Woman consumed poison with children son daughter died husband went to drop first wife पहली पत्नी को छोड़ने गया पति, दूसरी बीवी ने बच्चों संग खा लिया जहर; बेटा-बेटी की मौत, Bihar Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsWoman consumed poison with children son daughter died husband went to drop first wife

पहली पत्नी को छोड़ने गया पति, दूसरी बीवी ने बच्चों संग खा लिया जहर; बेटा-बेटी की मौत

पूर्णिया जिले के धमदाहा में मां ने दो बच्चों के साथ जहर खा लिया, जिसमें दोनों मासूम बच्चों की मौत हो गई। महिला की हालत गंभीर है। महिला का पति अपनी पहली पत्नी को छोड़ने गया था, तभी उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

Sat, 7 June 2025 06:28 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, एक संवाददाता, धमदाहा (पूर्णिया)
share
पहली पत्नी को छोड़ने गया पति, दूसरी बीवी ने बच्चों संग खा लिया जहर; बेटा-बेटी की मौत

बिहार के पूर्णिया जिले के धमदाहा में एक महिला ने अपने दो बच्चों को जहर खिलाकर खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। जहर खाने से दोनों बेटा और बेटी की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर है। उसका कटिहार के अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना कुआंड़ी पंचायत के सतमी बिन टोली वार्ड-17 में गुरुवार रात को हुई। महिला की पहचान 30 वर्षीय नीलम देवी के रूप में हुई है। वह वीरेंद्र महतो की दूसरी पत्नी थी। एक दिन पहले ही वीरेंद्र की पहली पत्नी भी गांव आई थी, जिसे छोड़ने वह भागलपुर गया था। इसी बीच दूसरी बीवी ने बच्चों संग जहर खा लिया। मृतक बच्चों में तीन साल का बेटा और एक साल की मासूम बेटी शामिल है।

चर्चा है कि नीलम ने पारिवारिक विवाद में यह कदम उठाया। पुलिस के अनुसार घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष सरोज कुमार और सहायक अवर निरीक्षक सुजय कुमार शुक्रवार को मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक आवेदन नहीं मिला है।

जहर खाने से पहले घर में की तोड़फोड़

ग्रामीणों के अनुसार महिला नीलम देवी ने गुरुवार रात को खाना खाने के बाद घर के सभी बर्तन और सामान में तोड़फोड़ की। सुबह जब रिश्तेदारों ने फोन से संपर्क करने की कोशिश की तो नीलम ने कॉल रिसीव नहीं किया। रिश्तेदार उसे देखने चले आए। घर पहुंचने पर दोनों बच्चे एवं नीलम देवी अचेत अवस्था में मिले।

read moreये भी पढ़ें:
पत्नी ने किया सुसाइड, पति अस्पताल लेकर पहुंचा तो घर में हो गई चोरी; गजब कांड

पहली पत्नी को भागलपुर छोड़ने गए पति वीरेंद्र महतो को इसकी सूचना दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि 5 साल पहले वीरेंद्र और नीलम की शादी हुई थी। दोनों के दो बच्चे थे। नीलम देवी का मायका मुंगेर जिले के हेरकरी गांव में है। उसकी भी यह दूसरी शादी थी।

पूर्व पति से संपर्क में थी नीलम, सस्पेंस बरकरार

स्थानीय लोगों के अनुसार नीलम देवी अपने पूर्व पति से लगातार संपर्क में थी। पिछले कई दिनों से दोनों की फोन पर बात होती थी। हाल के दिनों में उसकी अपने पूर्व पति से नजदीकी बढ़ गई थी। फिलहाल नीलम कटिहार जिले के फलका सीएचसी में भर्ती है। उसके होश में आने के बाद ही पता चलेगा कि आखिर उसने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया।

read moreये भी पढ़ें:
रात में पत्नी को कुदाल से काट चैन की नींद सो गया पति, सुबह पुलिस आई तो...

वीरेंद्र की पहली पत्नी गांव आई, एक दिन यहां रुकी भी थी

घटना से दो दिन पहले ही वीरेंद्र महतो की पहली पत्नी एवं नीलम की सौतन किसी काम से गांव आई थी। एक दिन वह यहां रुकी। इसके बाद गुरुवार को वीरेंद्र उसे वापस भागलपुर छोड़ने गया था। इसी बीच दूसरी पत्नी नीलम ने बच्चों के साथ जहर खा लिया।