MCD स्थायी समिति चुनाव: भाजपा के तीन सदस्यों की नाराजगी की चर्चा तेज
दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव 12 जून को तय किए गए हैं। इस बीच भाजपा के कुल 11 स्थायी समिति के सदस्यों में से तीन सदस्यों के नाराज होने की अटकलें तेज है।

दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव 12 जून को तय किए गए हैं। इससे पहले शुक्रवार को भाजपा और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों ने स्थायी समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए सत्या शर्मा और उपाध्यक्ष पद के लिए सुंदर सिंह को उम्मीदवार बनाया है। इसे लेकर भाजपा के कुल 11 स्थायी समिति के सदस्यों में से तीन सदस्यों के नाराज होने की अटकलें तेज है। इन चर्चाओं को लेकर आशंका जताई जा रही है कि स्थायी समिति के चुनाव में नाराजगी का सामना यदि भाजपा को करना पड़ा। तब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के जीत के दावे के समीकरण बिगड़ सकते हैं।
भाजपा ने अटकलों को किया खारिज
इस संबंध में विपक्षी पार्षदों ने कहा कि भाजपा के स्थायी समिति के तीन सदस्यों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि स्थायी समिति के चुनाव में उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। तीन सदस्यों को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के उम्मीदवार बनाए जाने की उम्मीद थी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि, भाजपा के निगम में वरिष्ठ नेताओं ने नाराजगी की बात को खारिज किया है।
भाजपा के सभी सदस्य व पार्षद एकजुट : नेता सदन
इस संबंध में निगम में भाजपा के रोहिणी-ई वार्ड से पार्षद और नेता सदन प्रवेश वाही ने प्रतिक्रिया दी। नेता सदन ने कहा कि हमारी पार्टी, कादर आधारित पार्टी है। भाजपा के सभी 11 स्थायी समिति के सदस्य और सभी पार्षद एकजुट हैं और पार्टी के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। 12 जून को स्थायी समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा के उम्मीदवारों की जीत निश्चित है। दोनों पदों पर उम्मीदवारों का चयन पार्टी ने किया है। पार्टी के फैसले पर सभी पार्षद और स्थायी समिति के सदस्य प्रतिबद्धित हैं। हमारे पार्टी के नेताओं में स्थायी समिति को लेकर किसी भी तरह की अंदरूनी लड़ाई नहीं है। विपक्षी दल के नेता व पार्षद इस मामले को लेकर भ्रमित कर रहे हैं।
स्थायी समिति के ये हैं सदस्य
भाजपा के स्थायी समिति के सदन से तीन सदस्य हैं। इसमें भाजपा के सदन से पंकज लूथरा, सत्या शर्मा और सुंदर सिंह स्थायी समिति के सदस्य हैं। जबकि भाजपा के वार्ड समिति से स्थायी समिति के आठ सदस्य हैं। इसमें भाजपा के वार्ड समिति स्थायी समिति के सदस्य नीमा भगत, सत्यपाल सिंह, राजा इकबाल सिंह, शिखा भारद्वाज, राजपाल सिंह, इंद्रजीत सहरावत, अंजू देवी और जगमोहन महलावत हैं। आम आदमी पार्टी के स्थायी समिति के कुल सात सदस्य हैं। इसमें सदन से स्थायी समिति के तीन सदस्य हैं। इसमें मोहिनी जीनवाल, रमिंद्र कौर और आमिल मलिक हैं। आप के वार्ड समिति के स्थायी समिति के चार सदस्य हैं। इसमें अंकुश नारंग, दौलत पंवार, प्रवीण कुमार और राफिया माहिर हैं।