विदेश में चमकी जमशेदपुर की बिटिया, अमेरिका की अंडर-14 फुटबॉल टीम की विजेता खिलाड़ी बनी तान्या सिंह
जमशेदपुर की तान्या सिंह ने अमेरिका में कैलिफोर्निया की अंडर-14 फुटबॉल टीम के साथ न्यूयॉर्क को हराकर खिताब जीता। उनकी दादी मंजू सिंह, जो जमशेदपुर में रहती हैं, बेटी के प्रदर्शन पर गर्व महसूस कर रही...
जमशेदपुर। जमशेदपुर की बेटी तान्या सिंह ने अमेरिका की धरती पर खेल के मैदान में परचम लहराया है। कैलिफोर्निया में रहने वाली तान्या सिंह कैलिफोर्निया की अंडर-14 फुटबॉल टीम की सदस्य हैं, जिसने हाल ही में न्यूयॉर्क की टीम को हराकर प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में खिताब अपने नाम किया। सफेद ड्रेस में नजर आने वाली यह टीम अब पूरे अमेरिका में चर्चा का विषय बन गई है।खास बात यह है कि तान्या का पारिवारिक जुड़ाव अब भी जमशेदपुर शहर से गहरा बना हुआ है। उनकी दादी मंजू सिंह आज भी टेल्को के खड़ंगाझार में रहती हैं और हर मैच को टीवी पर देखकर अपनी नातिन के प्रदर्शन पर गर्व महसूस करती हैं।
मंजू सिंह बताती हैं कि मेरी नातिन ने विदेश में जमशेदपुर का नाम रोशन किया है। उसकी मेहनत और लगन पर मुझे गर्व है।तान्या की मां रचना सिंह भी कमाल की खिलाड़ी रही हैं। वह 1998 में गुलमोहर स्कूल की कॉमर्स टॉपर थीं और बाद में पुणे के प्रसिद्ध सिंबायोसिस कॉलेज से एमबीए की पढ़ाई करने के बाद अमेरिका चली गईं। रचना सिंह खुद भी फुटबॉल और कराटे की चैंपियन रही हैं, और अब उनकी बेटी तान्या उसी खेल परंपरा को आगे बढ़ा रही है।खेल प्रतिभा इस परिवार में पीढ़ियों से रही है। मंजू सिंह बताती हैं कि 1966 में वह खुद पटना से दिल्ली खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गई थीं। अब जब नातिन तान्या अमेरिका में झंडा गाड़ रही है, तो परिवार और जमशेदपुर के लिए यह गौरव का क्षण है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।