Hindi Newsएनसीआर न्यूज़Delhi CM Rekha Gupta husband son mother-in-law reaction after oath taking ceremony

Rekha Gupta Family : दिल्ली में रेखा राज के आगाज पर क्या बोले CM के पति-सास और बेटा

दिल्ली में आज से रेखा राज के आगाज से उनका परिवार गदगद है। रेखा गुप्ता के पति, बेटे और सास सभी ने बेहद प्रसन्नता जाहिर की है। उनके बेटे कहा कि मां ने अपने दम पर राजनीति में अपने लिए जगह बनाई है। वहीं अपनी बहू की कामयाबी पर उनकी सास ने कहा कि उसे कड़ी मेहनत करने की आदत है। वह सब संभाल लेगी।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली। एएनआईThu, 20 Feb 2025 02:32 PM
share Share
Follow Us on
Rekha Gupta Family : दिल्ली में रेखा राज के आगाज पर क्या बोले CM के पति-सास और बेटा

दिल्ली में आज से रेखा राज के आगाज से दिल्ली की तमाम महिलाओं और कार्यकर्ताओं के साथ ही परिवार भी गदगद है। भाजपा के टिकट पर शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता शपथ ग्रहण के बाद दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बन गई हैं। ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री बनाए जाने पर उनके पति, बेटे और सास ने बेहद प्रसन्नता जाहिर की है। उनके बेटे कहा कि मां ने अपने दम पर राजनीति में अपने लिए जगह बनाई है। वहीं अपनी बहू की कामयाबी पर उनकी सास ने कहा कि उसे कड़ी मेहनत करने की आदत है। वह सब संभाल लेगी।

ये भी पढ़ें:दिल्ली की CM रेखा गुप्ता को कितनी मिलेगी सैलरी, कौन-कौन सी होंगी सुविधाएं फ्री

यकीन करने के लिए खुद को चुटकी बजानी पड़ी : रेखा गुप्ता के दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद उनके पति मनीष गुप्ता ने कहा, “हमें बेहद गर्व महसूस हो रहा है। हम बेहद खुश हैं। हम जिम्मेदारी को समझ सकते हैं। हमें इस बात पर यकीन करने के लिए खुद को चुटकी बजानी पड़ी। यह हमारा सौभाग्य है। पीएम मोदी का विजन ही सीएम का विजन है, रेखा जी का विजन है।”

ये भी पढ़ें:बहू के दिल्ली की CM बनने पर क्या बोलीं रेखा गुप्ता की सास, पड़ोसन ने कही यह बात

मां ने अपने दम पर अपने लिए जगह बनाई : रेखा गुप्ता के बेटे निकुंज गुप्ता ने कहा, "हम सभी को बहुत गर्व है, खासकर परिवार के सदस्यों को। हमने उन्हें कई सालों तक काम करते देखा है, हमने उनके सारे उतार-चढ़ाव देखे हैं। हमने उनके सारे मानसिक और शारीरिक तनाव देखे हैं। हम देख सकते हैं कि राजनीति का क्षेत्र कितना कठिन है। मेरी मां एक सच्ची नेता हैं, उनके पास कोई राजनीतिक सपोर्ट नहीं था। उन्होंने यह सब अपने दम पर शुरू किया, डूसू से शुरुआत की, इसलिए, हम बेहद खुश हैं कि मां ने अपने दम पर राजनीति में अपने लिए जगह बनाई है। मुझे अपनी मां और पार्टी पर पूरा भरोसा है।"

खुशी के आगे मेरी झोली छोटी पड़ गई : रेखा गुप्ता की सास मीरा गुप्ता ने कहा, “उन्होंने अपने दम पर काम किया। अपने घर और समाज दोनों का ख्याल रखना। उसने दो साल तक पूरे शालीमार बाग का ख्याल रखा। उसे कड़ी मेहनत करने की आदत है। वह सब संभाल लेगी। हम सब बहुत खुश हैं। इस खुशी को मैं बता नहीं सकती। इतनी खुशी के आगे मेरी झोली छोटी पड़ गई।”

दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री

बता दें कि, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक बनीं 50 वर्षीय रेखा गुप्ता दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। वह सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की भी चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके साथ ही वह, वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं। भाजपा ने अरविंद केजरीवाल नीत आम आदमी पार्टी (आप) के 10 साल के शासन पर विराम लगाते हुए दिल्ली में 27 साल बाद सत्ता में वापसी की है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें