कैंटर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दोस्त घायल
यमुना एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से बाइक सवार युवक केशव उर्फ कृष्णा की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक दिल्ली से अपने गांव लौट रहे थे। पुलिस ने...

रबूपुरा, संवाददाता। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार को कैंटर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक पर बैठा उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। रबूपुरा पुलिस ने बताया कि मथुरा जिले के नौशेरपुर गांव निवासी केशव उर्फ कृष्णा बुधवार की सुबह दोस्त दिनेश के साथ दिल्ली से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। यमुना एक्सप्रेसवे पर जीरो प्वाइंट से करीब 28 किलोमीटर की दूरी पर रबूपुरा क्षेत्र में उनकी बाइक को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से दोनों युवक बाइक समेत उछलकर एक्सप्रेसवे पर दूर जा गिरे। यह देखकर कैंटर का चालक गाड़ी लेकर भाग गया। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे यमुना एक्सप्रेसवे के कर्मचारियों और पुलिस ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने 20 वर्षीय केशव उर्फ कृष्णा को मृत घोषित कर दिया। घायल दिनेश की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।