Patparganj election Results 2025: भाजपा ने ध्वस्त किया AAP का किला, अवध ओझा की बड़ी हार
- atparganj Chunav Parinam 2025: पटपड़गंज विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अवध ओझा बुरी तरह हार गए हैं। भाजपा प्रत्याशी रविंद्र नेगी ने अवध ओझा को 28072 वोटों के अंतर से हराया।

Patparganj Chunav Parinam 2025: दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर भाजपा बंपर सीटों के साथ 27 साल बाद सरकार बनाने जा रही है। पटपड़गंज सीट पर भाजपा प्रत्याशी रविंद्र नेगी ने आम आदमी पार्टी के किले को ध्वस्त कर दिया। यहां से आप ने शिक्षक अवध ओझा को मैदान में उतारा था। वो हार गए हैं। यह सीट दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया द्वारा छोड़े जाने के कारण चर्चा में थी।
Patparganj Chunav Parinam 2025 Updates:
2:06 PM: पटपड़गंज विधानसभा सीट पर फाइनल नतीजे आ चुके हैं। यहां से भाजपा प्रत्याशी रविंद्र नेगी ने आप के किले को ध्वस्त कर दिया है। रवि नेगी को 74060 वोट मिले। दूसरे नंबर पर आप के अवध ओझा को 45988 वोट मिले। वहीं, तीसरे नंबर कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कुमार 16549 वोट ही हासिल कर पाए।
1:23 PM: पटपड़गंज विधानसभा सीट पर भाजपा के रविंद्र नेगी आप के अवध ओझा से 25681 वोट के अंतर से आगे चल रहे हैं। भाजपा की जीत लगभग तय है। इस सीट पर पिछले दो चुनाव में आप ने जीत दर्ज की थी। पिछले दो बार के चुनाव में मनीष सिसोदिया ने यहां से चुनाव लड़ा था। इस बार सिसोदिया जंगपुरा से चुनाव लड़े, लेकिन हार गए।
12:41 PM: पटपड़गंज पर भाजपा ने बड़ा उलटफेर किया है। यहां से भाजपा प्रत्याशी रविंद्र नेगी की जीत लगभग तय मानी जा रही है। आप प्रत्याशी अवध ओझा की हार लगभग तय है। रविंद्र नेगी ने कहा, माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में हम लोग दिल्ली जीत रहे हैं उनका आशीर्वाद है उन्होंने जिस प्रकार दिल्ली में रैली की और उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया जो कुछ करेगा यहां पर भाजपा करेगी मोदी जी का लोगों ने कहना माना और दिल्ली में मोदी जी की सरकार बनने जा रही है यह जीत प्रधानमंत्री जी की जीत है मैं 28000 प्लस से जीता हूं अभी सर्टिफिकेट मिलना बाकी है।
12:16 PM: पटपड़गंज में सात राउंड की काउंटिंग के बाद आप प्रत्याशी अवध ओझा 15616 वोट से पीछे चल रहे हैं।
11:01 AM: पटपड़गंज विधानसभा सीट पर 5 राउंड की काउंटिंग के बाद आप प्रत्याशी अवध ओझा 11989 वोट से पीछे चल रहे हैं।
10:07 AM: पटपड़गंज में आप के अवध ओझा भाजपा के रविंद्र नेगी से 5596 वोट से पीछे चल रहे हैं।
9:40 AM: पटपड़गंज विधानसभा सीट पर आप प्रत्याशी अवध ओझा पीछे चल रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी रविंद्र नेगी आगे हैं।
8:47 AM: दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए पोस्टल बैलेट के बाद अब ईवीएम से काउंटिंग शुरू हो गई है। पटपड़गंज सीट पर भाजपा और आप में कड़ी टक्कर है।
8:27 AM: पटपड़गंज में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अवध ओझा अपनी सीट से पीछे चल रहे हैं। उन्हें आम आदमी पार्टी ने मनीष सिसोदिया की जगह टिकट दिया था। यहां उनका मुकाबला भाजपा के रविंद्र सिंह नेगी से है।
8:11 AM: पटपड़गंज विधानसभा सीट के लिए मतगणना शुरू हो गई है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती चल रही है।
पटपड़गंज सीट पर पिछले चुनावी परिणाम
पूर्वी दिल्ली की इस हॉट सीट पर पिछली दो बार आम आदमी पार्टी की जीत हुई है। इस सीट पर मनीष सिसोदिया ने पहले 2015 और फिर 2020 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। 2020 के चुनाव में भाजपा ने सिसोदिया के खिलाफ रविंद्र नेगी को ही उठाया था। तब सिसोदिया ने करीब 4 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। भाजपा ने इस बार भी पटपड़गंज से रविंद्र नेगी को अपना प्रत्याशी चुना है। हालांकि इस बार उनका मुकाबला अवध ओझा से है।