यमुनोत्री हाईवे के लिए 346 करोड़ मंजूर, डबल लेन बनाने का रास्ता साफ
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने इस परियोजना के तहत 346 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को एक्स पर यह जानकारी साझा की।

यूपी, हिमाचल प्रदेश सहित पड़ोसी राज्यों से उत्तराखंड आने वाले यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। उत्तराखंड चारधाम यात्रा पर यमुनोत्री हाईवे के लिए बजट मंजूर हो गया है। यमुनोत्री हाईवे पर हरबर्टपुर से बड़कोट तक की सड़क के एक हिस्से को डबल लेन बनाने का रास्ता साफ हो गया है।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने इस परियोजना के तहत 346 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को एक्स पर यह जानकारी साझा की। राज्य सरकार ने कुछ समय पूर्व बड़कोट से हरबर्टपुर के बीच के 25 किमी लंबे सेक्शन को डबल लेन करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था।
इसे केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इसके बाद अब जल्द ही इस परियोजना पर काम शुरू होने की उम्मीद है। हरबर्टपुर से बड़कोट की कुल दूरी 111 किमी है। इसमें से हरबर्टपुर से 17 किमी तक डबल लेन सड़क पहले से ही है।
जबकि उसके आगे अभी सड़क सिंगल लेन है। आगे के हिस्से को भी डबल लेन करने के प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन लखवाड़ बांध की वजह से सड़क का एलाइनमेंट चेंज होना है। इसलिए पहले बड़कोट की ओर से 25 किमी हिस्से को डबल लेन करने की मंजूरी दी गई है।
सीएम धामी ने जताया आभार
हरबर्टपुर से बड़कोट सड़क चौड़ीकरण को मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में राज्य में सड़क निर्माण के क्षेत्र में अभूतपूर्व तेजी आई है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में विकास की रफ्तार को नई गति मिली है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।