UPSC CDS II की परीक्षा में करेंट अफेयर्स बनेगा गेम चेंजर, जानिए कैसे करें स्मार्ट तैयारी
CDS जैसी कठिन परीक्षा में करेंट अफेयर्स वह क्षेत्र है जो आपको अन्य उम्मीदवारों से अलग बना सकता है। इसलिए इसकी तैयारी में कोई कोताही न बरतें और एक ठोस रणनीति के साथ आगे बढ़ें।

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) हर साल संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा यानी CDS का आयोजन दो बार करता है। इस बार CDS II परीक्षा 14 सितंबर 2025 को होनी तय है। इस परीक्षा में अंग्रेजी, गणित और सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे जाते हैं। सामान्य ज्ञान खंड में करेंट अफेयर्स की हिस्सेदारी काफी अहम होती है। अगर उम्मीदवार इस हिस्से को रणनीति से तैयार करें तो यह उनका स्कोर बढ़ा सकता है और अंतिम चयन में मददगार साबित हो सकता है।
अखबार पढ़ना है जरूरी
करेंट अफेयर्स की तैयारी के लिए सबसे पहले एक या दो अच्छे अखबारों का चुनाव करें। हिन्दुस्तान टाइम्स, हिंदू या इंडियन एक्सप्रेस जैसे अखबारों को रोजाना पढ़ना लाभदायक होता है। आर्थिक और व्यापार से जुड़े मुद्दों को कवर करने के लिए मिन्ट, बिजनेस स्टैंडर्ड भी उपयोगी हैं, लेकिन बहुत सारे स्रोतों में उलझने से बचें। यदि आप पिछले कुछ महीनों का करेंट अफेयर्स जल्दी कवर करना चाहते हैं तो योजना, कुरुक्षेत्र, डाउन टू अर्थ और प्रतियोगिता दर्पण जैसी पत्रिकाएं बेहद मददगार हो सकती हैं।
किन टॉपिक्स पर ध्यान देना जरूरी
अखबार पढ़ते समय कुछ खास क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करना जरूरी है। रक्षा अभ्यास, मिसाइलें, ड्रोन और अन्य हथियारों से जुड़ी खबरें, सरकार द्वारा पारित विधेयक और उनके सामाजिक-आर्थिक प्रभाव परीक्षा की दृष्टि से जरूरी हैं। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग, पर्यावरण से जुड़ी रिपोर्ट, विज्ञान और प्रौद्योगिकी में भारत की उपलब्धियां भी पढ़नी चाहिए। साथ ही, सरकारी योजनाओं की विशेषताएं और उन्हें लागू करने वाली एजेंसियों के बारे में जानकारी रखना भी जरूरी है। अंतरराष्ट्रीय संगठनों जैसे ब्रिक्स, जी20, जी7 और सार्क से संबंधित समाचारों को भी नजरअंदाज न करें।
नोट्स बनाना जरूरी
करेंट अफेयर्स की तैयारी के दौरान नोट्स बनाना भी जरूरी होता है, लेकिन इसका तरीका स्मार्ट होना चाहिए। पूरी खबरें कॉपी करने के बजाय केवल महत्वपूर्ण बिंदुओं और आंकड़ों को बुलेट प्वाइंट्स में लिखें। इससे रिवीजन में आसानी होती है। अगर आप चाहें तो डिजिटल नोट्स का सहारा भी ले सकते हैं, जिससे उन्हें अपडेट करना और लंबे समय तक सहेजना आसान हो जाता है।
मूल विषयों से जोड़े करेंट अफेयर्स
एक और जरूरी बात यह है कि करेंट अफेयर्स को स्थिर विषयों से जोड़कर पढ़ा जाए। जैसे अगर किसी नए बिल की खबर पढ़ रहे हैं तो उससे जुड़ी संविधान की धारा या संसद की प्रक्रिया भी जान लें। इसी तरह, अर्थशास्त्र, भूगोल और राजनीति विज्ञान से संबंधित समाचारों को उनके सैद्धांतिक आधार के साथ जोड़कर पढ़ें। इससे आपकी समझ गहरी होगी और सामान्य अध्ययन का सिलेबस भी जल्दी कवर हो सकेगा।