पुलिस के पहुंचने से पहले अंतिम संस्कार; घर में फंदे से झूलते मिले दो बहनों के शव, सुसाइड या कुछ और?
पूर्णिया जिले के धमदाहा में दो बहनों के घर से शव मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिवारवालों ने अंतिम संस्कार भी कर दिया। जिसके बाद से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। परिजनों का कहना है कि आपसी झगड़े के चलते दोनों बहनों ने आत्महत्या की है।

पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना इलाके में एक घर में दो बहनों के फंदे से झूलते शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों सगी बहन तरौनी के उमेश मेहता की 16 और 18 वर्षीय पुत्री बताई जाती हैं। घटना के संबंध में बताया गया कि उमेश मेहता की दोनों बेटी गांव के हटिया चौक पर एक हफ्ते से चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होकर बुधवार की देर रात 11 बजे के करीब घर वापस लौटी थी। परिवार के लोगों ने गुरुवार सुबह साढ़े पांच बजे के करीब दोनों की फंदे पर झूलती लाश घर से बरामद हुई। हालांकि आनन-फानन में परिवार और रिश्तेदार दोनों का अंतिम संस्कार में जुट गए।
गुप्त सूचना पर जब तक धमदाहा थाना पुलिस दिन के करीब 12 बजे तरौनी गांव स्थित घटनास्थल पर पहुंचते तब तक परिवार के लोग दाह संस्कार कर घर वापस लौट आए थे। हालांकि दोनों बहनों के फंदे से लटक कर जान देने के कारणों का पता नहीं चल सका हैं। लेकिन आनन फानन में दोपहर से पहले अंतिम संस्कार किए जाने को लेकर तरौनी गांव सहित आसपास के इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष धमदाहा सरोज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर धमदाहा थाना पुलिस तरौनी गांव गई थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों का दाह संस्कार कर दिया गया। परिवार के लोगों ने दोनों बहनों के बीच बुधवार की रात किसी बात पर झगड़े की बात बताई है। परिवार के लोगों का कहना है कि झगड़े के कारण ही दोनों बहनों ने फंदे से झूल कर अपनी जान दे दी है।