Hindi Newsमहाराष्ट्र न्यूज़eknath shinde suddenly stops convoy for an injured man on road

गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में जा रहे थे एकनाथ शिंदे, सड़क पर अचानक रोका काफिला फिर...

  • गणतंत्र दिवस के मौके पर कार्यक्रम में शामिल होने जाते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अचानक अपना काफिला रोक दिया और एक घायल शख्स की मदद के लिए उतर पड़े।

Ankit Ojha लाइव हिन्दुस्तानSun, 26 Jan 2025 08:14 PM
share Share
Follow Us on
गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में जा रहे थे एकनाथ शिंदे, सड़क पर अचानक रोका काफिला फिर...

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसपर लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो गणतंत्र दिवस के दिन का ही है। उनका काफिला गुजर रहा था तभी शिंदे ने देखा कि एक मोटरसाइकल सवार घायल हो गया है। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने तत्काल अपना काफिला रुकवा दिया और वह खुद गाड़ी से उतर गए। शिंदे घायल शख्स के पास पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचवाने का इंतजाम करवाया।

वीडियो में देखा जा सकता है कि घायल शख्स को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा है। एकनाथ शिंदे ने अपने काफिले के सभी वाहनों को किनारे लगवा दिया। बताया गया कि वह 76वें गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसके बाद वह साकेत पुलिस ग्राउंड ठाणे के कार्यक्रम में पहुंचे। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नॉर्थ चैनल ब्रिज का उद्घाटन किया। यह पुल मुंबई कोस्ट्ल रोड प्रोजेक्ट और वर्ली बांद्रा सीलिंक को जोड़ेगा।

शिंदे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, देश 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है कि और ठाणे जिला भी लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। जिले में सड़क, रेलवे और मेट्रो नेटवर्क को लेकर बड़े परिवर्तन हो रहे हैं। हमारा यह जिला कृषि, उद्योग, सेवा और रोजगार समेत सभी क्षेत्रों में अग्रणी है।

इस अवसर परमंत्री आशीष शेलार तथा मंगल प्रभात लोढ़ा मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने इस पुल के साथ ही तीन ‘इंटरचेंज’ का भी उद्घाटन किया, जो वर्ली, प्रभादेवी, लोअर परेल और लोटस जंक्शन जैसे क्षेत्रों में जाने वाले वाहनों के लिए आवाजाही का साधन बनेंगे। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि कोस्टल रोड प्रतिदिन सुबह सात बजे से आधी रात तक वाहनों की आवाजाही के लिए खुली रहेगी।

विज्ञप्ति के मुताबिक, इसके साथ ही उत्तर की ओर जाने वाला पुल 27 जनवरी से जनता के लिए खोल दिया जाएगा। विज्ञप्ति में कहा गया कि उत्तर की ओर जाने वाले पुल के न होने पर उत्तर और दक्षिण की ओर जाने वाले यातायात को दक्षिण की ओर बने पुल पर भेजा जाता था, जिसे कुछ महीने पहले जनता के लिए खोला गया था। उत्तर की ओर जाने वाला पुल 827 मीटर लंबा है, जिसमें 699 मीटर समुद्र के ऊपर और 128 मीटर का पहुंच मार्ग है। महत्वाकांक्षी मुंबई कोस्टल रोड परियोजना को दक्षिण मुंबई से उत्तरी उपनगरों तक तेजी से पहुंच प्रदान करने के लिए चरणों में विकसित किया जा रहा है, जो नरीमन पॉइंट से दहिसर तक फैला हुआ है। (भाषा से इनपुट्स के साथ)

अगला लेखऐप पर पढ़ें