रविवार का दिन खास! कल महाकुंभ आएंगे सीएम योगी, आ सकते हैं राहुल-प्रियंका
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16 फरवरी को प्रयागराज में रहेंगे। मुख्यमंत्री वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की ओर से कुम्भ की आस्था व जलवायु परिवर्तन विषय पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16 फरवरी को प्रयागराज में रहेंगे। मुख्यमंत्री वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की ओर से कुम्भ की आस्था व जलवायु परिवर्तन विषय पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि और जगद्गुरु संतोषाचार्य 'सतुआ बाबा' के शिविर जाएंगे। यहां पर शिवचर्चा वाचक पं. प्रदीप मिश्र की कथा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर लगभग 12 बजे प्रयागराज पहुंच जाएंगे। यहां से स्वामी अवधेशानंद गिरि शिविर आएंगे। 16 फरवरी को ही स्वामी अवधेशानंद गिरि के शिविर का समापन होगा।
सीएम इसके बाद पं. प्रदीप मिश्र की शिवकथा में शामिल होंगे। इस दिन यहां भी कथा का समापन होना है। यहां से मुख्यमंत्री वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की ओर से आयोजित कुम्भ की आस्था और जलवायु परिवर्तन कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सुबह 9:15 बजे से शुरू होगा और रात तक चलेगा। अफसरों का कहना है कि मुख्यमंत्री शाम लगभग साढ़े चार बजे प्रस्थान करेंगे।
महाकुम्भ में जल्द आ सकते हैं राहुल
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा जल्द महाकुम्भ में डुबकी लगा सकते हैं। दोनों नेता रविवार को प्रयागराज का दौरा कर सकते हैं। हालांकि, अभी तक पार्टी ने औपचारिक तौर पर राहुल गांधी के कार्यक्रम का ऐलान नहीं किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि राहुल और प्रियंका रविवार को डुबकी लगा सकते हैं। इस बीच कांग्रेस महासचिव अविनाश पांडेय ने शुक्रवार को प्रयागराज का दौरा किया। इससे इन संभावनाओं को बल मिला कि राहुल और प्रियंका जल्द महाकुम्भमें डुबकी लगा सकते हैं।
कल आएंगे तमिल संगमम के पर्यटक
काशी तमिल संगमम यात्रा में शामिल 200 पर्यटक रविवार शाम वाराणसी से प्रयागराज आएंगे। इन सभी लोगों को दिव्य और भव्य महाकुम्भ के दर्शन कराए जाएंगे। इनके ठहरने, भोजन और मेला क्षेत्र भ्रमण का विशेष प्रबंध किया गया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने इसके लिए टीमों को तैनात किया है। ठहरने का बंदोबस्त झुंसी सेक्टर 22 स्थित टेंट सिटी में किया गया है। शाम को कुछ देर विश्राम के बाद सभी सेक्टर 21 में सांस्कृतिक पंडाल आएंगे। जहां पर सांस्कृतिक कार्यक्रम से सभी का स्वागत होगा। रात टेंट सिटी में ठहराया जाएगा और इसके बाद रविवार सुबह सभी संगम स्नान करेंगे। जिसके बाद शंकर विमान मंडपम में दर्शन करेंगे।