भगवान परशुराम जयंती पर पूजन और संकीर्तन से गूंजा वातावरण
Gonda News - करनैलगंज में भगवान विष्णु के छठवें अवतार परशुराम जी के प्राकट्य दिवस पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम की प्रतिमा का पूजन किया और सामूहिक भजन-कीर्तन हुआ। क्षेत्रीय...

करनैलगंज, संवाददाता। भगवान विष्णु के छठवें अवतार, परशुराम जी के प्राकट्य दिवस पर मंगलवार को सरयू घाट स्थित वन विभाग की नर्सरी परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं और समाज के प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में भगवान परशुराम की प्रतिमा पर विधिवत पूजन, माल्यार्पण एवं संकीर्तन का आयोजन हुआ। पूरा वातावरण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर रहा। समारोह में अधिवक्ता त्रिलोकी नाथ तिवारी ने भगवान परशुराम को शस्त्र और शास्त्र दोनों के ज्ञाता बताते हुए कहा कि उन्होंने सदैव शोषितों, वंचितों और उत्पीड़ितों के लिए संघर्ष किया तथा अत्याचारियों का विनाश किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम साहस, पराक्रम और न्याय के प्रतीक हैं। वे चिरंजीवी हैं और आज भी समाज को सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। अन्य प्रमुख अतिथियों में महंत राजूदास, धर्मेंद्र तिवारी, राजेश मिश्रा, हृदय नरायन मिश्र, अरविन्द शुक्ला, लक्ष्मी शंकर तिवारी, आशीष गिरि, मोहित पाण्डेय, विवेक सिंह एवं हितेश सिंह आदि शामिल रहे। आयोजक मंडल की ओर से देवेन्द्र दीक्षित, नंद किशोर तिवारी, अनूप मिश्रा, हर्षवर्धन मिश्रा, कीर्तिवर्धन मिश्रा व दिवाकर पाण्डेय, नान बाबू तिवारी ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए उन्हें अंग वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।