बिहार चुनाव से पहले CM फेस पर महागठबंधन में रार! पोस्टर लगा कांग्रेस नेता को मुख्यमंत्री घोषित करने की मांग
महागठबंधन में सीएम फेस कौन होगा यह अभी भी साफ नहीं है लेकिन जाहिर है इसपर सियासत तेज हो गई है। राजधानी पटना में संजीव कुमार सिंह को कांग्रेस का बड़ा नेता बता बिहार का मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग की गई है।

बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैंं। लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर रार बढ़ता जा रहा है। राष्ट्रीय जनता दल के कई नेता अब तक यह कह चुके हैं कि बिहार में महागठबंधन की तरफ से तेजस्वी यादव ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। अभी कुछ ही दिनों पहले पटना में महागठबंधन की एक बैठक में सीपीआई (एम) के नेताओं ने भी कहा था कि महागठबंधन का नेतृत्व तेजस्वी यादव ही करेंगे। हालांकि, अब तक कांग्रेस इस मुद्दे पर यही कहती आई है कि सीएम चेहरे पर फैसला चुनाव के बाद होगा।
अब बिहार चुनाव में सीएम फेस को लेकर पटना में कुछ जगहों पर लगाया गया एक पोस्टर काफी चर्चा में है। इस पोस्टर में कांग्रेस नेता संजीव कुमार सिंह को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग उठाई गई है। महागठबंधन में सीएम फेस कौन होगा यह अभी भी साफ नहीं है लेकिन जाहिर है इसपर सियासत तेज हो गई है। राजधानी पटना में संजीव कुमार सिंह को कांग्रेस का बड़ा नेता बता बिहार का मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग की गई है।
संजीव कुमार सिंह के एक समर्थक राजीव कुमार सिंह की तरफ से इस पोस्टर में दावा किया गया है कि संजीव कुमार सिंह कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेता हैं। वो बिहार-झारखंड के वो पर्यवेक्षक प्रभारी भी हैं। यह भी कहा जा रहा है कि संजीव कुमार सिंह सुप्रीम कोर्ट के वकील हैं। वो कांग्रेस किसान प्रकोष्ठ से भी जुड़े हुए हैं।
इस पोस्टर में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की भी तस्वीर है। इसमें कांग्रेस का चुनाव चिह्न भी नजर आ रहा है। पोस्टर में लिखा गया है, ‘बिहार को अगले 10 वर्षों में विश्व के विकसित राज्यों की श्रेणी में लाना!बिहार का अगला मुख्यमंत्री संजीव कुमार सिंह को बनाएं।’