कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली अब छह मई को
पुराना विधानसभा मैदान में 11 बजे से तीन बजे तक होगी रैली, रैली के बाद विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी, इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत अन्य नेता

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड में कांग्रेस की राज्य स्तरीय संविधान बचाओ रैली अब छह मई को होगी। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संगठन प्रभारी सह महासचिव केसी वेणुगोपाल, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल, झारखंड प्रभारी के. राजू शामिल होंगे। पहले यह रैली तीन मई को आयोजित होनी थी। इसकी जानकारी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने दी।
कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि पुराना विधानसभा मैदान में रैली का आयोजन होगा। 11 बजे से तीन बजे तक रैली होगी। रैली के बाद कांग्रेस की विस्तारित प्रदेश कार्य समिति की बैठक होगी। इसमें भी राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संगठन प्रभारी व झारखंड प्रभारी शिरकत करेंगे। इसमें कार्यकारी अध्यक्ष, महासचिव, जिलाध्यक्ष समेत अन्य नेता शामिल होंगे। केशव महतो कमलेश ने कहा कि यह झारखंड कांग्रेस के लिए हर्ष का विषय है कि झारखंड निर्माण के बाद पहली बार प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी होगी। यह गौरवपूर्ण क्षण होगा, झारखंड के कांग्रेस नेताओं के लिए सम्मानजनक होगा। झारखंड में संविधान बचाओ रैली ऐतिहासिक होगी। नेताओं-कार्यकर्ताओं सहित आम जनता में उत्साह है। अपने अधिकारों के प्रति जनता जागरुक है। संविधान रक्षा की इस लड़ाई में पूरी तरह से हमारे साथ खड़ी है। कांग्रेस आम लोगों के अधिकारों का दमन नहीं होने देगी। संविधान रक्षा की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जाएगी। संवाददाता सम्मेलन में कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी, मुख्य प्रवक्ता लालकिशोर नाथ शाहदेव, प्रवक्ता सोनाल शांति भी उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।