भाजपा की महिला शक्ति पर जनता ने भी जताया भरोसा, सभी 5 मेयर प्रत्याशियों को दिलाई जीत
- भारतीय जनता पार्टी ने रायपुर नगर निगम के साथ ही दुर्ग नगर निगम, बिलासपुर नगर निगम, कोरबा नगर निगम और अंबिकापुर नगर निगम में महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारा था।

केंद्र की मोदी सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी एक-तिहाई सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है। वहीं इससे एक कदम आगे बढ़ते हुए भाजपा ने महिलाओं को नेतृत्व देने के लिए छत्तीसगढ़ में हुए स्थानीय निकाय चुनाव में एक कदम आगे बढ़ते हुए 10 नगरीय निकायों में से पांच पर महिलाओं को महापौर प्रत्याशी बनाकर बड़ा संदेश दिया था। जिसके बाद जनता ने भी भाजपा की भावनाओं को हाथों हाथ लिया और सभी महिलाओं पर अपना भरोसा जताया। जनता ने 5 शहरी सरकार यानी निगम में महिलाओं की भागीदारी तय कर दी।
हाल ही में हुए नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम शनिवार को घोषित हो गए, जिनमें भारतीय जनता पार्टी ने नगर निगम की सभी 10 मेयर सीटों को जीत लिया। इस जीत में एक अहम बात यह भी रही कि इन 10 में से जिन 5 जगह पर भाजपा ने महिला मेयर प्रत्याशियों को उतारा था, उन सभी ने जीत हासिल कर ली। इनमें से कुछ तो महिलाओं के लिए आरक्षित थीं, लेकिन कुछ ऐसी भी थीं, जहां इनके सामने पुरुष प्रत्याशी थे। हालांकि यहां महिलाओं ने बाजी मार ली।
भारतीय जनता पार्टी ने रायपुर नगर निगम के साथ ही दुर्ग नगर निगम, बिलासपुर नगर निगम, कोरबा नगर निगम और अंबिकापुर नगर निगम में महिला प्रत्याशी को मैदान में उतारा था और सभी जगह महिला प्रत्याशियों ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। रायपुर में तो भाजपा को एकतरफा जीत मिली है।
भाजपा की इन 5 महिला प्रत्याशियों ने दर्ज की जीत
1. रायपुर नगर निगमः भाजपा की महिला महापौर प्रत्याशियों में से सबसे बड़ी जीत रायपुर में रही। भाजपा की मीनल चौबे ने कांग्रेस की दीप्ति चौबे को 1 लाख 53 हजार 290 मतों के अंतर से पराजित किया।
2. दुर्ग नगर निगमः भारतीय जनता पार्टी की अल्का बाघमार ने कांग्रेस की प्रेमलता साहू को 67 हजार मतों के अंतर से हराया। दुर्ग नगर निगम में सिर्फ कांग्रेस और भाजपा के ही प्रत्याशी थे और यहां सीधी टक्कर थी।
3. बिलासपुर नगर निगमः भाजपा प्रत्याशी पूजा विधानी ने कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी प्रमोद नायक को 66,179 मतों के अंतर से हरा दिया।
4. कोरबा नगर निगमः भाजपा की संजू देवी ने कांग्रेस की उषा तिवारी को 52 हजार मतों के अंतर से पराजित किया। यहां भी कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर थी।
5. अंबिकापुर नगर निगमः भाजपा की मंजूषा भगत ने कांग्रेस के डॉ. अजय तिर्की को 11,063 मतों से हराया। इससे पहले अंबिकापुर नगर निगम में कांग्रेस की जीत के अंदाजे लगाए जा रहे थे। यह सीट पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव का गृह जिला है।
रिपोर्टः संदीप दीवान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।