरे परिवार के साथ रहता है। शादी के लिए वह अपने मामा के घर आया था। वहीं से बारात जनता बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में गयी थी। शादी का आयोजन पूरे धूमधाम से किया गया था। मामले का लिखित आवेदन दूल्हे के परिजनों ने सहाजितपुर थाने में दिया है। आवेदन में दूल्हा - दुल्हन को विदा करा घर लाने वाले कार ड्राइवर को संदिग्ध बताया गया है। ड्राइवर ने बिना कारण सुनसान सड़क पर कार रोक दी थी। इसी बीच चार लोग पहुंच कर दुल्हन को अगवा कर लिये। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने ड्राइवर समेत दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।