Hindi NewsUttar-pradesh NewsBijnor NewsResidents of Ashok Vihar Colony Struggle with Basic Amenities and Infrastructure Issues

बोले बिजनौर : इस कॉलोनी में सड़क न नाली, प्लाटों में भरा रहता है गंदा पानी

Bijnor News - अशोक विहार कॉलोनी के निवासियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जैसे जल निकासी की कमी, सफाई की व्यवस्था न होना, और आवारा गोवंश का खतरा। लोग सुविधाओं की तलाश में आए थे, लेकिन उन्हें समस्याओं का...

Newswrap हिन्दुस्तान, बिजनौरMon, 24 March 2025 06:03 PM
share Share
Follow Us on
बोले बिजनौर : इस कॉलोनी में सड़क न नाली, प्लाटों में भरा रहता है गंदा पानी

शहर में साथ सुथरा और अच्छा जीवन जीने के लिए अशोक विहार कॉलोनी में तो बस गए, लेकिन समस्याओं ने पीछा नहीं छोड़ा। एक नहीं अनेक समस्याओं से घिरे अशोक विहार कालोनी के लोग बेसब्री से उस दिन का इंतजार कर रहे हैं जब सुविधाएं मिलेंगी। यह कब मिलेगी यह कहना मुश्किल है। रसूलपुर पिरथी ग्राम पंचायत में शामिल इस कॉलोनी के लोगों को न तो गांव की सुविधा मिली और न ही शहर की। कालोनी में लोगों ने सफाई कर्मचारी एक लम्बे समय से नहीं देखे तो नालियों के न होने से जल निकासी का भी कोई इंतजाम नहीं है। शहरी बनने की ललक और एक अच्छे माहौल की तलाश में लोग अशोक विहार कॉलोनी में रहने तो आ गए, लेकिन समस्याओं में फंस गए। कॉलोनी के लोग कई समस्याओं से परेशान हैं और सपना देख रहे हैं कि जल्द ही इससे निजात मिलेगी। रजनीश, गुलशन गुप्ता, मीनाक्षी, शालिनी शर्मा का कहना है कि कॉलोनी में सबसे बड़ी समस्या जल निकासी का न होना है। कॉलोनी में नालियां नहीं बनी हैं जिससे लोगों के घरों का पानी खाली पड़े प्लाटों में जा रहा है। जल निकासी के लिए सड़क के दोनों और नालियों का निर्माण होना चाहिए, ताकि लोगों के घरों का पानी निकल सके। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में सफाई कर्मचारी एक लंबे समय से नहीं देखे हैं। सड़कों पर सफाई करने के लिए कॉलोनी में सफाई कर्मचारी नहीं आते हैं। सड़कों पर कूड़ा पड़ा रहता है। कूड़ा उठाने की कोई व्यवस्था नहीं है। ग्राम पंचायत स्तर से कोई भी गाड़ी घरों का कूड़ा उठाने के लिए नहीं आती है।

ललित कुमार शर्मा, मूलचंद, देवेन्द्र कुमार, नीरु आदि ने कहा कि कालोनी में मुख्य रास्ते पर 11 हजार की विद्युत लाइन जा रही है। इससे किसी भी समय कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इस 11 हजार के नंगे तारों के स्थान पर केबिल तार डलने चालिए। कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट लोगों ने अपने खर्च पर लगवाई है। रोशनी की व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में स्ट्रीट लाइट लगनी चाहिए ताकि रात में कॉलोनी में रोशनी हो सके। कॉलोनी में डस्टबिन आदि की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। न ही बुजुर्गों के बैठने के लिए बैंच आदि की व्यवस्था है। कॉलोनी में जिन मकानों की नाली बनी है उनकी नालियों की रोज सफाई होनी चाहिए। गर्मी शुरू हो रही है। मच्छरों की संख्या बढ़ रही है। मच्छरों से मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारी होने का खतरा रहता है। अशोक विहार कॉलोनी में कालोनी के लोगों को मच्छरों की समस्या से निजात दिलाने के लिए सप्ताह में एक बार फॉगिंग होनी चाहिए। कालोनी में फॉगिंग बिल्कुल भी नहीं होती है।

पार्क का सौन्दर्यकरण होना बेहद जरूरी

लोगों का कहना है कि कॉलोनी में पार्क तो है, लेकिन इसके सौन्दर्यकरण के नाम पर कुछ नहीं होता है। पार्क कम खाली प्लाट नजर आता है। कॉलोनी के पार्क का सौन्दर्यकरण बेहद जरूरी है। पार्क का सौन्दर्यकरण होगा तो कालोनी के लोग सुबह शाम पार्क में जाकर बैठ सकेंगे और पार्क की रौनक बढ़ जाएंगी।

आवारा गोवंश को पकड़वाकर भेजे गोशाला

गुलशन, दयावती ने कहा कि अशोक विहार कॉलोनी में आए दिन आवारा गोवंश भी नजर आते हैं। इनसे कॉलोनी के लोगों को खतरा भी रहता है। कॉलोनी के लोगों की सुरक्षा के लिए इन आवारा गोवंशों को पकड़कर गोशाला भेजा जाए।

कॉलोनी के खाली प्लाटों की होनी चाहिए सफाई

कॉलोनी में काफी प्लाट खाली पड़े हैं। इन प्लाटों में खड़ी घास में सांप आदि का खतरा बना रहता है। कॉलोनी में खाली प्लाटों की सफाई होनी चाहिए। इससे कॉलोनी में स्वच्छता की बयार बहेगी और जंगली जीव जन्तुओं का खतरा भी कम होगा।

अशोक विहार

कोट---

रात में अंधेरा रहता है, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए। अभी कॉलोनी वाले अपने स्तर पर लाइट की व्यवस्था कर रहे हैं। -गुलशन गुप्ता

कॉलोनी में सफाई करने कोई नहीं आता है। पंचायत के सफाई कर्मचारी द्वारा सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए। -रजनीश कुमार

आवारा गोवंश पूरी कॉलोनी में दिनभर घूमते फिरते हैं। जो कभी कभी हमलावर भी हो जाते है। उन पर नियंत्रण हो। - ललित कुमार शर्मा

गंदे पानी के निकास की कोई व्यवस्था नहीं है। कॉलोनी का पानी खाली प्लाटों में भर जाता है। जिसकी व्यवस्था बेहद जरूरी है। -मूलचंद

घरों का गंदा पानी पास के खाली प्लाट में भरा रहने से बीमारियां फैला सकता है। पानी निकासी की कोई ठोस व्यवस्था होनी चाहिए। -देवेन्द्र कुमार

कॉलोनी को मुख्य रोड से जोड़ना वाला रास्ता क्षतिग्रस्त है। जिसका सही होना बेहद जरूरी है। -राजकुमार

पार्क की नाम पर खाली प्लाट पड़ा है। जिसका साफ-सफाई और सौंदर्यकरण होना जरूरी है, ताकि बुजुर्ग बच्चे लाभ उठा सके। - दयावती

कॉलोनी में काफी संख्या में लंबे लंबे वृक्ष खडे़ है। जो बिजली की तारों में फॉल्ट कर देते हैं। वृक्षों की छंटाई होना आवश्यक है। - प्रभा शर्मा

घरों के गंदे पानी की निकासी के लिए सड़कों के किनारे नालियां बनवाई जाएं, ताकि गंदा पानी इधर-उधर न फैले। - मीनाक्षी

लोगों के घरों से निकलने वाले रोज के कूड़े के निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं है। कालोनी में कूड़ा गाड़ी आनी चाहिए। - नीरू

कूड़े के नियत स्थान पर एकत्र करने के लिए डस्टबिन लगवाए जाएं तथा उनके समय-समय पर निस्तारण के लिए सफाई कर्मी की जिम्मेदारी निर्धारित होनी चाहिए। - शालिनी शर्मा

कॉलोनी में बच्चों के खेलने के लिए पार्क के नाम पर खाली प्लाट है। पार्क में कोई व्यवस्था बच्चों के लिए भी होनी चाहिए। - राघव अग्रवाल

गर्मी शुरू होते ही कॉलोनी में मच्छरों की भरमार हो गई है। कीटनाशक दवा या फाकिंग का होना बेहद आवश्यक है। - शिखा

कॉलोनी के ऊपर से 11 हजार की एचटी लाइन जा रही है। जिससे हादसे का खतरा रहता है। एचटी लाइन के खुले तारों को केबिल तारों में बदला जाए। -सोमवती

सुझाव--

- कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए।

- पानी निकासी की व्यवस्था होनी चाहिए।

- आवारा गोवंशों से छुटकारा मिलना चाहिए।

- कॉलोनी के ऊपर से गुजर रही 11 हजार की एचटी लाइन शिफ्ट होनी चाहिए।

- कॉलोनी में सफाई कर्मचारी रोज आने चाहिए।

-------

शिकायतें

- कॉलोनी के ऊपर से 11 हजार की एचटी लाइन जाने से हादसे का अंदेशा।

- कॉलोनी में आवारा गौवंश का जमावड़ा रहता है।

- कॉलोनी में पानी निकासी की नहीं है कोई व्यवस्था

- खाली पड़े प्लाटों में खड़ी है बड़ी घास, जहरीला जीव जन्तुओं का खतरा

- कॉलोनी में पार्क के नाम पर पड़ा है खाली प्लाट

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें