प्रेमिका की शादी तुड़वाने के लिए बनाया खौफनाक प्लान, मंगेतर को माथे पर मरवाई गोली
- तीन मार्च की शादी थी। प्रेमी अरबाज शादी तुड़वाना चाहता था। सबसे पहले उसने पूर्व प्रेमी के साथ युवती के फोटो सोशल मीडिया पर अजय को भेजे। उसने फोटो देखकर भी शादी नहीं तोड़ी तो उसकी हत्या की योजना बनाई। घटना में हत्यारोपी के दो दोस्तों ने उसका साथ दिया।

Agra Crime News: आगरा के सेंट पीटर्स कॉलेज मार्ग पर शनिवार की रात अजय कुशवाह की हत्या उसकी मंगेतर के प्रेमी ने की थी। तीन मार्च की शादी थी। प्रेमी अरबाज शादी तुड़वाना चाहता था। पहले उसने पूर्व प्रेमी के साथ युवती के फोटो सोशल मीडिया पर अजय को भेजे। उसने फोटो देखकर भी शादी नहीं तोड़ी तो उसकी हत्या की योजना बनाई। घटना में हत्यारोपी के दो दोस्तों ने उसका साथ दिया। मंडी सईद खां निवासी 35 वर्षीय अजय कुशवाह की माथे पर गोली मारकर हत्या की गई थी।
अजय, आगरा के संजय प्लेस में जीजी नर्सिंग होम के सामने पान मसाला और सिगरेट बेचता था। उसका भाई योगेश वहां मैगी बेचा करता था। बाइक सवार ने अजय को पैदल घर जाते समय रास्ते में रोका था। पहले उससे कुछ देर बात की थी उसके बाद गोली मार दी थी। परिजनों ने किसी से भी रंजिश से इनकार किया था। तीन मार्च को अजय की बरात जानी थी। यह पता चलते ही पुलिस का पहला ध्यान मंगेतर की तरफ गया था। पुलिस यह जानना चाहती थी कि शादी मर्जी के खिलाफ तो नहीं हो रही थी। डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने रात में ही तीन टीमें बनाई थीं। एसीपी हरीपर्वत आदित्य, इंस्पेक्टर आलोक कुमार, एसआई योगेश कुमार आदि सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुट गए थे।
सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर पुलिस को पता चला कि एक युवक संजय प्लेस से ही अजय के पीछे लगा था। हत्याकांड में एक नहीं तीन लोग शामिल थे। रेकी के बाद हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। हत्यारोपी जिस दिशा में भागे थे पुलिस ने उधर के कैमरे खंगालना शुरू किया। पुलिस छानबीन करते हुए शाहगंज के हमीद नगर गड्ढा इलाके में पहुंची। पुलिस की एक टीम ने अजय की मंगेतर ज्योति उर्फ कविता से पूछताछ शुरू की। छानबीन में पुलिस को पता चला कि अजय के पास इंस्टाग्राम पर किसी ने मंगेतर और एक युवक के फोटो भेजे थे। वह फोटो पुलिस ने खोज निकाले। उन फोटो के बारे में पुलिस ने ज्योति से पूछा। उसने बताया कि युवक का नाम राजू है। उसकी दोस्ती थी। पुलिस ने राजू के बारे में पता लगाया। जानकारी हुई कि राजू पिछले डेढ़ साल से अजमेर में है।
पुलिस को शक हुआ कि मंगेतर कुछ छिपा रही है। पुलिस ने उसका मोबाइल कब्जे में लिया। छानबीन में एक नंबर मिला। जिससे उसकी बातचीत होती थी। वह नंबर हमीद नगर गड्ढा, शाहगंज निवासी अरबाज का निकला। मंगेतर से पूछताछ में पता चला कि वह शादी से खुश नहीं थी। शादी उसकी मर्जी के खिलाफ हो रही थी। अरबाज ने उससे कहा था कि शादी तुड़वा देगा। उसे यह अंदाजा नहीं था कि वह अजय को जान से मार देगा।
देर रात ट्रांसपोर्ट नगर में मुठभेड़, आशिक अरबाज गिरफ्तार
सेंट पीटर्स मार्ग पर शनिवार की रात हुए अजय कुशवाह हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया। हत्याकांड का मुख्य आरोपित अरबाज मुठभेड़ में पकड़ा गया। उसके पैर में गोली लगी है। वह अजय की मंगेतर का आशिक है। उसके दो साथियों की तलाश हो रही है।
डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि मंडी सईद खां निवासी अजय कुशवाह हत्याकांड में छानबीन के बाद पुलिस को पता चला कि हत्या उसकी मंगेतर के आशिक अरबाज ने की है। अरबाज को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई थीं। रविवार देर रात टीपी नगर में पुलिस ने अरबाज को पकड़ने का प्रयास किया। उसने पुलिस पर गोली चलाई। पुलिस ने भी बचाव में फायरिंग की। जिसमें अरबाज जख्मी हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए भेजा। उसके पास से एक तमंचा और जिंदा कारतूस मिले। पुलिस को उसने बताया कि शादी नहीं तोड़ने पर उसने अजय को मारा था। घटना में शाहरूख और बबलू उसके साथ थे। अरबाज ने दोनों दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस अरबाज से यह जानने का प्रयास कर रही है कि मंगेतर को यह जानकारी थी अथवा नहीं।
17 साल बाद सेंट पीटर्स मार्ग पर हत्या
सेंट पीटर्स मार्ग पर 17 साल बाद शनिवार को हत्या की वारदात हुई। वर्ष 2008 में दिनदहाड़े इस मार्ग पर कचहरी घाट निवासी अधिवक्ता एवं पत्रकार महेश शर्मा की हत्या हुई थी। रंजिश के चलते दो युवकों ने वारदात की थी। दोनों युवक कचहरी घाट से महेश शर्मा के पीछे लगे थे। पहले उनकी आंख में मिर्च झोंकी थी। उसके बाद चाकू से गोदकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था। इस मामले में लचर पैरवी के चलते दोनों हत्यारोपी कोर्ट से बरी हो गए थे।
फायरिंग की घटनाएं पूर्व में कई बार हुई
सेंट पीटर्स मार्ग पर फायरिंग की घटनाएं पूर्व में कई बार हुई हैं। वर्ष 2013 में बिल्लू वर्मा और उसके साथियों ने एक सराफा कारोबारी के कर्मचारी को गोली मारी थी। इसी घटना के बाद बिल्लू वर्मा की पहचान बनी थी। यह खुलासा हुआ था कि सराफा कारोबारियों को बिल्लू वर्मा गोली मारता है। इसी मार्ग पर फायरिंग की एक अन्य घटना सराफा कारोबारी के साथ हुई थी। रंगबाजी में उन्हें गोली मारी गई थी।
मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अजय कुशवाह की हत्या ने परिजनों को हिला दिया है। रो-रोकर उनका बुरा हाल है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिजन और रिश्तेदार यही बोल रहे हैं कि मंगेतर ने हद ही कर दी। उसे शादी नहीं करनी थी तो फोन करके खुद ही मना कर देती। आशिक को शादी तुड़वाने का ठेका क्यों दे दिया। अजय को पता चलता कि लड़की शादी के खिलाफ है तो वह खुद ही इनकार कर देता। कम से कम जिंदा तो रहता।