EXIT POLL: हाथ मिला लें कांग्रेस-केजरीवाल तो भी BJP मचा रही धमाल, INDIA गठबंधन फ्लॉप
- अधिकांश एग्जिट पोल्स दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के सरकार बनाने का अनुमान जता रहे हैं। जबकि, कुछ आम आदमी पार्टी और बीजेपी में कांटे की टक्कर की संभावना जता रहे है

लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन के तौर पर ताकत झोंकने वाले आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दिल्ली विधानसभा में अलग-अलग लड़े। हालांकि, इसके बाद भी एग्जिट पोल में दोनों पार्टियां मिलकर बहुमत से दूर नजर आ रही हैं। वहीं, अधिकांश एग्जिट पोल्स दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के सरकार बनाने का अनुमान जता रहे हैं। 70 विधानसभा सीटों वाली दिल्ली में बहुमत के लिए 36 सीटें चाहिए।
चाणक्य स्ट्रेटेजी
इस एग्जिट पोल में भाजपा को 39 से 44 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि, आप 25 से 28 सीटें हासिल कर सकती है। कांग्रेस को 2-3 सीटें मिलती दिख रही हैं। अगर अनुमान की अधिकतम संख्या को भी जोड़ दिया जाए, तो भी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी मिलकर 31 सीटें ही हासिल कर रहे हैं।
जेवीसी
जेवीसी के एग्जिट पोल ने आप को 22 से 31 सीटें जीतने का अनुमान जताया है। जबकि, कांग्रेस 0 से 2 का आंकड़ा हासिल कर सकती हैं। दोनों दलों की सीटों का मिलाकर जोड़ 33 तक पहुंच रहा है। जबकि, इस एग्जिट पोल में भाजपा 39 से 45 सीटें हासिल करती नजर आ रही है।
पी मार्क
P Marq के एग्जिट पोल के अनुसार, दिल्ली में आप को 21 से 31 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, भाजपा की झोली में 39 से 49 सीटें आ सकती हैं। इस लिहाज से पार्टी अपने दम पर बहुमत हासिल करती नजर आ रही है। जबकि, कांग्रेस को 0 से 1 सीट मिलती दिख रही है। इस लिहाज से कांग्रेस और आप साथ आएं तो भी 32 सीटें हो रही हैं।
पीपुल्स इनसाइट
यहां कांग्रेस को 0 से 1 सीट मिलने का अनुमान है। जबकि, भाजपा 40 से 44 सीटों के साथ बहुमत लेकर सरकार बनाती नजर आ रही है। पीपुल्स इनसाइट के एग्जिट पोल का अनुमान है कि आप को 25 से 29 सीटें मिल सकती हैं। ऐसे में दोनों दल मिलकर 30 की संख्या तक पहुंच रहे हैं।
मैट्रीज
मैट्रीज के एग्जिट पोल आप को कुछ राहत दे सकते हैं, लेकिन यहां भी पार्टी की भाजपा के साथ कांटे की टक्कर है। यहां आप को 32 से 37 और भाजपा को 35 से 40 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। जबकि, कांग्रेस 0 से 1 पर सिमट सकती है।
डीवी रिसर्च
डीवी रिसर्च के एग्जिट पोल के आंकड़े बता रहे हैं कि भाजपा 36 से 44 सीटें हासिल कर सकती है, जो बहुत से एक सीट ज्यादा है। जबकि, कांग्रेस का खाता भी खुलता नजर नहीं आ रहा है। वहीं, आप के 26 से 34 सीटें जीतने का अनुमान है। यहां आप बहुमत हासिल करने से 2 सीट पिछड़ती नजर आ रही है।