विकसित भारत के लिए वन नेशन वन इलेक्शन जरूरी: मंत्री
Ghazipur News - गाजीपुर में भाजयुमो द्वारा 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' अभियान पर परिचर्चा आयोजित की गई। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि 47 में से 32 राजनीतिक दलों ने समर्थन दिया है। उन्होंने इस पर विचार करने के लिए...

गाजीपुर, कार्यालय संवाददाता। एक राष्ट्र, एक चुनाव अभियान के तहत मंगलवार को भाजयुमो की ओर से महर्षि विश्वामित्र राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभाकक्ष में परिचर्चा आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि अगर भारत को विकसित भारत बनाना है तो देश का समय और धन ना बर्बाद हो। इसके लिए जरूरी है कि हमें वन नेशन वन इलेक्शन लाना होगा। इसके प्रति देश के 47 में से 32 राजनीतिक दलों ने समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन अगर राष्ट्रहित में है तो इस की चर्चा परिवार और समाज के बीच होनी चाहिए। छात्रों से आह्वान किया कि आप नमो ऐप व पत्र लिखकर इस पर अपनी राय और विचार दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि देश में जब कोई बड़ा फैसला लेना है तो उस फैसले पर जनता की राय व विचार लेना चाहिए। वन नेशन वन इलेक्शन को कैबिनेट ने अनुमोदित कर दिया है तथा लोकसभा और राज्यसभा ने भी इसको समर्थन दे दिया है। अब इस विषय को लेकर सरकार जनता के दरबार और दरवाजे पर खड़ी है। पूरे देश में हर जगह हर वर्ग में इस पर गोष्ठी और परिचर्चा आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां डाल डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा वह भारत देश है मेरा ... गीत को पुनः साकार करने के लिए वन नेशन वन इलेक्शन की जरूरत है। उन्होंने कहा सरकार ने एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड की व्यवस्था, एक जिला एक उत्पाद, एक जिला एक मेडिकल कॉलेज की भावना से समान रूप से देश में विकास को गति प्रदान किया है। जब तक किसी भी विषय पर आमजन की भागीदारी न हो तब तक सरकार का कोई भी नारा सार्थक नहीं हो सकता। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने रामायण मे सीता माता के परित्याग का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे इतिहास में भी भारत के लोकतांत्रिक व्यवस्था का सांस्कृतिक प्रतिमान स्थापित है। कहा कि एक एक व्यक्ति की आवाज सदन मे रखी जाए इसके लिए एक राष्ट्र एक चुनाव की आवश्यकता है। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव से राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बल मिलेगा, अनावश्यक संसाधन व उर्जा की बचत होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हर कार्य राष्ट्र हित व जन हित को सर्वोपरी है। भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर ने परिचर्चा के विषय को प्रस्तुत किया। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, भानु प्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, मयंक जायसवाल,भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला, महामंत्री अविनाश सिंह, विवेकानंद राय ने प्रवीण सिंह, विनोद अग्रवाल, अखिलेश सिंह, शशिकांत शर्मा,संतोष जायसवाल , साधना राय, लालसा भारद्वाज, अच्छेलाल गुप्ता, विवेकानंद राय,अभिनव सिंह, हर्षित सिंह, गौरव श्रीवास्तव, शुभम विश्वकर्मा, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डा आनन्द मिश्र रहे। इससे पहले भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला के नेतृत्व में पीरनगर चौराहे से आरटीआई चौराहा होते मेडिकल कॉलेज तक एक पदयात्रा निकाली गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।