अब पंजाब जा रहे हैं अरविंद केजरीवाल? राज्यसभा में इस नेता की जगह लेने की अटकलें तेज
- 8 फरवरी को घोषित विधानसभा चुनाव के नतीजों में अरविंद केजरीवाल को दोहरी निराशा हाथ लगी थी। एक ओर जहां आप को भारतीय जनता पार्टी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। वहीं, खुद केजरीवाल भी नई दिल्ली सीट से चुनाव हार गए थे।

AAP यानी आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल नई पारी का आगाज कर सकते हैं। अटकलें हैं कि वह पंजाब से राज्यसभा जा सकते हैं। फिलहाल, इसे लेकर पार्टी या केजरीवाल की तरफ से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद आप सिर्फ पंजाब में ही सत्ता में रह गई है।
द ट्रिब्यून की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि आप के राज्यसभा सांसद संजीव अरोरा उप चुनाव के जरिए राज्य की राजनीति में एंट्री कर सकते हैं। चर्चाएं हैं कि वह आगामी लुधियाना पश्चिम सीट से विधानसभा उपचुनाव लड़ सकते हैं। फिलहाल, इस पर भी अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। खबरें ये भी हैं कि आप अरोरा की जगह केजरीवाल को ऊपरी सदन भेजने की योजना पर विचार कर रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने यह भी बताया है कि पंजाब से आप के 6 और राज्यसभा सांसदों ने भी केजरीवाल को अपनी सीट की पेशकश की है, लेकिन आप चीफ की तरफ से किसी ऑफर को स्वीकार नहीं किया गया है।
दिल्ली में बैठक के दौरान भी लगी थीं अटकलें
11 फरवरी को केजरीवाल ने पंजाब सरकार और विधायकों के साथ दिल्ली में बैठक की थी। तब विधायकों ने आप में अंदरूनी कलह से इनकार कर दिया था और बैठक को संतुलित बताया था। तब ऐसी अटकलें भी थी कि केजरीवाल पंजाब की राजनीति में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं, उनके लुधियाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा थी। हालांकि, आप सांसद मलविंदर सिंह कंग ने ऐसी खबरों को तवज्जों नहीं देते हुए बैठक को 'नियमित रणनीति सत्र' बताया था।
पंजाब में एंट्री के दावे
दिल्ली में हार के बाद से ही केजरीवाल के पंजाब जाने के दावे किए जा रहे हैं। राजौरी गार्डन सीट से चुनाव जीतने वाले और मंत्री बनने वाले मनजिंदर सिंह सिरसा ने पहले कहा था कि केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को दरकिनार कर सकते हैं। सिरसा ने दावा किया था, 'ऐसा कहा जा रहा है कि केजरीवाल यह कहकर भगवंत मान को अक्षम घोषित कर देंगे कि उन्होंने महिलाओं को 1,000 रुपये देने और नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर नियंत्रण जैसे वादे पूरे नहीं किए हैं। इसके बाद वह खुद ही कमान संभाल लेंगे।'
दिल्ली में मिली हार
8 फरवरी को घोषित विधानसभा चुनाव के नतीजों में केजरीवाल को दोहरी निराशा हाथ लगी थी। एक ओर जहां आप को भारतीय जनता पार्टी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। वहीं, खुद केजरीवाल भी नई दिल्ली सीट से चुनाव हार गए थे। भाजपा के प्रवेश वर्मा ने उन्हें 4 हजार से ज्यादा मतों से हराया था। चुनाव में केजरीवाल को कुल 25 हजार 999 वोट मिले थे।
इधर, 70 विधानसभा सीटों वाली दिल्ली में भाजपा ने 48 पर जीत हासिल कर सरकार बनाने में सफलता हासिल की थी। पार्टी ने मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता का चुनाव किया था।