Delhi Weather: दिल्ली में मौसम का यू-टर्न, विभाग ने बताया क्यों बढ़ रहा तापमान; अगले हफ्ते दो दिन बारिश के आसार
Delhi Weather: दिल्ली में सर्दी का अहसास कम होने लगा है। सुबह निकलने वाली तेज धूप के चलते तापमान में इजाफा हो रहा है। राजधानी में पश्चिमी विक्षोभ के कारण 29 जनवरी को मौसम में बदलाव आने की संभावना है। वहीं, शुक्रवार को दिनभर तेज धूप के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।

Delhi Weather: दिल्ली में सर्दी का अहसास कम होने लगा है। सुबह निकलने वाली तेज धूप के चलते तापमान में इजाफा हो रहा है। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सिसय दर्ज किया गया, यह सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक था। नमी का स्तर अधिकतम 97 और न्यूनतम स्तर 55 फीसदी दर्ज किया गया। शनिवार को आसमान साफ रहेगा। बारिश की संभावना नहीं है।
29 जनवरी से बदलेगा मौसम
राजधानी में पश्चिमी विक्षोभ के कारण 29 जनवरी को मौसम में बदलाव आने की संभावना है। वहीं, शुक्रवार को दिनभर तेज धूप के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत का कहना है कि इन दिनों में सामान्य रूप से सर्दी रहती है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढ़ रहा है। इसकी प्रमुख वजह पश्चिमी हवाओं के कारण कोहरा और बादल-बारिश का न होना है। तेज धूप निकलने से तापमान बढ़ रहा है। इसे पूरी तरह से असामान्य घटना नहीं कह सकते हैं। हम इसे जलवायु परिवर्तन का संकेत मान सकते हैं।
199 रहा एक्यूआई
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 199 रहा जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। मौसम विभाग ने शनिवार को आसमान साफ रहने और उत्तर-पश्चिम दिशा से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। विभाग ने कहा कि सुबह के समय हवा की गति आठ किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहने की संभावना है तथा सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध छाया रह सकता है। दोपहर तक हवा की गति धीरे-धीरे बढ़कर 12 से 14 किमी प्रति घंटा होने की उम्मीद है जो पुनः उत्तर-पश्चिम दिशा से आएगी। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
अगले सात दिनों का हाल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को मौसम साफ रहेगा। रविवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर धूप निकलेगी। सोमवार को आसमान साफ रह सकता है। मंगलवार से मौसम में बदलाव आएगा। मंगलवार और बुधवार को बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। गुरुवार को बादलों की आवाजाही रहेगी। शुक्रवार को फिर आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी।