संविधान में समय और जरूरत के अनुसार बदलाव की है व्यवस्था : सुयाल
भाजपा ने कांग्रेस के संविधान बचाओ अभियान को निराधार बताया। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान का मजाक उड़ाना शुरू किया था, जो आज तक जारी है। उन्होंने बताया कि संविधान में बदलाव करना भी...

कांग्रेस के संविधान बचाओ अभियान और संविधान से खिलवाड़ के आरोप को भाजपा ने निराधार बताया। मंगलवार को भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि संविधान से खिलवाड़ को कांग्रेस अपना मौलिक अधिकार समझती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने तो पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के जमाने से ही संविधान का मजाक उड़ाना शुरू कर दिया था, जो आज तक रुका नहीं है। मंगलवार को नगर के जिस होटल में कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे, उसी से सटे दूसरे होटल में उसी समय भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल मीडिया से बात कर कांग्रेस के दावों को नकार रहे थे। उन्होंने कहा कि संविधान में समय और आवश्यकता के अनुसार परिवर्तन करना भी भारतीय संविधान का ही हिस्सा है। संविधान के अनुच्छेद 368 में ही इसमें संशोधन की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि संविधान लागू होने के बाद से अब तक 106 बार संविधान संशोधन हो चुके हैं। लेकिन, सवाल इसलिए उठता है कि कई बार हुए संविधान में बदलाव का मकसद पूरी तरह से राजनीतिक समझा गया है।
उन्होंने दावा किया कि कई बार तो इस तरह के संशोधन हुए हैं, जिसमें संविधान की आत्मा को ही पूरी तरह से बदलने के गंभीर आरोप लगते हैं। कांग्रेस के शासनकाल में ही 80 बार देश का संविधान बदला जा चुका है। भारतीय गणतंत्र के पहले 14 वर्षों में ही देश का संविधान 17 बार बदल दिया गया था। यह कार्यकाल कांग्रेस नेता और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का था। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पहले से ही 42वें संविधान संशोधन के लिए चर्चा में रह चुकी हैं। अब जब कि मोदी सरकार देश और जनता के हित में संसोधन कर रही है तो कांग्रेस इससे बौखला गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में हुए अधिकतर संसोधन एक परिवार को लाभ पहुंचाने के लिए हुए हैं। जबकि एनडीए की सरकार में केवल संविधान सम्मत निर्णय ही लिए जा रहे हैं। संविधान का जितना सम्मान भारतीय जनता पार्टी की सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है, उतना कोई और सरकार नहीं कर पाई है। इस दौरान जिलाध्यक्ष मीता सिंह, विधिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक संजय गुप्ता, मीडिया प्रभारी देवेंद्र चावला, मंडल अध्यक्ष शुभम गर्ग, जिला महामंत्री विनोद कश्यप, संतोष रावत, राहुल शर्मा, अनुज गुलेरिया आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।