Hindi Newsबिहार न्यूज़School timing changed in many districts including Bhagalpur Gaya after Patna amid heat wave

पटना के बाद बिहार के कई जिलों में स्कूल का समय बदला, भीषण गर्मी के चलते फैसला

भीषण गर्मी और हीट वेव के हालात झेल रहे बिहार के कई जिलों में स्कूल के समय में बदलाव किया गया है। गुरुवार को भागलपुर, गया समेत 4 जिलों के डीएम ने स्कूल टाइम में बदलाव के आदेश जारी किए। एक दिन पहले पटना में भी विद्यालयों का समय बदला गया था।

Jayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटनाThu, 24 April 2025 10:18 PM
share Share
Follow Us on
पटना के बाद बिहार के कई जिलों में स्कूल का समय बदला, भीषण गर्मी के चलते फैसला

Bihar School Time Changed: बिहार में भीषण गर्मी के बीच स्कूली बच्चों को राहत मिली है। पटना के बाद 4 और जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। भागलपुर, गया, बांका और औरंगाबाद जिले में भी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के समय में बदलाव का आदेश गुरुवार को जारी कर दिया गया। भागलपुर में सुबह 11 बजे के बाद कक्षाओं के संचालन पर रोक लगा दी गई है। इसी तरह, गया और बांका जिले में भी स्कूलों का समय सुबह 11.30 बजे तक कर दिया गया है। औरंगाबाद में पौने 12 बजे स्कूल की छुट्टी कर दी जाएगी।

भागलपुर के डीएम नवल किशोर चौधरी ने गुरुवार को अपने आदेश में कहा कि जिले में चलने वाली लू और दोपहर में भीषण गर्मी के चलते बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसे देखते हुए जिले के सभी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और प्री-स्कूलों के सुबह 11 बजे के बाद संचालन पर रोक लगाई गई है। यह आदेश 25 से 27 अप्रैल तक लागू रहेगा।

ये भी पढ़ें:सुपौल में हीटवेव चली, मोतिहारी में प्रचंड लू; भीषण गर्मी से झुलसा बिहार

इसी तरह, गया जिले में भी भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों में 10वीं तक की कक्षाओं के सुबह 11.30 बजे के बाद संचालन पर रोक रहेगी। गया गुरुवार को बिहार का सबसे गर्म जिला रहा। यहां तापमान 42 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया। बांका जिले में भी सभी निजी और सरकारी स्कूलों की छुट्टी सुबह 11.30 बजे कर दी जाएगी। डीएम अंशुल कुमार ने 27 अप्रैल तक के लिए यह आदेश गुरुवार को जारी किया।

ये भी पढ़ें:भीषण गर्मी के चलते पटना में सरकारी और निजी स्कूलों का समय बदला, जानें नया टाइम

औरंगाबाद जिले में सभी निजी और सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों पर सुबह 11.45 बजे के बाद रोक लगाई गई है। इससे पहले पटना जिले में डीएम चंद्रशेखर ने बुधवार को आदेश जारी कर स्कूलों के समय में बदलाव किया था। पटना के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सुबह 11.45 बजे के बाद कक्षाओं के संचालन पर रोक लगा दी गई। यह आदेश 30 अप्रैल तक के लिए लागू है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें