दुष्कर्म का आरोपी सेना का जवान पहुंचा सलाखों के पीछे
Meerut News - लालकुर्ती पुलिस ने एक सेना के जवान को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 17 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहाँ उसे 14 दिन की न्यायिक...

लालकुर्ती पुलिस ने दुष्कर्म आरोपी सेना के जवान को शनिवार शाम न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। परिवार में आरोपी के खिलाफ गुस्सा है। मूलरूप से हाथरस निवासी एक सैन्यकर्मी का परिवार यहां रुड़की रोड स्थित सरकारी क्वार्टर में रहता है। परिवार में सैन्यकर्मी की पत्नी के अलावा 17 वर्षीय बेटी भी है। तीन जून की देर रात सैन्यकर्मी की बेटी अपने क्वार्टर से नीचे उतरी तभी दूसरे क्वार्टर में रहने वाले एक अन्य सैन्यकर्मी ने नशे की हालत में किशोरी को जबरन अपने क्वार्टर में खींच लिया था और उसके साथ दुष्कर्म किया था।
अगले दिन किशोरी के पिता ने लालकुर्ती थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद आरोपी अपनी पत्नी को लेकर मथुरा भाग गया था। थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार सिंह ने किशोरी की डाक्टरी कराई और उसके बयान दर्ज किए। शुक्रवार को न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद आरोपी की घेराबंदी शुरू की। थानाध्यक्ष ने आरोपी से फोन पर बात कर समझौते का भरोसा दिलाया। जैसे ही वह मेरठ लौटा, उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि शनिवार को पुलिस ने आरोपी सैन्यकर्मी को रिमांड मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।