UP Weather: कल से तीन दिन तक लू का अलर्ट, आगरा में महीने में दूसरी बार जारी हुई चेतावनी
- इस सीजन अप्रैल में ही लू चलने लगी है। इससे पहले भी 4 दिनों का अलर्ट जारी किया गया था। अब दोबारा अलर्ट आया है। 3 दिनों तक गर्म हवाओं की मार पड़ने वाली है। इस दौरान तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ेगा, इसलिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
ताजनगरी आगरा में इस महीने में दूसरी बार हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 22 से 24 अप्रैल तक गर्म हवाएं चलेंगी। इस दौरान तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसलिए, सावधानी बेहद जरूरी है।
इस सीजन अप्रैल में ही लू चलने लगी है। इससे पहले भी चार दिनों का अलर्ट जारी किया गया था। अब दोबारा अलर्ट आया है। इस बार यह 22 से शुरू हो रहा है। तीन दिनों तक गर्म हवाओं की मार पड़ने वाली है। इस दौरान तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ेगा, इसलिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
धूप में शरीर को पूरा ढंकने वाले हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनना ठीक रहेगा। साथ ही सिर को ढंकना भी आवश्यक है। चूंकि पसीना शरीर की नमी को निकाल देता है, इसलिए दिन में चार से पांच लीटर पानी पीना चाहिए। साथ में दही की लस्सी, नींबू पानी, आम का पना, बेलगिरि का रस, शिकंजी, फलों का ताजा रस पिया जा सकता है।
40.6 डिग्री पर पहुंचा तापमान
रविवार को अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। यह सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक होकर 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा होकर 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 74 दर्ज किया गया। 25 अप्रैल से दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।
ओआरएस का घोल जरूर लेते रहें
गर्मी और लू से बचने के लिए ओआरएस का पूरा पैकेट एक लीटर पानी में घोलकर पिएं। इसे 24 घंटे में ही खत्म कर देना चाहिए। इसे घर पर भी तैयार कर सकते हैं। 200 एमएल पानी में छोटा चम्मच नमक, आधा नींबू का रस, चीनी डालकर घोल लें।
हीट स्ट्रोक का भी खतरा
तापमान अगर 42 डिग्री से अधिक हुआ तो हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ जाता है। जबकि 44 और 45 डिग्री तापमान में इसके आसार सबसे ज्यादा होते हैं। इसलिए बाहर निकलने पर छाता और ठंडे पानी की बोतल लेकर चलें। दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक बंद स्थानों में रहें। बीच-बीच में पानी पीते रहें। जेब में ओआरएस का घोल भी रखें। तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल जाएं।