दिल्ली की पटेल नगर सीट के सियासी दंगल में पुराने नेताओं में टक्कर, क्या हैं यहां के मुद्दे और इतिहास
दिल्ली की पटेल नगर विधानसभा सीट पर पार्टी बदलकर दूसरे दल में शामिल होने वाले नेताओं के बीच मुकाबला होगा। इस सीट पर जाटव समाज के मतदाताओं की अहम भूमिका रहती है।

दिल्ली की पटेल नगर विधानसभा सीट पर पार्टी बदलकर दूसरे दल में शामिल होने वाले नेताओं के बीच मुकाबला होगा। इस सीट पर जाटव समाज के मतदाताओं की अहम भूमिका रहती है। वर्ष 2020 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके जाटव समाज से आने वाले प्रवेश रतन इस बार 'आप' की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं। इसी तरह 'आप' सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे राजकुमार आनंद भाजपा से मैदान में हैं। इस सीट से कांग्रेस ने कृष्णा तीरथ को चुनावी मैदान में उतारा है। सियासी दंगल में पुराने नेताओं के बीच कड़ा मुकाबला है।...
एक नजर में सीट
पटेल नगर सीट पर 1993 में हुए चुनाव में यहां पर भाजपा के मेवा राम आर्य जीते थे। उसके बाद 1998, 2003 व 2008 के चुनाव में यहां से कांग्रेस के उम्मीदवार विजयी रहे। इनमें लगातार दो बार 1998 और 2003 में कांग्रेस के रमाकांत गोस्वामी ने जीत दर्ज कराई। वर्ष 2008 में राजेश लिलोठिया जीते। साल 2013, 2015 और 2020 में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। यहां से 2013 में आप से वीना आनंद जीतीं। वह राजकुमार आनंद की पत्नी हैं। इसके बाद 2015 में आप से हजारी लाल चौहान जीते।
साफ-सफाई सबसे बड़े मुद्दे
पटेल नगर विधानसभा सीट के अंतर्गत नगर निगम के चार वार्ड वेस्ट पटेल नगर, ईस्ट पटेल नगर, रंजीत नगर और बलजीत नगर आते हैं। स्थानीय निवासी अतुल ने बताया कि बलजीत नगर, पटेल नगर में विभिन्न जगहों पर सफाई को लेकर लोगों को काफी दिक्कतें होती हैं। बलजीत नगर में सड़कों पर कई जगहों पर कूड़ा और मलबा फैला हुआ है। यहां पर लोगों को इसके कारण पैदल चलने में भी दिक्कतें होती हैं। बारिश के दौरान नालियों में पानी ओवरफ्लो हो जाता है। ऐसे में आवाजाही में परेशानी होती है।

प्रमुख समस्याएं
● पटेल नगर क्षेत्र में शादीपुर डिपो मेट्रो रेड लाइट पर सड़कों की हालत बेहद खराब है।
● पटेल नगर में ग्राउंड फ्लोर पर कई व्यावसायिक दुकानें व शॉप बनी हुई हैं। यहां पर ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर भी लोगों को हर दिन काफी समस्या होती है।
● क्षेत्र में कई जगहों पर बिजली के बड़े तारों को व्यवस्थित करने की भी लगातार शिकायतें होती हैं।
● कई जगहों पर अवैध तरीके से कूड़े फेंके जा रहे।
● कॉलोनियों की गलियों में सड़कें ठीक नहीं हैं।
● सड़कों पर गड्ढ़ों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं।
कुल मतदाता : 2,01,703
पुरुष मतदाता : 1,08,977
महिला मतदाता : 92,693
थर्ड जेंडर : 33
2020 विधानसभा चुनाव के नतीजे
आम आदमी पार्टी : 73,463 वोट : 60.81%
भारतीय जनता पार्टी : 42,528 वोट : 35.20%
कांग्रेस : 3,382 वोट : 2.80%