Hindi Newsफोटोदेशठन ठन गोपाल हैं दिल्ली चुनाव के ये उम्मीदवार, एकदम शून्य है संपत्ति

ठन ठन गोपाल हैं दिल्ली चुनाव के ये उम्मीदवार, एकदम शून्य है संपत्ति

  • दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है। नेता सड़कों पर चुनावी वादों की लिस्ट लेकर प्रचार कर रहे हैं। साथ ही नामांकन का दौर भी चल रहा है। हाल ही में जारी एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स यानी ADR की रिपोर्ट से पता चला है कि चुनाव में 3 उम्मीदवार ऐसे भी हैं, जिनकी संपत्ति शून्य है।

Nisarg DixitTue, 28 Jan 2025 10:58 AM
1/5

शबाना

राष्ट्रीय रिपब्लिकन पार्टी के टिकट पर मैदान में उतरीं शबाना ने हलफनामे में शून्य संपत्ति घोषित की है। वह दिल्ली की सीलमपुर सीट से चुनाव लड़ रही हैं। मुस्लिम बहुल मानी जाने वाली इस सीट पर बीते दो चुनाव से आम आदमी पार्टी बड़े अंतर से जीत दर्ज कर रही है। 2015 में यहां से मोहम्मद इशराक और 2020 में अब्दुल रहमान जीते थे।

2/5

योगेश कुमार

दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से एक मटिलाया को आम आदमी पार्टी का गढ़ कहा जा सकता है। 2015 और 2020 में गुलाब सिंह यादव पार्टी के टिकट पर बड़े अंतर से जीते। 2025 में इस सीट से निर्दलीय उम्मीदवार योगेश कुमार भी मैदान में हैं, जिन्होंने भारत निर्वाचन आयोग में दाखिल हलफनामे में शून्य संपत्ति घोषित की है।

3/5

मोहिंदर सिंह

शून्य चल और अचल संपत्ति घोषित करने वाले उम्मीदवारों में मोहिंदर सिंह का नाम भी शामिल है। वह मटियाला सीट से ही राष्ट्रीय राष्ट्रवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। मटियाला पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के तहत आता है।

4/5

अरबपति उम्मीदवार

दिल्ली विधानसभा चुनाव के सबसे अमीर उम्मीदवार करनैल सिंह हैं, जो शाकुर बस्ती से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कुल 259 करोड़ 67 लाख 36 हजार 090 संपत्ति घोषित की है। इसके बाद लिस्ट में 248 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति वाले मनजिंदर सिंह सिरसा है, जो भाजपा के टिकट पर राजौरी गार्डन से चुनाव लड़ रहे हैं। तीसरे सबसे अमीर उम्मीदवार कृष्णनगर सीट से मैदान में उतरे कांग्रेस नेता गुरचरण सिंह हैं। उन्होंने 130 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति घोषित की है।

5/5

सबसे कम संपत्ति वाले उम्मीदवार

ADR की रिपोर्ट के अनुसार, इस लिस्ट में पहले नंबर पर निर्दलीय उम्मीदवार अशोक कुमार हैं। वह आंबेडकर नगर से चुनाव लड़ रहे हैं और 6 हजार 586 रुपये की कुल संपत्ति घोषित की है। लिस्ट में नई दिल्ली से चुनाव लड़ रहीं निर्दलीय अनीता भी हैं। उनकी कुल संपत्ति 9 हजार 500 रुपये है।