Hindi NewsएनसीआरDelhi Chunav 2025: दिल्ली की जनता का मजाक क्यों उड़ा रहे अमित शाह- AAP

Delhi Chunav 2025: दिल्ली की जनता का मजाक क्यों उड़ा रहे अमित शाह- AAP

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live Updates केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को भाजपा का तीसरा संकल्प पत्र जारी करेंगे। इसके अलावा, वह आज दिल्ली में दो जनसभाएं भी करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, तीसरे संकल्प पत्र में भी भाजपा कई बड़ी योजनाओं का वादा कर सकती है।

Delhi Chunav 2025: दिल्ली की जनता का मजाक क्यों उड़ा रहे अमित शाह- AAP

amit shah, arvind kejriwal, rahul gandhi

Praveen Sharma| लाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्ली | Sat, 25 Jan 2025 09:54 PM
हमें फॉलो करें

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live Updates दिल्ली में सत्ता पाने के लिए सभी राजनीतिक दल पूरा दम-खम लगा रहे हैं। वहीं, मतदाता भी लोकतंत्र के महापर्व में अपना कर्तव्य निभाने के लिए 5 फरवरी को होने वाले मतदान का इंतजार कर रहे हैं। सभी दल अपने वादों और भविष्य की रणनीतियों से मतदाताओं को लुभाने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को भाजपा का तीसरा संकल्प पत्र जारी करेंगे। इसके अलावा, वह आज दिल्ली में दो जनसभाएं भी करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, तीसरे संकल्प पत्र में भी भाजपा कई बड़ी योजनाओं का वादा कर सकती है। यह भी माना जा रहा है कि पार्टी चौथा संकल्प पत्र भी कुछ दिनों में ला सकती है। वहीं, कांग्रेस ने दिल्ली की सत्ता में आने पर पूर्वांचल के लोगों के उत्थान के लिए अलग मंत्रालय बनाने और बजट का प्रावधान करने का वादा किया है। कांग्रेस ने कहा कि अगर दिल्ली में उनकी पूर्ण बहुमत की सरकार बनी तो वह पूर्वांचल के लोगों के हितों की रक्षा करने के लिए अलग से मंत्रालय बनाएगी और उनके लिए सब योजनाए लाएगी। इसके लिए अलग से बजट आवंटित होगा। पूर्वांचलवासियों के स्वास्थ्य, शिक्षा, आर्थिक उत्थान और जीवन शैली को औसत से बेहतर बनाने के काम करेंगे।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए घर से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुक्रवार को पश्चिमी दिल्ली की तीन विधानसभा सीट तिलक नगर, नांगलोई जाट और जनकपुरी से इसकी शुरुआत की गई। पहले दिन 24 से अधिक लोगों ने सुविधा का फायदा उठाया। दिल्ली में कुल छह हजार से अधिक बुजुर्ग और 1050 दिव्यांगों ने घर से मतदान के लिए पंजीकरण करवाया है। घर से मतदान की यह प्रक्रिया 4 फरवरी तक चलेगी। चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली में 85 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं और 40 फीसदी दिव्यांगों के लिए घर से मतदान की सुविधा दी गई है। शुक्रवार से इसकी शुरुआत की गई। हर जिले में तीन-तीन दिन तक घर से मतदान की सुविधा दी जाएगी। घर जाकर मतदान करवाया जाएगा। इस दौरान चुनाव अधिकारी, पुलिस और चाहे तो राजनीतिक दल के प्रतिनिधि भी मौजूद रह सकते हैं। यह प्रक्रिया मतदान वाले दिन 5 फरवरी से एक दिन पहले तक चलेगी। पढ़िए पल-पल के अपडेट

25 Jan 2025, 09:53:39 PM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live जो योजनाएं चल रही हैं उसे चालू रखेंगे- अनुराग ठाकुर

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, जनता ने मन बना लिया है कि भाजपा को लाएंगे और दिल्ली को विकसित दिल्ली बनाएंगे। हमने जो वादे किए हैं वे पूरे करेंगे... हमने कहा है कि जो योजनाएं चल रही हैं उसे चालू रखेंगे। किसी लाभार्थी को कोई नुकसान नहीं होगा पहले से ज्यादा लाभ मिलेगा।

25 Jan 2025, 08:03:17 PM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live- दिल्ली भाजपा को मौका देने जा रही है- मनोज तिवारी

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा भाजपा के 'संकल्प पत्र' जारी करने पर कहा, "आज हमारा तीसरा संकल्प पत्र जारी होने के बाद मुझे लगता है कि मुश्किल से ही कोई चीज़ बची होगी जो हमारे घोषणा पत्र में नहीं है... हम समझते हैं कि दिल्ली भाजपा को मौका देने जा रही है..."

25 Jan 2025, 05:54:58 PM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live- वह झूठ फैला रहे हैं कि दिल्ली की योजनाएं भाजपा बंद करेगी- अमित शाह

अमित शाह ने केजरीवाल पर निशाना साधा कि वह झूठ फैला रहे हैं कि दिल्ली की योजनाएं भाजपा बंद करेगी। मोहल्ला क्लिनिक के नाम पर टेस्ट पर खपला किया। केजरीवाल ने सुशासन शब्द को ही समाप्त कर दिया है। इन्होंने कहा था कि रिहायशी इलाकों से शराब की दुकानों को बंद करेंगे लेकिन इन्होंने मंदिर, गुरुद्वारे के पास शराब की दुकानों को खोलकर करोड़ों का घोटाला किया

25 Jan 2025, 05:53:59 PM IST

दस सालों में आपदा ने कोई काम नहीं किया- अमित शाह

रजौरी गार्डन में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, सिरसा जी कह रहे थे कि शुद्ध पानी, कूड़ा, पार्कों को खराब हालत के कारण आपदा को हटाना है। लेकिन दिल्ली को विश्व भर की राजधानी को शीर्ष पर पहुंचाने के लिए मोदी जी को जितना है। दस वर्ष में आपदा ने कोई काम नहीं किया।

25 Jan 2025, 05:23:42 PM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live दिल्ली की जनता का मजाक क्यों उड़ा रहे अमित शाह- AAP

बीजेपी के घोषणापत्र के तीसरे हिस्से पर हमला बोलते हुए आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, दिल्ली की आबादी 2.5 करोड़ है और अमित शाह सिर्फ 50,000 नौकरियां देने की बात करते हैं और वह भी सरकार बनाने के बदले में। इसका मतलब है कि आपके पास कोई योजना नहीं है। अमित शाह दिल्ली की जनता का मजाक क्यों उड़ा रहे हैं? आप जानते हैं कि आप सरकार नहीं बना पाएंगे और यही कारण है कि आप जो चाहे वादे कर रहे हैं। आप दिल्ली में ई-बसें लाने का वादा कर रहे हैं, इसका मतलब है कि किसी ने आपको अच्छी तरह से जानकारी नहीं दी। दिल्ली न सिर्फ देश बल्कि दुनिया भर में ई-बसों की राजधानी बन गई है। इसके पास दुनिया में ई-बसों का सबसे बड़ा बेड़ा है। उनके (भाजपा) पास कोई मुद्दा नहीं है जिस पर वे चुनाव लड़ सकें, कम से कम आज अमित शाह उनके सीएम और डिप्टी सीएम के चेहरे की घोषणा कर सकते थे।

25 Jan 2025, 04:47:40 PM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live बीजेपी के घोषणापत्र में कच्ची कॉलोनियों में मालिकाना हक का वादा

गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी के घोषणा पत्र का तीसरा हिस्सा जारी कर वादा किया है कि सभी कच्ची कॉलोनियों में मालिकाना हक दिया जाएगा, युवाओं को 50 हजार सरकारी नौकरियां दी जाएगी और 3 साल के अंदर यमुना को साफ किया जाएगा।

25 Jan 2025, 03:45:41 PM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live गरीब कल्याण की कोई योजना नहीं होगी बंद- अमित शाह

अमित शाह ने कहा, केजरीवाल झूठ की राजनीति कर रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि हम कोई योजना बंद करेंगे। उन्होंने कहा, हम कोई जनकल्याण योजना बंद नहीं करेंगे। यह पत्थर की लकीर है।

25 Jan 2025, 03:36:10 PM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : अमित शाह ने जारी किया घोषणापत्र का तीसरा हिस्सा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी के घोषणापत्र का तीसरा हिस्सा जारी कर दिया है। इस दौरान उन्होंने केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा और जनता से वादा कर उन्हें पूरा ना करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में अरविंद केजरीवाल जैसा झूठ बोलने वाला शख्स नहीं देखा

25 Jan 2025, 03:14:57 PM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : बीजेपी ऑफिस पहुंचे अमित शाह, थोड़ी देर में लॉन्च करेंगे घोषणापत्र

केंद्रीय गृह मंत्री बीजेपी के संकल्प पत्र का तीसरा हिस्सा लॉन्च करने के लिए बीजेपी ऑफिस पहुंच गए हैं।

25 Jan 2025, 03:07:08 PM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : राहुल गांधी खुलकर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ क्यों नहीं बोलते- अनुराग ठाकुर

दिल्ली: भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, "क्यों AAP के पोस्टर पर आतिशी का चेहरा नहीं है? अरविंद केजरीवाल महिला विरोधी हैं। इन्होंने शराब घोटाला किया और इनके 15 विधायक भी जेल गए हैं। दिल्ली की जनता किसी ऐसे नेता को नहीं चुनेगी जो जेल के पीछे से सरकार चलाने की सोचे। क्यों राहुल गांधी खुलकर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नहीं बोलते हैं?.. 'AAP-दा' से बचाना है, कमल का फूल खिलाना है और इस बार भाजपा की सरकार को बनाना है..."

25 Jan 2025, 02:17:46 PM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : 'आप-दा' पार्टी ने दिल्ली के लोगों को बहुत परेशानी में डाल दिया : जेपी नड्डा

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज कहा कि 'आप-दा' पार्टी ने दिल्ली के लोगों को बहुत परेशानी में डाल दिया है...दिल्ली बहुत बदल गई है। हर जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। दिल्ली की सड़कें टूटी हुई हैं। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चुनाव जीतने वाले व्यक्ति ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अरविंद केजरीवाल कई घोटालों में शामिल हैं। ‘आप’ एक 'कट्टर बेईमान' पार्टी है।

25 Jan 2025, 02:15:32 PM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : अनुराग ठाकुर बोले- अरविंद केजरीवाल महिला विरोधी

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि क्या दिल्ली की सीएम आतिशी बेईमान हैं? आप के पोस्टरों पर उनका चेहरा क्यों नहीं है? अरविंद केजरीवाल महिला विरोधी हैं...जो खुद को दिल्ली का 'शहंशाह' कहता है, वह 'कट्टर बेईमान' है...दिल्ली की जनता ऐसा मुख्यमंत्री नहीं चुनेगी, जो सलाखों के पीछे से सरकार चलाने की सोच रखता हो। ईमानदार भाजपा पार्टी दिल्ली सरकार चलाएगी।

25 Jan 2025, 01:41:52 PM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : ‘अरविंद केजरीवाल को छोड़कर ‘आप’ का हर दूसरा सदस्य उनका नौकर’

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : ‘आप’ के चुनाव प्रचार पोस्टर पर नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को बिना किसी सबूत के बयान देने और घटिया हथकंडे अपनाने की आदत है। मैंने आज सुबह पोस्टर देखा...मुझे उम्मीद है कि कांग्रेस पार्टी इस पर संज्ञान लेगी और हम इसके लिए चुनाव आयोग से भी संपर्क करेंगे। मैं केजरीवाल के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मुकदमा दायर करने पर भी विचार कर रहा हूं। मैंने अपने वकील से बात की है। वो अगला चुनाव नहीं लड़ पाएंगे क्योंकि जो कोई भी 3 साल से अधिक समय के लिए जेल जाता है, वह चुनाव लड़ने के योग्य नहीं होता। उनके पास कोई राजनीतिक घटनाक्रम नहीं है। उनका पूरा खेल खुद को बचाने के लिए है। अरविंद केजरीवाल को छोड़कर ‘आप’ का हर दूसरा सदस्य उनका नौकर है।

25 Jan 2025, 01:03:18 PM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : दिल्ली के कई इलाकों में पीने के पानी में मिल रही सीवर की गंदगी, केजरीवाल ने माना

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : अरविंद केजरीवाल ने इस दौरान यह भी स्वीकार किया कि दिल्ली के कई इलाके सीवरेज के पानी से पीने के पानी के दूषित होने की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने फैसला किया है कि ‘आप’ की सरकार बनने के बाद दिल्लीभर में सीवर से जुड़ी सभी समस्याओं का युद्ध स्तर पर समाधान किया जाएगा।

25 Jan 2025, 12:26:11 PM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : अगर आप सत्ता में आई तो दिल्ली में सीवर की समस्या का समाधान करेंगे : केजरीवाल

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : ‘आप’ सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को वादा किया कि अगर उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में फिर से सत्ता में आई तो वह दिल्ली में सीवर से जुड़ी सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करेंगे।एक वीडियो संदेश में केजरीवाल ने दिल्ली की कच्ची कॉलोनियों में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों पर प्रकाश डाला और कहा कि इन क्षेत्रों में बुनियादी ढांचा प्रदान करने में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि जब हमने दिल्ली में सरकार बनाई थी, तब कच्ची कॉलोनियों में कोई विकास कार्य नहीं हुआ था। किसी भी सरकार ने इन कॉलोनियों के लिए काम नहीं किया। हमने विकास कार्य शुरू किया और आज लगभग सभी कॉलोनियों में सीवर पाइपलाइन और अन्य सुविधाएं हैं।

25 Jan 2025, 11:58:16 AM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : अरविंद केजरीवाल झूठ बोलकर दिल्ली के मुख्यमंत्री बने : जयराम रमेश

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने आज दिल्ली में आम आदमी पार्टी के 10 साल के शाषनकाल पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि बीजेपी और आप एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उनमें कोई अंतर नहीं है। हम ‘आप’ और बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। ‘आप’ बीजेपी की बी टीम है। ‘आप’ और बीजेपी के बीच मिलीभगत है। अन्ना हजारे का आंदोलन किसने शुरू किया? उन्हें प्रेरणा कहां से मिली? इसके पीछे आरएसएस का हाथ था। लोकसभा चुनाव के लिए इंडिया अलायंस बनाया गया था। जयराम रमेश ने कहा कि शीला दीक्षित सरकार ने दिल्ली के विकास के लिए काम किया। पिछले दस सालों में हमने सिर्फ जुमले और घोषणाएं ही देखीं। अरविंद केजरीवाल झूठ बोलकर दिल्ली के मुख्यमंत्री बने..."

25 Jan 2025, 11:54:27 AM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : अगर केजरीवाल में हिम्मत है तो इंडिया गठबंधन छोड़ने की घोषणा करें : अलका लांबा

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : दिल्ली की कालकाजी विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल में हिम्मत है तो उन्हें घोषणा करनी चाहिए कि वह इंडिया गठबंधन छोड़ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी 100 सांसदों के साथ मजबूती से खड़ी है और अरविंद केजरीवाल ही हैं, जिन्होंने सभी 7 सीटें भाजपा को दे दीं। अरविंद केजरीवाल लोकसभा चुनाव के दौरान हमारे सामने गठबंधन के लिए भीख मांग रहे थे। कांग्रेस ने दिल्ली की 7 सीटों के लिए 'आप' के साथ गठबंधन करके जिंदगी की सबसे बड़ी भूल की यह दिल्ली के लोगों ने हमें समझाया। 'आप' की वजह से कांग्रेस पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

25 Jan 2025, 11:41:53 AM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : अरविंद केजरीवाल कभी दोबारा सीएम नहीं बन सकते : प्रवेश वर्मा

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा कि हम यमुना मैया का सारा पानी साफ कर सकते हैं। इसे साफ करना कोई रॉकेट साइंस नहीं है। मशीनों से सारी गाद निकलवानी चाहिए, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने चाहिए, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाने चाहिए... जैसे हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी ने साबरमती रिवरफ्रंट बनाया, उसी तरह यमुना रिवरफ्रंट बनाया जा सकता है। 11 साल बहुत लंबा समय होता है। अरविंद केजरीवाल बार-बार कहते हैं कि वह यमुना को साफ करेंगे, अगर मैं इसे साफ नहीं कर पाया तो दिल्ली के लोग मुझे वोट न दें। अरविंद केजरीवाल कभी दोबारा सीएम नहीं बन सकते। तिहाड़ से जमानत पर रिहा हुए सभी मंत्री अभी भी आरोपी हैं, वे कल फिर जेल जा सकते हैं। इसलिए मैं दिल्ली के लोगों से कहना चाहता हूं कि कृपया एक अच्छी सरकार के लिए भाजपा को वोट दें, ताकि दोनों सरकारें मिलकर काम करें।

25 Jan 2025, 10:56:21 AM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : कांग्रेस को भाजपा के साथ अपने अपवित्र गठबंधन की खुलेआम घोषणा करनी चाहिए : आप

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : ‘आप’ प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की बेईमानी है कि उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए भाजपा से पैसे लिए हैं। भाजपा द्वारा काला धन बांटने, वोटर जोड़ने-हटाने के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी चुप है। वे भाजपा के काले कारनामों पर चुप हैं क्योंकि उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए भाजपा से पैसे लिए हैं। कांग्रेस को भाजपा के साथ अपने अपवित्र गठबंधन की खुलेआम घोषणा करनी चाहिए।"

25 Jan 2025, 10:51:29 AM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : BJP प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल के कटआउट को यमुना में डुबकी लगवाई

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा आज यमुना घाट पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने यमुना नदी की सफाई के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष किया और उनके कटआउट (चित्र) को यमुना में डुबकी भी लगवाई।

25 Jan 2025, 10:22:46 AM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : ‘आप’ की महिला सम्मान योजना के आवेदकों के कागज कबाड़ी के पास मिले : वीरेंद्र सचदेवा

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आज कहा कि अरविंद केजरीवाल ने महिला सम्मान योजना को लेकर बड़े-बड़े दावे किए थे कि वो दिल्ली में 2100 रुपये देंगे और रजिस्ट्रेशन भी हो गया है। इस महिला सम्मान योजना के करीब 30 हजार फॉर्म हैं। पैन नंबर, आधार कार्ड, वोटर आईडी और बैंक डिटेल, ये सारे दस्तावेज एक कबाड़ी के पास मिले। कबाड़ी ने ये सारे दस्तावेज हमारे तिमारपुर के उम्मीदवार सूर्य प्रकाश खत्री को दे दिए...अरविंद केजरीवाल दिल्ली की माताओं-बहनों के साथ विश्वासघात कर रहे हैं।

25 Jan 2025, 10:09:11 AM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : ‘आप’ इंडिया गठबंधन की सहयोगी नहीं, भाजपा की बी टीम : उदित राज

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि आज यह उजागर हो गया है कि यह (आप) इंडिया गठबंधन की सहयोगी नहीं है, यह भाजपा की बी टीम है। वह एक सांप्रदायिक व्यक्ति हैं। इंडिया सहयोगी का कोई ऐसा धड़ा नहीं है, जो इतना सांप्रदायिक हो... संभल में जिस तरह से अल्पसंख्यकों पर हमला किया गया, यह व्यक्ति पूरी तरह से चुप रहा... बड़े दुश्मनों से लड़ने के लिए, बड़े खतरों से लड़ने के लिए, कभी-कभी समझौता करना पड़ता है... क्योंकि हमें संविधान, लोकतंत्र को बचाना है, इस पार्टी को इंडिया गठबंधन में रखना मजबूरी थी..."

25 Jan 2025, 09:47:30 AM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : दिल्ली में भाजपा के 20 से ज्यादा नेता आज करेंगे चुनाव प्रचार

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के करीब 20 से ज्यादा बड़े नेता आज दिल्ली में सभाएं और रोड शो करेंगे। इनमें गृहमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री से लेकर कई पूर्व केंद्रीय मंत्री तक सब शामिल हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी आज दिल्ली में दो जनसभाएं करने आ रहे हैं। शाम 4 बजे वह मुस्तफाबाद विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मोहन सिंह बिष्ट के पक्ष में प्रचार कर वोट मांगेंगे। इसके बाद वह शाम 7 बजे सीलमपुर से भाजपा प्रत्याशी अनिल गौड़ के लिए मौनी बाबा मंदिर मैदान में जनसभा करेंगे।

25 Jan 2025, 09:29:03 AM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : आज राजौरी गार्डन और त्रिनगर में होंगी अमित शाह की सभाएं

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज दोपहर 2:30 बजे दिल्ली भाजपा कार्यालय में भाजपा का तीसरा संकल्प पत्र जारी करेंगे। इसके अलावा, वह आज दिल्ली में दो जनसभाएं भी करेंगे। अमित शाह की पहली जनसभा शाम 4:30 बजे राजौरी गार्डन में होगी। वहीं दूसरी जनसभा शाम 6:30 बजे त्रिनगर विधानसभा अंतर्गत डीडीए पार्क नेताजी सुभाष पैलेस में होगी।

25 Jan 2025, 09:08:20 AM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : दिल्ली के होटल-रेस्तरां में 30 की छूट मिलेगी

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : दिल्ली में एमसीडी के अलग-अलग जोन ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से पहल की है। पांच फरवरी को मतदान करने पर सिनेमाघर, होटल और रेस्टोरेंट में छूट मिलेगी। शाहदरा दक्षिण जोन मयूर विहार इलाके में स्थित होटलों में खाने-पीने के बिल पर 30 फीसदी तक की छूट मिलेगी। यह सुविधा 5 फरवरी से लेकर नौ फरवरी तक के बीच मिलेगी। केशवपुरम जोन भी मतदाताओं को छूट उपलब्ध कराएगा।

25 Jan 2025, 08:49:26 AM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : ‘आप’ के राज में महिलाओं पर अत्याचार और अपमान आम बात : अनुराग ठाकुर

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को मंगोलपुरी, नई दिल्ली और द्वारका इलाके में जनसभा कर आम आदमी पार्टी को महिला विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों के लिए पाठशालाओं के बजाय गली-गली मधुशालाएं जरूर खुलवा दीं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला अपमान को लेकर आप के कारनामों की लंबी सूची है। अपनी ही राज्यसभा सांसद को घर बुलाकर पीटा गया। आम आदमी पार्टी के नेताओं से ही उनके ऊपर अभद्र टिप्पणी कराई गई। महिला नेताओं को पोस्टरों से गायब कर दिया जाता है। ‘आप’ के राज में महिलाओं पर अत्याचार और अपमान आम बात हो गई है। ‘आप’ सरकार महिलाओं को 1000 रुपये देने की बात कह के मुकर गई।

25 Jan 2025, 08:45:45 AM IST

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : दिल्ली में इस बार सबसे अधिक महिला उम्मीदवार उतरीं

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Live : दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार 96 महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ रही हैं। 1993 से अब तक हुए विधानसभा चुनाव मैदान में इस बार सबसे अधिक महिला उम्मीदवार उतरी हैं। यह इसलिए भी है, क्योंकि महिला मतदाताओं की संख्या 72.36 लाख तक पहुंच गई है। वर्ष 2020 में महिलाओं ने पुरुषों के लगभग बराबर मतदान किया। पिछले विधानसभा चुनाव में जहां 62.66 फीसदी पुरुषों ने मतदान किया था, वहीं महिलाओं ने 62.52 फीसदी वोट डाले। इस बार महिलाएं चुनाव के केंद्र में हैं। राजनीतिक दल उनके लिए घोषणाएं कर रहे हैं तो उनकी भागीदारी भी बढ़ेगी।

दिल्ली विधानसभा चुनाव और दिल्ली चुनाव रिजल्ट से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।