छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव: CM साय के ‘घर’ में BJP को बड़ा झटका, कांग्रेस ने मारी बाजी
Chhattisgarh Nikay Chunav Result: बताया जा रहा है कि भाजपा प्रत्याशी की मांग पर दोबारा वोटों की गिनती भी की गई थी, लेकिन इसमें भी कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई।
Chhattisgarh Nikay Chunav Result: छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनावों के लिए वोटों की गिनती जारी। कई जगहों के नतीजे भी सामने आने लगे हैं। ज्यादातर जगहों पर भाजपा की लहर दिखाई दे रही है लेकिन सीएम विष्णुदेव साय के गृह जिले के कुनकुरी नगर पंचायत में भाजपा को झटका मिला है । यहां से कांग्रेस प्रत्याशी विनयशील ने जीत हासिल की है। यहां भाजपा उम्मीदवार से उन्हें कांटे की टक्कर मिली जिसके बाद उन्होंने जीत हासिल कर ली है। बताया जा रहा है कि भाजपा प्रत्याशी की मांग पर दोबारा वोटों की गिनती भी की गई थी, लेकिन इसमें भी कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई।
अधिकांश निकायों में भाजपा को जीत मिली है। वहीं जीत हार पर तीखे हमले भी हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा 'मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में भाजपा की हार उनके कथित “सुशासन” की हार है। उधर भाजपा के नेता पूर्व सीएम के पाटन विधानसभा में हार पर तंज कस रहे हैं।
नतीजों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत हुई है। इस अभूतपूर्व जनादेश के लिए प्रदेश के मतदाताओं का आभार। भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं ने जिस तरह डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया, जिस तरह संगठन ने कुशल रणनीति के तहत इस चुनाव में भी भागीदारी की यह निर्णायक बढ़त उसी की है। भाजपा सरकार के कार्यों से जो जन विश्वास बढ़ा, वह जनादेश में बदलता दिख रहा है। हम और अधिक उत्साह के साथ जनाआकांक्षाओं पर खरा उतरने परिश्रम की पराकाष्ठा करेंगे।
पूर्व सीएम भूपेश और सिंहदेव के क्षेत्र में कांग्रेस की हार
नगरीय निकाय चुनाव में नतीजों से यह भी साफ हो गया है कि BJP ने हर स्तर पर मजबूती से पकड़ बनाई है। वहीं कांग्रेस को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इन नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को स्थानीय स्तर पर भी पूरी तरह स्वीकार कर लिया है, जबकि कांग्रेस की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के गृह क्षेत्र में कांग्रेस को हार मिली है।
जुमलों की “गारंटी” से जनता का भरोसा उठ चुका
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चुनाव परिणामों पर सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- 'मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में भाजपा की हार उनके कथित “सुशासन” की हार है। जुमलों की “गारंटी” से जनता का भरोसा उठ चुका है। कुनकुरी नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनयशील गुप्ता सहित सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बधाई। वहीं भाजपाइयों ने पूर्व सीएम के गृह क्षेत्र पाटन और अमलेश्वर में भाजपा की जीत पर तंज कस रहे हैं।
रिपोर्ट संदीप दीवान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।