Mahakumbh 2025: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को प्रयागराज महाकुंभ में पहुंचकर संगम में डुबकी लगाई और सूर्य देवता को अर्ध्य दिया। धनखड़ ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच संगम में स्नान किया। इससे पहले, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज आगमन पर उपराष्ट्रपति का स्वागत किया। महाकुंभ में शामिल होने के लिए आज 73 देशों के 116 राजदूत प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने महाकुंभ की तारीफ की। अरैल में ये राजदूत अपने-अपने देशों के ध्वज फहराकर संगम में डुबकी लगाएंगे। इसके साथ अक्षयवट, सरस्वती कूप और हनुमान मंदिर दर्शन करेंगे। इस बार अमेरिका, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, फ्रांस, रूस, स्विट्जरलैंड, जापान, न्यूजीलैंड, जर्मनी, नेपाल, कनाडा समेत 73 देशों के राजदूत शामिल होंगे। महाकुम्भ में अब तक 31 करोड़ 46 लाख लोग स्नान कर चुके हैं। जानें महाकुंभ से जुड़े लाइव अपडेट्स
1 Feb 2025, 10:43:02 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुम्भ में श्रीश्री रविशंकर संग सुदर्शन क्रिया करेंगे 12 देशों के श्रद्धालु
महाकुम्भ में ध्यान की गंगा बहाने आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर शनिवार को महाकुम्भनगर पहुंचे। श्री श्री अपने प्राइवेट जेट से विभिन्न देशों के 10-12 शिष्यों के साथ महाकुम्भ में आए हैं। सबसे पहले उन्होंने आईसीसीसी पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री श्री रविशंकर का भव्य स्वागत किया और उन्हें शॉल व फलों की टोकरी भेंट की। श्री श्री के काफिले के आगमन के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आईसीसीसी में महत्वपूर्ण बैठक कर रहे थे।
1 Feb 2025, 10:09:05 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: अयोध्या जा रही श्रद्धालुओं की बस खड़ी बस से टकराई, राजस्थान के चार यात्री घायल
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाराणसी से अयोध्या जा रही श्रद्धालुओं की बस ने शनिवार को वृंदावन ढाबा के पास खड़ी एक बस को पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि हादसे में बस में सवार राजस्थान के चार यात्री घायल हो गए।
1 Feb 2025, 09:16:47 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: उत्तर प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन की असीम संभावनाएं , बोले योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में स्पिरिचुअल टूरिज्म में असीम संभावनाएं हैं। विश्व के 73 देशों के 100 से अधिक राजनयिकों संग संवाद के दौरान उन्होने कहा कि उन सभी की ये यात्रा निश्चित रूप से स्मरणीय साबित होगी। जब वो यहां से लौटेंगे तो स्वयं के साथ यादगार अनुभव लेकर जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया महाकुम्भ को कौतूहल की दृष्टि से देख रही है। आप सभी का यहां आना हमे प्रफुल्लित करता है। महाकुम्भ का ये पर्व हम सभी को आनंदित करता है। मां गंगा, यमुना और सरस्वती के पावन संगमस्थली पर बसा प्रयागराज दुनिया की प्राचीन नगरी है।
1 Feb 2025, 08:22:37 PM IST
महाकुंभ भगदड़ में घायलों का हाल जानने पहुंचे सीएम योगी
मौनी अमावस्या के दिन महाकुंभ भगदड़ में घायल हुए लोगों का हाल चाल जानने के लिए सीएम योगी शनिवार की देर शाम अस्पताल पहुंचे। सभी घायलों से सीएम ने उनकी तबियत के बारे में पूछा और उनकी हर संभव मदद का आश्वासन दिया। सीएम योगी ने अफसरों को उनके बेहतर इलाज कराने के निर्देश दिए। साथ ही इलाज के बाद स्वस्थ होने पर उन्हें उनके घरों तक पहुंचाने के प्रबंध करने के भी निर्देश दिए।
1 Feb 2025, 07:45:10 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में भगदड़ में मरने वालों की सही संख्या बताये सरकार, बोले अखिलेश
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार को महाकुंभ में मची भगदड़ के शिकार श्रद्धालुओं की सही संख्या सार्वजनिक करनी चाहिये। सपा प्रमुख ने महाकुंभ की व्यवस्था और खोया-पाया केन्द्र को सेना के हवाले करने की मांग करते हुए कहा कि भाजपा सरकार पर किसी को भरोसा नहीं है। भाजपा सरकार हिन्दू विरोधी है। भगदड़ में मरने वाले सभी लोग हिन्दू हैं। उनके परिजन बिलख रहे हैं। अपनों को खोज रहें हैं, सरकार मृतकों और घायलों का नाम नहीं बता रही है। लाशों को छिपा रही हैं। अब तो संत, महात्मा और शंकराचार्य भी खुलकर कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री और सरकार ने झूठ बोला।
1 Feb 2025, 06:15:52 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में साथियों से बिछड़ा ग्रामीण तीसरे दिन सकुशल घर पहुंचा
महाकुंभ में अमृत स्नान करने अपनी पत्नी व साथियों के साथ गया बरेली के चंदिया हजारा का श्रद्धालु बिछड़ गया। काफी तलाश करने के बाद भी वह नहीं मिला। उनकी पत्नी व अन्य साथी मायूसी के साथ वापस लौट रहे हैं। परिजन अनहोनी की आशंका को लेकर परेशान थे लेकिन शुक्रवार की सुबह वह भी घर पहुंच गया। इससे परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीण ने परिजनों को आपबीती सुनाई।
1 Feb 2025, 05:16:38 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: भारतीय संस्कृति एवं धरोहर को दर्शाता है महाकुंभ
तीर्थराज प्रयाग में चल रहे महाकुंभ में विभिन्न देशों का 73 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार को दिव्य-भव्य, नव्य महाकुंभ को देख अभिभूत हो उठा। विदेशी अतिथियों ने कहा कि महाकुम्भ भारतीय संस्कृति एवं धरोहर को दर्शाता है। प्रयागराज पहुंचकर इन लोगों ने खुद को सौभाग्यशाली बताया। इन अतिथियों ने योगी सरकार एवं विदेश मंत्रालय द्वारा राजनयिकों के लिए इस यात्रा की व्यवस्था पर खुशी भी जताई। अतिथियों का शनिवार प्रयागराज पहुंचने पर अतिथियों का स्वागत किया गया।
1 Feb 2025, 04:05:48 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में भगदड़ का नजारा याद कर खड़े हो जा रहे रोंगटे
महाकुंभ में नहाने प्रयागराज गईं गौरीबाजार के भटौली खुर्द की महिलाएं रमावती के शव के साथ गांव लौटी। वे भी भगदड़ में घायल हो चुकी हैं। महाकुंभ के भगदड़ की भयावहता याद कर सिहर जा रही हैं। हिन्दुस्तान से बातचीत में चोटिल महिलाओं ने अपनी आपबीती सुनाईं। घर लौटी महिलाएं भगदड़ में अपनी सहेली के मौत से बेहद दुखी हैं।
1 Feb 2025, 03:49:15 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: उरई में महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, वृद्ध की मौत, 12 घायल
प्रयागराज में महाकुम्भ से स्नान कर लौट रहे श्रद्धालु से भरी पिकअप शुक्रवार रात अनियंत्रित होकर डकोर थाना क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर पलट गई। हादसे में एक वृद्ध श्रद्धालु की मौत हो गई जबकि महिलाओं सहित 12 लोग घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया वहीं वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा साथ ही एक्सप्रेस-वे से क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
1 Feb 2025, 02:53:19 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने लगाई डुबकी
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने महाकुंभ में त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान सीएम योगी भी मौजूद रहे।
1 Feb 2025, 02:38:05 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ के बहाने अखिलेश यादव ने बजट पर भी साधा निशाना, बोले हर आंकड़ा झूठा
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जो सरकार महाकुंभ नहीं करा सकती उसके बजट का हर आंकड़ा झूठा है। अखिलेश यादव ने संसद परिसर में बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमारे लिए बजट जरूरी नहीं, बल्कि महाकुंभ में हुई मौतों का आंकड़ा जानना जरूरी है। उन्होने कहा कि हम बजट के आंकड़ों का क्या करेंगे, हमें कुंभ में हुई मौतों का आंकड़ा चाहिए। वहां अब भी लोग अपनों की तस्वीर लेकर उनकी तलाश में भटक रहे हैं।
1 Feb 2025, 02:05:18 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: 73 देशों के राजनयिक पहुंचे महाकुंभ
Mahakumbh 2025 LIVE: 73 देशों के राजनयिकों सहित 118 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आज प्रयागराज में महाकुंभ पहुंचे। आज सभी संगम स्नान करेंगे।
1 Feb 2025, 01:52:10 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में मिला 33 साल से खोया पति, घर छोड़कर बन गया अघोरी, भक्तों को दे रहा आशीर्वाद
Mahakumbh 2025 LIVE: बॉलीवुड की फिल्मों में कुंभ के मेले में भाइयों को बिछड़ते हुए दिखाया गया है लेकिन झारखंड में धनबाद के भूली की रहनेवाली धनवातो देवी को महाकुंभ के मेले ने 33 वर्ष पहले घर छोड़कर गए पति गंगासागर यादव से मिलवा दिया।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
1 Feb 2025, 01:39:15 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: संतों ने किया महाकुंभ भगदड़ का धैर्यपूर्वक सामना: सीएम योगी
Mahakumbh 2025 LIVE: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं उन 'संतों' को बधाई देता हूं जिन्होंने मौनी अमावस्या के अवसर पर हमारे सामने आई चुनौती (भगदड़ की घटना) का धैर्यपूर्वक सामना किया। कुछ महान आत्माएं उस दुर्घटना का शिकार हो गईं, लेकिन उस स्थिति में, हमारे 'संतों' ने रक्षक की भूमिका निभाई और धैर्य और साहस के साथ उस चुनौती पर विजय प्राप्त की।
सनातन धर्म का विरोध करने वाले उम्मीद कर रहे थे कि हमारे 'संतों' का धैर्य जवाब देगा और फिर जग हंसाई का कार्य कराया जाएगा। जो हैं उनसे सावधान रहना। इन पूज्य संतों के मार्गदर्शन में सनातन धर्म के मूल्यों और आदर्शों को लेकर आगे बढ़ते रहें। सनातन धर्म के खिलाफ लगातार गुमराह और षड्यंत्र किया जा रहा है। जब तक हमारे 'संतों' का सम्मान किया जाता है, तब तक सनातन धर्म को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता।
1 Feb 2025, 01:31:49 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: सीएम योगी ने महाकुंभ भगदड़ स्थान का किया दौरा
Mahakumbh 2025 LIVE: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ भगदड़ वाले स्थान का दौरा किया। 29 जनवरी को प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान भगदड़ की घटना जहां हुई थी वहां सीएम योगी पहुंचे और अधिकारियों से बात की।
1 Feb 2025, 01:30:36 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में बसंत पंचमी शाही स्नान को लेकर अलर्ट, साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा के इंतजाम
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुम्भ के सबसे बड़े स्नान पर्व मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने अब वसंत पंचमी और माघी पूर्णिमा स्नान पर्व के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
1 Feb 2025, 01:09:51 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ सुरक्षित बनाने को जुटा प्रशासन, स्नान पर लगातार करेंगे भीड़ का आकलन
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह जुट गया है। खासकर मौनी अमावस्या की रात हुई भगदड़ से सबक लेते हुए अब सिर्फ आधुनिक तकनीक ही नहीं बल्कि पुरानी पद्धति का भी सहारा लिया जा रहा है।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
1 Feb 2025, 12:40:38 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ भगदड़ के घायलों से जानकारी जुटाई जाएगी
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ भगदड़ की जांच कर रहे न्यायिक आयोग ने अस्पताल जाकर घायलों से भी बातचीत करने की योजना बनाई है। न्यायमूर्ति हर्ष कुमार ने कहा कि घायलों से मिली जानकारी जांच को सही दिशा देने में मदद करेगी। किसी एक पहलू पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय सभी संभावित कारणों पर विचार किया जाएगा। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) हर्ष कुमार ने बताया था कि जांच को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाना है इसलिए हमने घोषणा के कुछ ही घंटों के भीतर कार्यभार संभाल लिया है।
1 Feb 2025, 12:25:40 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ के श्रद्धालुओं को सुविधा, प्रयागराज से चेन्नई-हैदराबाद की फ्लाइट आज से
Mahakumbh 2025 LIVE: विमानन कंपनी स्पाइस जेट आज से चेन्नई और हैदराबाद समेत चार शहरों से सीधी हवाई सेवा शुरू कर रही है। महाकुम्भ के श्रद्धालुओं को यह सुविधा एक फरवरी से 26 फरवरी तक मिलेगी। पहली बार चेन्नई से डायरेक्ट फ्लाइट की सुविधा शुरू होने जा रही है।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
1 Feb 2025, 12:10:15 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: रेलवे ने दो दिन में चलाईं 700 से अधिक ट्रेनें
Mahakumbh 2025 LIVE: रेलवे ने पिछले दो दिनों में रिकार्ड 400 से अधिक मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य स्टेशनों तक पहुंचाया। कुल 700 से अधिक ट्रेनों का संचालन हुआ है। 29 जनवरी को शहर के सभी रेलवे स्टेशनों से रिकार्ड 400 से अधिक मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया।
पर्व के दूसरे दिन 30 जनवरी को भी लगभग 175 स्पेशल ट्रेनों के साथ 300 से अधिक ट्रेनें चलाई गई। पिछले दो दिनों में प्रयागराज रेल मंडल ने 20 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित उनके गंतव्य स्टेशनों तक पहुंचाया। रेल प्रशासन ने बताया कि मौनी अमावस्या पर्व और उसके दूसरे दिन मिलाकर लगभग 700 से अधिक नियमित और मेला स्पेशल ट्रेनों का सफल संचालन किया गया।
1 Feb 2025, 11:52:42 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: दो अखाड़ों में बनाए गए छह महामंडलेश्वर
Mahakumbh 2025 LIVE: निरंजनी अखाड़े की छावनी में आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरि की अध्यक्षता और पंच परमेश्वरों एवं संत महापुरुषों के सानिध्य मे महंत वेदानंद गिरि (वृंदावन), स्वामी रामानंद गिरि (परम विष्णु धाम साधु मढ़ी, सम्भल) का पट्टाभिषेक कर महामंडलेश्वर की उपाधि से विभूषित किया गया। इस दौरान महंत रवींद्र पुरी, स्वामी परमानंद, राम रतन गिरि, स्वामी भास्करानंद, महामंडलेश्वर स्वामी निरंजन ज्योति आदि मौजूद रहे। वहीं महानिर्वाणी अखाड़े में दिल्ली के शिवचंद्र नंद गिरि, ऋषिकेश के देवेश्वर नंद गिरि, वृंदावन के देवस्वरूपानंद सरस्वती और चेतनानंद सस्वती का पट्टाभिषेक कर उन्हें महामंडलेश्वर बनाया गया।
1 Feb 2025, 11:35:30 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: सिद्धि और साध्य योग में वसंत पंचमी पर महाकुंभ में लगेगी पुण्य की डुबकी, होगी उत्तम फल की प्राप्ति
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुम्भ का चौथा प्रमुख स्नान पर्व वसंत पंचमी सोमवार को आस्था, उल्लास से मनाया जाएगा। इस अवसर पर करोड़ों श्रद्धालु संगम के साथ ही गंगा यमुना के विभिन्न घाटों पर सिद्धि व साध्य योग में पुण्य की डुबकी लगाएंगे।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
1 Feb 2025, 11:07:54 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: 1008 डुबकी लगाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड
Mahakumbh 2025 LIVE: बिहार के मधुबनी जिले के योगगुरु रवि व्योम शंकर झा ने महाकुम्भ में विश्व रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने मौनी अमावस्या अमृत स्नान पर्व के दौरान 1008 बार डुबकी लगाई। इसके लिए उन्होंने एक घंटा 51 मिनट का समय लिया। इसके पहले रवि व्योम ने विश्व योग दिवस पर अहमदाबाद के डीजीएमसी मैदान में 18 से 21 जून तक चले कार्यक्रम में ऊर्ध्व पद्मासन विधा में 40 मिनट का विश्व कीर्तिमान बनाया था। इसके आधार पर 19 जून को गोल्डेन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में उनका नाम दर्ज हो गया था।
1 Feb 2025, 10:44:19 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में मुस्लिमों ने पेश की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल, खोल दिए दरवाजे; दरी-चादर भी बिछाई
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में श्रद्धालुओं की खिदमत का मौका मिला तो मुस्लिम समाज के इन लोगों ने अपने घरों, दायरों के दरवाजे खोल दिए। आराम के लिए दरी, चादर, प्लास्टिक बिछा दी गई थी। चाय, बिस्किट, पूड़ी, सब्जी का बंदोबस्त कराया गया था। 2 दिनों तक हजारों श्रद्धालु यहां ठहरे रहे।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
1 Feb 2025, 10:28:08 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: श्रृंगेरी पीठ के मंदिर में शंकराचार्य ने की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा
Mahakumbh 2025 LIVE: दक्षिणाम्नाय श्री शारदा पीठ, श्रृंगेरी के दारागंज स्थित मठ में शुक्रवार को परंपरा का पालन किया गया। पीठ के शंकराचार्य विधु शेखर भारती ने श्रृंगेरी की परंपरा के अनुसार मठ के मंदिर में आदि शंकराचार्य, पीठ की मां शारदाम्बा व गणपति की मूर्तियों की वैदिक मंत्रोच्चार व विधि विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा की। साथ ही शिखर का कुम्भाभिषेक किया।
1 Feb 2025, 10:09:31 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: उपराष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और 73 देशों के राजनयिक आज पहुंचेंगे महाकुंभ, नहीं होगा ट्रैफिक डायवर्जन
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुम्भ मेला क्षेत्र में शनिवार को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के कई मंत्रियों सहित विश्व के 73 देशों के करीब 116 राजनयिक व प्रतिनिधि आ रहे हैं।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
1 Feb 2025, 09:40:39 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: डायवर्जन से दिनभर राहत आधी रात वनवे भी हटाया
Mahakumbh 2025 LIVE: मौनी अमावस्या पर उमड़ी भीड़ शुक्रवार सुबह तक कम हो गई। इसके बाद रेलवे ने यात्रियों को खुसरोबाग में डायवर्ट करना बंद कर दिया। दिनभर राहत रही। शुक्रवार रात 12 बजे के बाद स्टेशनों पर वनवे सिस्टम भी खत्म कर दिया। स्टेशन के दोनों तरफ से आवागमन शुरू हो गया। लेकिन यह सुविधा केवल एक फरवरी की आधी रात तक लागू रहेगी।
1 Feb 2025, 09:19:23 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: प्रयागराज की यात्रा हुई आसान, विमानों के किराए में 50% की कटौती; केंद्रीय मंत्री का बड़ा ऐलान
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ मेला 13 जनवरी से शुरू हुआ था और 26 फरवरी को समाप्त होगा। इस मेले में अब तक 20 करोड़ से अधिक श्रद्धालु शामिल हो चुके हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में प्रमुख स्नान घाटों पर भारी भीड़ के कारण भगदड़ भी हुई थी।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
1 Feb 2025, 09:04:41 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: पूर्व केंद्रीय मंत्री हंसराज अहीर ने किया पूजन
Mahakumbh 2025 LIVE: पूर्व केंद्रीय मंत्री व अन्य पिछड़ा आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैबिनेट दर्जा प्राप्त हंसराज अहीर ने कुम्भ नगर स्थित हर्षवर्धन मार्ग पर गोवर्धन मठ पुरी के शिविर में पूजन किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने महाकुम्भ मेला में पूरी जिम्मेदारी के साथ सावधानी बरती परंतु हादसा हो गया। जो घटना घटी, उससे वे दुखी हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ का आशीर्वाद भी लिया।
1 Feb 2025, 09:03:46 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: उपराष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और 73 देशों के राजनयिक आज आएंगे महाकुंभ
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ मेला क्षेत्र में शनिवार को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के कई मंत्रियों सहित विश्व के 73 देशों के करीब 116 राजनयिक व प्रतिनिधि आ रहे हैं। सीएम योगी सुबह 11 बजे बमरौली एयरपोर्ट आएंगे। यहां से हेलीकॉप्टर से डीपीएस हेलीपैड पर 11:45 बजे उप राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे।