Hindi Newsउत्तर प्रदेशMahakumbh 2025 : महाकुंभ में 40 करोड़ से ज्यादा कर चुके स्नान, बिहार के राज्यपाल ने संगम में लगाई डुबकी

Mahakumbh 2025 : महाकुंभ में 40 करोड़ से ज्यादा कर चुके स्नान, बिहार के राज्यपाल ने संगम में लगाई डुबकी

Mahakumbh 2025 : महाकुंभ में अब तक 40 करोड़ से ज्यादा भक्त स्नान कर चुके हैं। वहीं दूसरी ओर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने शुक्रवार को महाकुंभ मेले में त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई। जानें महाकुंभ से जुड़े सभी लाइव अपडेट्स

Mahakumbh 2025 : महाकुंभ में 40 करोड़ से ज्यादा कर चुके स्नान, बिहार के राज्यपाल ने संगम में लगाई डुबकी

महाकुंभ पहुंचे बिहार के राज्यपाल

Srishti Kunj| हिन्दुस्तान,प्रयागराज | Fri, 07 Feb 2025 11:00 PM
हमें फॉलो करें

Mahakumbh 2025 : महाकुंभ में अब तक 40 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने शुक्रवार को महाकुंभ मेले में त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई और कहा कि सनातन संस्कृति की मूल भावना एकात्मता है, जहां सारे भेद समाप्त हो जाते हैं। खान ने संगम स्नान के बाद पत्रकारों से कहा, हमें हमेशा यह बात ध्यान रखनी चाहिए कि सनातन संस्कृति की मूल भावना एकात्मता है जहां सारे भेद समाप्त हो जाते हैं। जानें महाकुंभ से जुड़े सभी लाइव अपडेट्स

7 Feb 2025, 11:00:14 PM IST

श्रद्धालुओं को लेकर महाकुंभ जा रही बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई

यूपी के शाहजहांपुर में शुक्रवार की देर रात हादसा हो गया है। बरेली से श्रद्धालुओं को लेकर महाकुंभ जा रही बस ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। तिलहर के हाईवे तिराहे पर हुए हादसे में बस के अंदर करीब 50 लोग सवार थे। सभी गंभीर से घायल हो गए। जबकि ट्रैक्टर चालक मरणासन्न हालत में पहुंच गया। हादसे के बाद ज्यादा श्रद्धालु अपने घर को वापस चले गए।

7 Feb 2025, 10:05:43 PM IST

जितिन प्रसाद ने लगाई संगम में डुबकी

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने शुक्रवार को संगम स्नान किया। मंत्री ने इस दौरान यहां की व्यवस्थाओं की तारीफ की और कहा कि यह अद्भुत संयोग है। जो लोग भी यहां स्नान करने आ रहे हैं, वे सभी पुण्य के भागी हैं। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार के बंदोबस्त की प्रशंसा की। उन्होंने संगम में परिवार संग पवित्र स्नान को अविस्मरणीय क्षण बताया। कहा कि, आज मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे इस भव्य कुम्भ मेले में अपने परिवार के साथ प्रयागराज के पावन संगम में स्नान करने का अवसर मिला। ये वे क्षण होते हैं जो जीवन में अविस्मरणीय बन जाते हैं और मैं इसे अपना परम सौभाग्य मानता हूं। कहा कि महाकुम्भ न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का भव्य उत्सव भी है। इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होना किसी भी श्रद्धालु के लिए सौभाग्य की बात है।

7 Feb 2025, 09:27:20 PM IST

16 फरवरी को प्रयागराज में कुम्भ की आस्था और जलवायु परिवर्तन पर सम्मेलन

महाकुम्भ के जरिए जलवायु सुधार को प्रेरित करने के लिए 16 फरवरी को प्रयागराज में कुम्भ की आस्था और जलवायु परिवर्तन विषय पर जलवायु सम्मेलन होगा। इस आयोजन में धर्मगुरुओं, धार्मिक संगठनों, वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं, पर्यावरणविदों, नागरिक समाज और उद्योग जगत के नेताओं की भागीदारी होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका शुभारंभ करेंगे। साथ ही मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह भी मौजूद रहेंगे।

7 Feb 2025, 08:35:55 PM IST

राजकुमार राव, संजय मिश्रा, नीना गुप्ता, मधुर भंडारकर ने भी लगाई संगम में डुबकी

महाकुम्भ शुक्रवार को फिल्मी सितारों के नाम रहा। आमतौर पर फिल्में शुक्रवार को रिलीज होती हैं। महाकुम्भ नगर में राजकुमार राव समेत हिंदी फिल्मों के कलाकार व निर्माता-निर्देशक पहुंचे और संगम में डुबकी लगाई। राजकुमार राव के साथ चरित्र अभिनेता संजय मिश्रा, अभिनेत्री नीना गुप्ता और निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने महाकुम्भ के आयोजन की जमकर तारीफ की। अरैल में पत्नी पत्रलेखा के साथ संगम में डुबकी लगाने के बाद राजकुमार राव ने कहा कि महाकुम्भ में स्नान करना सौभाग्य की बात है। राजकुमार के मुताबिक उनकी पत्नी की मां गंगा के प्रति गहरी श्रद्धा है। पिछले कुम्भ में भी आए थे। जो भी यहां स्नान कर सकता है, वह सौभाग्यशाली है। भगवान की कृपा से हमें यह अवसर मिला है। राजकुमार राव अरैल स्थित एक संत के शिविर में रुके हैं।

7 Feb 2025, 06:20:49 PM IST

त्रिवेणी संगम में स्नान सौभाग्य की बात: भूपेंद्र पटेल

प्रयागराज महाकुंभ में उमड़ रहे आस्था के जन सैलाब के बीच गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में आस्था की डुबकी लगाई। मोटरबोट से पूरी सुरक्षा के बीच मुख्यमंत्री शुक्रवार को त्रिवेणी संगम पहुंचे। यहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण और श्लोकों के बीच आस्था की डुबकी लगाई और भगवान सूर्य को अर्घ्य भी दिया। उनके साथ औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने भी पावन डुबकी लगाई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गंगा पूजन और गंगा आरती भी की। संगम त्रिवेणी में स्नान करने के बाद उन्होंने कहा कि त्रिवेणी संगम में स्नान मेरे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने योगी आदत्यिनाथ सरकार द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कुम्भ क्षेत्र में सुंदर व्यवस्था की गई है और कहीं भी किसी को कोई समस्या नहीं हो रही है।

7 Feb 2025, 05:02:54 PM IST

महाकुंभ पहुंचे बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद, त्रिवेणी संगम में लगाई डुबकी

बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने शुक्रवार को महाकुंभ मेले में त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई और कहा कि सनातन संस्कृति की मूल भावना एकात्मता है, जहां सारे भेद समाप्त हो जाते हैं। खान ने संगम स्नान के बाद पत्रकारों से कहा, “हमें हमेशा यह बात ध्यान रखनी चाहिए कि सनातन संस्कृति की मूल भावना एकात्मता है जहां सारे भेद समाप्त हो जाते हैं। आरिफ मो. खान ने प्रयागराज दौरे के दूसरे दिन कहा, “भारत की सनातन संस्कृति का मूल आदर्श एकात्मता है, जहां सभी भेद समाप्त हो जाते हैं। हमारी संस्कृति हमें सिखाती है कि अगर हम किसी भी मानव को उनके दिव्य रूप में देखें, तो हमें यह अहसास होगा कि 'मानव ही माधव' का स्वरूप है। राज्यपाल खान ने कहा कि महाकुंभ में आकर यह स्पष्ट होता है कि भारत की संस्कृति और परंपरा मानवता को जोड़ने का कार्य करती है तथा यहां मौजूद लोग एक-दूसरे को भले ही न जानते हों, लेकिन फिर भी सब एकजुट होकर इस आयोजन में भाग ले रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की विरासत, आदर्श और मूल्यों को जीवंत रखना आवश्यक है तथा यही वे मूल्य हैं, जो हमारे समाज को एकसूत्र में बांधते हैं व समरसता की भावना को मजबूत करते हैं। खान ने महाकुंभ को भारत की आध्यात्मिक विरासत का गौरव बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा था कि यह आयोजन संपूर्ण विश्व को शांति, एकता और सेवा का संदेश देता है।

7 Feb 2025, 02:05:10 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: स्वामी नरोत्तमानंद को दी गई संन्यास दीक्षा

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुम्भ में श्रीपंचायती नया उदासीन निर्वाण अखाड़े में स्वामी नरोत्तमनंद को संन्यास दीक्षा दी गई। महामंडलेश्वर स्वामी सुरेश मुनि ने कहा कि संन्यास दीक्षा में सांसारिक जीवन से त्याग कर आध्यात्मिक मार्ग पर चलने का संकल्प और दीक्षा अखाड़े के गुरु की ओर से दी जाती है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को तप, साधना और सेवा की ओर अग्रसर किया जाता है। उन्होंने बताया कि हमने अपने शिष्य स्वामी नरोत्तमानन्द को अखाड़े की परंपराओं का निर्वहन करते हुए सत्य, निष्ठा और सतकर्म के मार्ग पर चलने का साधुवाद दिया है।

7 Feb 2025, 01:56:55 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: सुमेर गिरि अंतरराष्ट्रीय सचिव बने

Mahakumbh 2025 LIVE: जूना अखाड़े में असम की कामख्या पीठ से जुड़े सुमेर गिरि सचिव बनाया गया है। श्रीमहंत हरि गिरि के आशीर्वाद व जूना अखाड़ा के सभापति श्रीमहंत प्रेम गिरि महाराज, श्रीदूधेश्वर पीठाधीश्वर व जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि, श्रीमहंत सहदेवानंद गिरि की सर्वसम्मति से श्रीमहंत महेश पुरी ने सुमेर गिरि के नाम की पुकार की, जिसके बाद उन्हें दसनामी अखाड़ा कामख्या तीर्थ का अंतरराष्ट्रीय सचिव बनाया गया। श्रीमहंत नारायण गिरि, श्रीमहंत प्रेम गिरि, दीपेश्वरी गिरि भी मौजूद रहीं।

7 Feb 2025, 01:47:12 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: नेत्र कुम्भ में सर्वाधिक जांच

Mahakumbh 2025 LIVE: सेक्टर छह के बजरंग चौराहा के पास संचालित नेत्र कुम्भ में गुरुवार को सबसे ज्यादा 7101 श्रद्धालुओं के आंख की जांच की गयी। लगभग एक माह की अवधि में एक दिन में होने वाली जांच यह सबसे ज्यादा संख्या है, जो कि एक रिकॉर्ड है।

नेत्र कुम्भ प्रबंधन की ओर से 7000 वें नंबर पर जांच कराने वाले कुंडा के प्रभुनाथ शुक्ल को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। नेत्र कुम्भ के चिकित्सा निदेशक डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि नेत्र कुम्भकी सेवा का लाभ श्रद्धालुओं को लगातार मिल रहा है।

7 Feb 2025, 01:31:36 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: जंक्शन पर लागू रहेगा एकल दिशा मूवमेंट प्लान

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती हुई संख्या को देखते रेलवे ने प्रयागराज जंक्शन पर एकल दिशा प्लान अगले आदेश तक लागू रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान प्रवेश केवल सिटी साइड प्लेटफॉर्म नंबर एक की ओर से ही दिया जाएगा। निकास केवल सिविल लाइंस साइड की ओर से होगा।

7 Feb 2025, 01:13:38 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ पर विवादित टिप्पणी के लिए सपा के पूर्व विधायक पर FIR, भावनाएं आहत करने का आरोप

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ और योगी आदित्यनाथ के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने पर सपा के पूर्व विधायक सुल्तान बेग पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उन पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने भावनाएं आहत की हैं।

यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

7 Feb 2025, 12:42:44 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, लागू किया आपात प्लान

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुम्भ संगम स्नान के लिये शहर में श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ उमड़ी। भीड़ बढ़ता देख रेलवे और रोडवेज ने आपात प्लान लागू किया। ताकि श्रद्धालुओं को सुगमनता से गन्तव्य तक भेजा जा सके। दरअसल श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर सुबह से ही कंट्रोल रूम से अलर्ट जारी कर दिया गया था, एक तरफ रेलवे ने विशेष ट्रेनों तो दूसरी ओर रोडवेज ने बसें बढ़ाई। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से स्टेशन तक पहुंचाने और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न उपाय किए गए।

7 Feb 2025, 12:21:52 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: दमकल की 12 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ मेला क्षेत्र के शंकराचार्य मार्ग सेक्टर 18 में आग लग गई। दमकल की 12 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा ने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। सीएफओ प्रमोद शर्मा ने जानकारी दी की आग की शुरुआत इस्कॉन से हुई और फिर अन्य टेंटों में भी आग लग गई। कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है और न ही कोई झुलसा है। 20-22 टेंट जल गए हैं।

7 Feb 2025, 12:09:18 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: शंकराचार्य मार्ग सेक्टर 18 में लगी आग काबू

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ मेला पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि कुम्भ मेला क्षेत्र के सेक्टर 18 मे घटित अग्नि दुर्घटना को दमकल विभाग की टीम द्वारा त्वरित रूप से नियंत्रित कर लिया गया है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, न ही कोई घायल हुआ है।

7 Feb 2025, 11:43:29 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: रवींद्र पुरी फिर बने श्रीमहंत, चुने गए 10 कारोबारी

Mahakumbh 2025 LIVE: प्रयागराज महाकुम्भ से विदा होने से पहले अखाड़ों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष रवींद्र पुरी को एक बार फिर श्रीमहंत चुना गया है। साथ ही राकेश गिरि, श्रीमहंत राज गिरि, श्रीमहंत रामसेवक गिरि, श्रीमहंत हरगोविंद पुरी, श्रीमहंत प्रकाश पुरी, श्रीमहंत धनंजय भारती श्रीमहंत, नीलकंठ गिरि को भी सर्वसम्मति से श्रीमहंत चुना गया है। इसके अलावा 10 कारोबारी का भी चुनाव किया गया।

7 Feb 2025, 11:22:32 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में इस्कॉन के किचन में लगी आग, 3 सिलेंडर फटे, कई कॉटेज जलकर राख

Mahakumbh 2025 LIVE: प्रयागराज महाकुंभ में तीसरी बड़ी घटना सामने आई है। महाकुंभ में इस्कॉन के किचन में शुक्रवार सुबह आग लग गई। कोई हताहत नहीं है। घटना में कई कॉटेज जले हैं, अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा।

यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

7 Feb 2025, 11:19:36 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में कल तक 39.74 करोड़ से ज्यादा ने किया स्नान

Mahakumbh 2025 LIVE: यूपी सरकार के आंकड़ों के अनुसार महाकुंभ में कल तक 39.74 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने स्नान किया है। शुक्रवार 7 फरवरी 10 बजे तक 42.07 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया। इनमें से 10 लाख से ज्यादा कल्पवासी और 32.07 लाख अन्य भक्त शामिल हैं।

7 Feb 2025, 11:09:27 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ पहुंचे गुजरात सीएम भूपेंद्र पटेल

Mahakumbh 2025 LIVE: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल प्रयागराज में महाकुंभ पहुंच गए हैं। शुक्रवार सुबह भूपेंद्र पटेल ने लेटे हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।

7 Feb 2025, 10:46:20 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: संकर दास, दीपक दास बने महामंडलेश्वर

Mahakumbh 2025 LIVE: दिगंबर अखाड़े में गुरुवार को पट्टाभिषेक समारोह हुआ। अखाड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष वैष्णव दास और महामंत्री श्रीमहंत माधव दास मौनी बाबा की अगुवाई में हुए समारोह में संकर दास और दीपक दास को महामंडलेश्वर बनाया गया। इसके अलावा जगद्गुरु स्वामी दयानंद देवाचार्य को द्वाराचार्य की उपाधि दी गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि महामंडलेश्वर संकर दास और दीपक दास का पट्टाभिषेक किया गया है।

7 Feb 2025, 10:32:27 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: व्यापारियों में भी बढ़ने लगी नाराजगी

Mahakumbh 2025 LIVE: मौनी अमावस्या व वसंत पंचमी बीतने के बाद भी महाकुम्भ मेला में श्रद्धालुओं की भीड़ में कमी नहीं आई है। इस वजह से शहर में कॉमर्शियल बड़े वाहनों की इंट्री बंद है। बड़े वाहनों के नहीं आने से शहर के व्यापारियों का कारोबार प्रभावित होने लगा है। प्रयागराज व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुशांत केसरवानी ने आरोप लगाया कि शहर के अंदर जरूरी सामानों की भी आपूर्ति नहीं हो पा रही है।

जिले की सीमा पर खड़े वाहनों में व्यापारियों के लाखों रुपये का सामान खराब हो रहा है। उन्होंने महापौर गणेश केसरवानी से वार्ता कर समस्या का समाधान करवाने की मांग की। उधर, नैनी इंडस्ट्रियल एरिया में भी कच्चे माल की आपूर्ति नहीं होने से कारखानों में उत्पादन पर भी असर पड़ रहा है।

7 Feb 2025, 10:16:30 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: ऑनलाइन कक्षाएं 12 फरवरी तक

Mahakumbh 2025 LIVE: जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षाधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने 12 फरवरी तक आठवीं तक के सभी स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई का निर्देश दिया है। इस निर्देश का पालन सभी परिषदीय/राजकीय / सहायता प्राप्त व अन्य बोर्ड के स्कूलों को करना है। शिक्षक/शिक्षिकाएं विद्यालय में उपस्थित रहकर डीबीटी, अपार आईडी जनरेशन, आधार सीडिंग एवं अन्य विभागीय कार्य पूरे करेंगे।

7 Feb 2025, 10:02:17 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: सैंकड़ों किलोमीटर साइकिल चलाकर भक्त पहुंचे महाकुंभ प्रयागराज, कर रहे ये अपील

Mahakumbh 2025 LIVE: प्रयागराज में लगे महाकुम्भ की आभा ने खास मकसद से साइकिल से देशाटन पर निकलने वाले युवाओं को भी आकर्षित किया है। पर्यावरण की अलख जगा रहा एक युवा संन्यासी हिमाचल प्रदेश से 1200 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर महाकुम्भ पहुंचा।

यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

7 Feb 2025, 09:49:49 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुम्भ में आकर गौरव की अनुभूति : अभिनेत्री ईशा गुप्ता

Mahakumbh 2025 LIVE: अभिनेत्री और मॉडल ईशा गुप्ता ने कहा कि महाकुम्भ में आकर सनातनी के रूप में गौरव की अनुभूति हो रही है। संगम स्नान के बाद अरैल स्थित एक शिविर में ईशा ने कहा, महाकुम्भ में अभिनेत्री के रूप में नहीं, सनातनी के तौर पर आई हूं। ईशा ने कहा कि 144 साल बाद आयोजन का अवसर आया। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को दिव्य और भव्य बना दिया। महाकुम्भ की भव्यता देखने के बाद भारतीय होने पर गर्व महसूस हो रहा है।

7 Feb 2025, 09:30:40 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: पाकिस्तान से महाकुंभ पहुंचा 68 श्रद्धालुओं का जत्था, संगम में लगाई डुबकी; क्या बोले?

Mahakumbh 2025 LIVE: पाकिस्तान से 68 श्रद्धालुओं का जत्था प्रयागराज महाकुंभ पहुंचा। श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई। दर्शन- पूजन किया। इसके बाद इसके बाद भ्रमण कर अलौकिक मेले का आनंद लिया। महाकुंभ को लेकर उन्होंने अपना अनुभव भी साझा किया।

यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

7 Feb 2025, 09:16:45 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: राष्ट्रपति 10 को पांच घंटे संगमनगरी में रहेंगी

Mahakumbh 2025 LIVE: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 10 फरवरी को संगमनगरी में पांच घंटे रहेंगी। राष्ट्रपति सुबह 11 बजे प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट आएंगी। हेलीकॉप्टर से डीपीएस हेलीपैड आएंगी। हेलीपैड से निषादराज क्रूज से संगम वीआईपी जेटी आएंगी और गंगा स्नान व पूजन करेंगी। इसके बाद अक्षयवट आएंगी और दर्शन करेंगी।

7 Feb 2025, 09:14:43 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: आज खुलेगी धर्म ध्वजा, प्रस्थान करेंगे अखाड़े

Mahakumbh 2025 LIVE: कुम्भ और महाकुम्भ की खास पहचान सनातन धर्म की ध्वजा उठाने वाले 13 अखाड़े होते हैं। शुक्रवार सुबह 10 बजे अखाड़ों में रस्सी काटकर धर्म ध्वजा को उतारा जाएगा। इसके बाद अपने अपने मुहूर्त के अनुसार अखाड़े प्रयागराज से प्रस्थान करेंगे।

पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Azamgarh News ,Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , एजुकेशन न्यूज़ , धर्म ज्योतिष , राशिफल , और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।