Maa Ganga s Festival Palanquin Departs to Gangotri Dham Amid Traditional Rituals मुखबा से गंगोत्री धाम चली मां गंगा की डोली, Uttarkashi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttarakhand NewsUttarkashi NewsMaa Ganga s Festival Palanquin Departs to Gangotri Dham Amid Traditional Rituals

मुखबा से गंगोत्री धाम चली मां गंगा की डोली

मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा गांव से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हो गई। डोली को पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ विदा किया गया। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले...

Newswrap हिन्दुस्तान, उत्तरकाशीTue, 29 April 2025 04:01 PM
share Share
Follow Us on
मुखबा से गंगोत्री धाम  चली मां गंगा की डोली

शीतकाल के छह माह तक मुखबा गांव में निवास करने के बाद मंगलवार को मां गंगा की उत्सव डोली गंगोत्री धाम के लिए रवाना हो गई। डोली को पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ सवा मन कलेऊ, स्थानीय पकवान देकर मुखबा के ग्रामीणों ने पूर्वाह्न 11:57 पर विदा किया। बुधवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सुबह 10:30 बजे गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। मंगलवार को मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव में सुबह विशेष पूजा-अर्चना के बाद मां गंगा की उत्सव डोली को सजाया गया। तय मुहूर्त के अनुसार, पूर्वाह्न 11:57 बजे मां गंगा की उत्सव डोली को मंदिर से बाहर लाया गया। जहां से हजारों श्रद्धालुओं के साथ मां गंगा की उत्सव डोली आर्मी बैंड की धुन पर स्थानीय वाद्य यंत्रो और समेश्वर देवता की डोली के साथ मुखबा से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। गंगा की डोली यात्रा में मुखबा के साथ धराली, हर्षिल, बगोरी, झाला समेत उपला टकनौर के ग्रामीणों तथा तीर्थयात्री शामिल हुए।

डोली साढ़े 12 बजे मार्कण्डेय पुरी स्थित दुर्गा मंदिर में पहुंचने के बाद मां गंगा के साथ भक्तों ने अल्प विश्राम किया। मुखबा के प्राचीन पैदल यात्रा पथ से होते हुए डोली शाम को भैरों घाटी पहुंची। यहां भंडारे के साथ रात्रि जागरण की व्यवस्था की गई है। यहां पूरी रात भजन कीर्तन किया गया। मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि बुधवार भैरों घाटी से तड़के डोली यात्रा गंगोत्री के लिए रवाना होगी। जहां विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सुबह 10:30 बजे गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

इस मौके पर गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, उपाध्यक्ष अरुण सेमवाल, प्रेम प्रकाश सेमवाल, रजेश सेमवाल, रविन्द्र सेमवाल, सुधांशु सेमवाल, संजय सेमवाल, एसडीएम शालिनी नेगी, सीओ जनक सिंह पंवार आदि मौजूद रहे।

..............................

खरसाली से आज रवाना होगी मां यमुना की डोली

उत्तरकाशी। मां यमुना की डोली शनिदेव की अगुवाई में बुधवार को अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली से सुबह 8 बजे यमुनोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी, जो 10 बजे यमुनोत्री मंदिर पहुंचेगी। जहां विधिवत पूजा अर्चना एवं हवन के बाद 11:55 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश में बुधवार को चारधाम यात्रा का विधिवत शुरू हो जाएगी।

यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुशील उनियाल ने बताया कि मां यमुना की डोली के स्वागत के लिए यमुनोत्री धाम को फूलमालाओं से सजा दिया गया है। बुधवार को सुबह मां यमुना की डोली सैकड़ों ग्रामीण एवं देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ प्रात: 8 बजे खरसाली गांव से यमुनोत्री धाम को प्ररथान करेगी। जहां पर यात्राकाल के दौरान आगामी छह माह तक देश विदेश के श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।