Heat wave returns Kota temperature reaches 42.1 degrees western wind increasing heat कोटा में लौटी लू की लहर, तापमान 42.1 डिग्री पर पहुंचा, पश्चिमी हवा बढ़ा रही गर्मी, Jaipur Hindi News - Hindustan
Hindi Newsराजस्थान न्यूज़जयपुरHeat wave returns Kota temperature reaches 42.1 degrees western wind increasing heat

कोटा में लौटी लू की लहर, तापमान 42.1 डिग्री पर पहुंचा, पश्चिमी हवा बढ़ा रही गर्मी

कोटा शहर एक बार फिर भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान चार डिग्री की उछाल के साथ 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया,

Sat, 7 June 2025 10:34 AMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
कोटा में लौटी लू की लहर, तापमान 42.1 डिग्री पर पहुंचा, पश्चिमी हवा बढ़ा रही गर्मी

कोटा शहर एक बार फिर भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान चार डिग्री की उछाल के साथ 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी दो डिग्री बढ़कर 27 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले सप्ताह प्री-मानसून की हल्की बारिश ने कुछ राहत जरूर दी थी, लेकिन अब फिर से गर्म हवाओं ने जनजीवन को परेशान करना शुरू कर दिया है।

पश्चिमी हवा के प्रभाव के चलते दोपहर बाद शहर में लू जैसे हालात बने रहे। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण सड़कों पर आम दिनों की तुलना में आवाजाही कम नजर आई। बाजारों में भी रौनक फीकी रही। आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी तपती गर्मी के कारण दिनभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।

शहरवासियों ने एक बार फिर कूलर और एसी का सहारा लेना शुरू कर दिया है। जिन घरों और दफ्तरों में कुछ दिन पहले तक एसी और कूलर बंद पड़े थे, वे अब फिर से फुल स्पीड में चलने लगे हैं। बिजली की खपत में भी अचानक इजाफा दर्ज किया गया है। मौसम में आए इस बदलाव ने साफ कर दिया है कि भीषण गर्मी का दौर अभी कुछ और दिन जारी रह सकता है।

बारां, बूंदी और झालावाड़ में भी गर्मी का असर

कोटा संभाग के अन्य जिलों में भी गर्मी ने अपना असर दिखाया। बारां शहर समेत जिलेभर में दोपहर बाद तक आंशिक बादल छाए रहे, लेकिन गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिली। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भंवरगढ़ और आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, लेकिन उससे गर्मी में कोई खास फर्क नहीं पड़ा। वहीं बूंदी और झालावाड़ में भी तापमान में तेजी बनी रही और लू जैसे हालात महसूस किए गए।

अभी और बढ़ेगा तापमान, हीटवेव का अलर्ट जारी

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, फिलहाल आसमान साफ रहने और पश्चिमी हवाओं के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव का असर बना रहेगा। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। अगले दो दिन यानी 8 और 9 जून को कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन इसके बाद मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 8 से 10 जून के बीच बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में हीटवेव के साथ-साथ धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस दौरान तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लू और गर्मी जनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाएगा।

जनता से सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के समय दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, हल्के और सूती कपड़े पहनें और घरों में ही ठंडी जगहों पर रहें। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में अगले तीन दिन मौसम का मिजाज काफी गर्म और असहज रहने वाला है। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी के तीखे तेवरों से राहत मिलने की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।