Major Issues of Drainage and Sanitation in Nawa Pura Ahirauti Mau जलनिकासी व्यवस्था बदहाल होने से बढ़ी परेशानी, Mau Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsMau NewsMajor Issues of Drainage and Sanitation in Nawa Pura Ahirauti Mau

जलनिकासी व्यवस्था बदहाल होने से बढ़ी परेशानी

Mau News - मऊ के नगर पंचायत दोहरीघाट के वार्ड दो नवापुरा अहिरौटी में जलनिकासी और सफाई की समस्याएं गंभीर हैं। लोग जलभराव और गंदगी से परेशान हैं। टूटी सड़कों और क्षतिग्रस्त नालियों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी...

Newswrap हिन्दुस्तान, मऊThu, 15 May 2025 02:47 AM
share Share
Follow Us on
जलनिकासी व्यवस्था बदहाल होने से बढ़ी परेशानी

मऊ। नगर पंचायत दोहरीघाट के वार्ड दो नवापुरा अहिरौटी में जलनिकासी और सफाई बड़ी समस्या है। वार्ड के लोगों को मूलभूत सुविधाओं की कमी है। इससे लोगों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इंटरलॉकिंग सड़क कहीं टूटी है तो कहीं पर कच्ची बनी है। साथ ही नाली की समस्या से भी लोग परेशान हैं। बुधवार को जब बोले मऊ 'हिन्दुस्तान' टीम वार्ड में पहुंची तो वार्ड के लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं को अवगत कराया। दोहरीघाट नगर पंचायत के वार्ड दो नवापुरा अहिरौटी की आबादी लगभग छह सौ है। वार्ड के विनोद सोनकर ने बताया कि इस बार्ड की सबसे बड़ी समस्या जलनिकासी और सफाई है।

जलनिकासी की व्यवस्था न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों के घरों का पानी आसपास के खाली प्लाटों में जमा हो रहा है इससे अधिक दिन तक पानी जमा होने के कारण दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। वहीं, खाली प्लाटों में पानी एकत्रित होकर सड़न और दुर्गंध हो रही है, जिससे जीना दुश्वार हो गया है। इस वार्ड के निवासी अरविंद ने बताया वार्ड में सफाई कर्मचारी तो आते हैं लेकिन इधर-उधर थोड़ा काम करके वापस चले जाते हैं। नालियों की सफाई और कूड़ा निस्तारण न होने से परेशानी है। नीतू का कहना है कि इस वार्ड की टूटी-फूटी नालियां और खुले हुए नालियों के कारण दुर्घटना की संभावना रहती है। इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जाम नालियों में टूटे ढक्कन और जर्जर नालिया गंभीर समस्या है। पाइपलाइन से पेयजल आपूर्ति की जा रही है, लेकिन गर्मी के समय में पानी की गंभीर समस्या होती है। वार्ड के निवासी रवि ने बताया इस वार्ड में बनी सड़कें बदहाल हो गई हैं, जिसकी मरम्मत नहीं की जा रही है। इससे लोगों को भारी दिक्कतें हो रही हैं। वार्ड के निवासी जयप्रकाश ने बताया इस वार्ड में जलनिकासी के बनी नालियां जाम हैं, जिससे गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। वहीं, वार्ड में मुख्य नाले का निर्माण न होने से जलनिकासी की समस्या से लोग परेशान हैं। खुली नालियां हादसे को दे रहीं दावत मऊ। नगर पंचायत दोहरीघाट के वार्ड दो नवापुरा अहिरौटी में कहीं नालियां बनी हैं तो उस पर ढक्कन ही नहीं है। कई मोहल्ले में तो नालियां बनी ही नहीं हैं। पुरानी नालियां भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। लोगों को जहां जलनिकासी की समस्या आती है। वहीं, हादसे का खतरा भी बना रहता है। मोहल्ले में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था भी भरपूर नहीं है, जिससे रात के समय आवागमन में खुली नालियों में गिरने का खतरा बना रहता है। वहीं, खुली नालियों से उठ रही बदबू से लोगों का जीना भी दुश्वार हो जाता है। कुछ मोहल्लों में तो पुरानी बनी नालियां भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे जलनिकासी को लेकर भी समस्या खड़ी हो गई है। कूड़े का नहीं होता उठान, होती है दिक्कत नगर पंचायत दोहरीघाट के वार्ड दो में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। वार्ड में जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है। वहीं जगह-जगह कूड़े का ढेर भी लगा हुआ है, जिससे उठ रही दुर्गन्ध से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। वार्ड में प्रतिदिन सफाईकर्मी आते हैं, लेकिन सड़कों पर झाड़ू लगाकर निकल जाते हैं, जिससे जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा रहता है। वहीं, पशु कूड़े के ढेर को बिखेर देते हैं, जिससे फिर से गंदगी पसर जाती है। नगर पंचायत प्रशासन को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। सफाई की व्यवस्था कराई जाए तो लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। बरसात में वार्ड की खराब हो जाती है हालत बरसात के मौसम में तो स्थिति और भी खराब हो जाती है। जब जगह-जगह बारिश का पानी जमा हो जाता है और लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। सड़कों पर पानी रुकने के कारण गुजरने वालों को बहुत परेशानी होती है, बावजूद इस छोटी सी समस्या का निदान नहीं हो रहा है। वार्ड की नालियां बरसात के महीने में जब ओवरफ्लो हो जाता है तो गंदा पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। खराब पड़े हैंडपंप, लोग कैसे बुझाएं अपनी प्यास नवापुरा अहिरौटी वार्ड में पेयजल व्यवस्था भी पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। वार्ड में वैसे तो पानी की सप्लाई के लिए पाइपलाइन की व्यवस्था समेत वाटरकूलर और इंडिया मार्का हैंडपंप लगे हुए हैं, लेकिन इनमें कई इंडिया मार्का हैंडपंप खराब तो कुछ गंदा पानी देते हैं। वहीं, कुछ में छोटी-मोटी खामियां हैं। इसके अलावा कई हैंडपंप के पानी से दुर्गंध आती है। वहीं, कुछ हैंडपंप जलभराव के पास हैं। जलजनित बीमारियों के दौर में गांव के लोग देसी हैंडपंपों से गले को तर करना पड़ रहा है। वहीं, वाटरकूलर का फ्रीजर खराब होने से गर्म पानी दे रहा, जबकि दो टोटियों में एक टूटी हुई हैं। वार्ड में समस्याओं और दुश्वारियों की दास्तां काफी लंबी है। हर कदम पर समस्याओं का अंबार है। हमारी भी सुनें टूटी-फूटी नालियों के कारण जल निकासी प्रभावित हो रहा है और आवासीय क्षेत्र में नाली का पानी जमा हो रहा है, जिससे दुर्गंध आ रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। - विवेक यादव। वार्ड में नालियां जर्जर हो चुकी हैं। नालियों का ढक्कन न होने से लोगों को आवागमन में भी काफी दिक्कत होती है। खुली नालियों में ढक्कन न लगने से दुर्घटना एवं गंदगी की समस्या है। वार्ड की नालियों पर जल्द ही ढक्कन लगाया जाए। - धर्मेंद्र सोनकर। सड़क क्षत्रिग्रस्त होने से राहगीरों को आवागमन में दिक्कत होती है। वार्ड में कई स्थानों पर सड़कों की स्थिति काफी खराब हो गई है। वार्ड में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराई जाए, जिससे लोगों को आवागमन में सहूलियत मिल सके। - सतीश यादव। वार्ड की सबसे बड़ी समस्या जलनिकासी और सफाई है। जलनिकासी की व्यवस्था न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों के घरों का पानी आसपास के खाली प्लाटों और सड़कों पर बह जमा हो रहा है। - विपुल यादव। वार्ड में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। जगह-जगह कूड़े का ढ़ेर लगा हुआ है। कूड़े के लिए रखी गई डस्टबिन भी टूट गई है। इससे सड़क पर ही लोग कूड़ा डाल देते हैं। साथ ही क्षतिग्रस्त नालियों और सड़कों की मरम्मत कराई जाए, जिससे लोगों को सहूलियत मिल सके। अन्य भी रुके कार्यों को अविलंब कराया जाए। - अंगद सोनकर। वार्ड में जलनिकासी बड़ी समस्या है। जलनिकासी न होने से लोगों के घरों का पानी खाली प्लाटों में बह रहा है। अधिक दिन तक पानी जमा होने से दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा हैं। - मनीष सोनकर। निर्माण के लिए प्रस्ताव दिया गया वार्ड की समस्याओं की जानकारी है। जलनिकासी, सफाई आदि के कार्य को लेकर लगातार नगर पंचायत प्रशासन को अवगत कराया जा रहा है। सड़क, नाली आदि के निर्माण के लिए प्रस्ताव दिया गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होने पर बजट आने के बाद विकास के कार्य कराए जाएंगे। - श्रवण कुमार, सभासद, नवापुरा अहिरौटी वार्ड दो।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।