Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़innocent died and another child was injured due to bullet injuries during harsh firing at a wedding ceremony

शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से मासूम की मौत, एक अन्य बच्चा घायल, मौके से फरार हुए बाराती

देवरिया में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई जबकि एक अन्य बच्चा घायल हो गया है। फायरिंग के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, मौका मिलते ही बाराती भाग निकले।

Pawan Kumar Sharma हिन्दुस्तानTue, 10 Dec 2024 09:28 PM
share Share
Follow Us on
शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से मासूम की मौत, एक अन्य बच्चा घायल, मौके से फरार हुए बाराती

यूपी के देवरिया से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां बरहज थाना क्षेत्र के गड़ौना गांव में हर्ष फायरिंग में गोली लगने से एक मासूम की मौत हो गई जबकि एक अन्य बच्चा घायल हो गया। गोली लगने के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई। गोली तमंचे से चलने की बात कही जा रही है। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई।

खुखुंदू थाना क्षेत्र के जिगनी सोन्हौली गांव से गड़ौना गांव में विद्यासागर यादव के घर बारात आई हुई थी। वरमाला के समय रात के करीब दस बजे कुछ लोग फायरिंग करने लगे। उसी दौरान बारात देखने आए मदनपुर थाना क्षेत्र के महुई खड़ेसर गांव के रहने वाले निरंजन विश्वकर्मा के आठ साल के बेटे कान्हा विश्वकर्मा को गोली लग गई। आनन-फानन में लोग उसे लेकर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि मासूम को पेट और कंधे के निकट छर्रे लगे थे। वहीं, इस घटना में राजेश का बेटा छह साल का बेटा सोनू भी घायल हो गया। उसकी अंगुली में चोट लगी है। हादसे का शिकार कान्हा पिछले छह सालों से अपने नाना के घर पर गड़ौना गांव में रहता था। इस मामले में कान्हा के पिता निरंजन विश्वकर्मा ने पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।

ये भी पढ़ें:डीजे पर गाना बजाने को लेकर भिड़ गए बाराती और घराती, मारपीट में युवक की मौत

घटना के बाद भाग खड़े हुए बराती

घटना के बाद ग्रामीण गोली चलाने वाले को ढूंढ़ने लगे। अफरा-तफरी के बीच मौका देख बराती भाग खड़े हुए। ग्रामीणों का कहना है कि भीड़ में एक व्यक्ति तमंचे से फायरिंग कर रहा था। उसी की गोली बच्चे को लगी। गोली लगने के बाद कुछ लोगों ने पटाखा फटने की बात कहते हुए गुमराह करने का भी प्रयास किया। घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव हो गया। जैसे-तैसे विवाह की रश्म पूरी की गई।

इस मामले में सीओ बरहज आदित्य गौतम ने बताया कि बारात में फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक किशोर के मौत की जानकारी मिली है। कुछ लोग पटाखा से घटना होने की बात भी बता रहे हैं। मामले में मिली तहरीर के आधार पर छानबीन की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद केस दर्ज करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अगला लेखऐप पर पढ़ें