रिटायर्ड कर्मचारी पर चापड़ से जानलेवा हमला, उंगली कटी
Gangapar News - मऊआइमा में एक रिटायर्ड टेलीफोन कर्मचारी रामसजीवन पटेल पर रात में जानलेवा हमला हुआ। हमलावर ने धारदार चापड़ से हमला किया, जिससे उनकी उंगली कट गई और हाथों में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ...

मऊआइमा, हिन्दुस्तान संवाद। देर रात घर के बरामदे में सो रहे टेलीफोन विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी पर चापड़ से जानलेवा हमला किया गया। हमला रोकने में में उनकी एक उंगली कट गई और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ मऊआइमा थाने में तहरीर दी है। मऊआइमा के पिलखुआं निवासी 65 वर्षीय रामसजीवन पटेल अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। रात करीब एक बजे एक युवक दोनों हाथों में धारदार चापड़ लेकर पहुंचा और जानलेवा हमला किया जिसे रोकने के प्रयास में बुजुर्ग की दोनों हथेलियां बुरी तरह कट गईं और एक उंगली अलग हो गई।
गले पर भी चोटें आई हैं। रामसजीवन के शोर मचाने पर आरोपी गालियां और धमकी देते हुए भाग निकला। परिजनों ने यूपी डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार को परिजनों ने घायल रामसजीवन को थाने लाकर पूरी घटना की जानकारी दी। उनके बेटे विवेक पटेल ने परिवार के ही एक युवक पर हमले का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।