राजनीति में कोई ना परमानेंट; एकनाथ शिंदे को भाजपा मंत्री का चैलेंज, गढ़ में लगाया जनता दरबार
- गणेश नाइक ने इस दौरान एकनाथ शिंदे को लेकर कुछ नहीं कहा, लेकिन इशारों में दिलचस्प टिप्पणी कर गए। गणेश नाइक ने कहा कि राजनीति में किसी की भी पकड़ स्थायी नहीं रहती। नेतृत्व बदलता रहा है। यह चीज तो जनता की स्वीकार्यता पर भी निर्भऱ करती है कि किस का दबदबा रहेगा।
महाराष्ट्र की राजनीति में भाजपा और एकनाथ शिंदे भले ही साथ में सरकार चला रहे हैं, लेकिन दोनों के बीच शीत युद्ध भी जारी है। इस बीच एकनाथ शिंदे को एक और चैलेंज मिला है। उनके ही गढ़ ठाणे में भाजपा के मंत्री गणेश नाइक ने सोमवार को जनता दरबार लगाया। इसके अलावा अगले महीने फिर से जनता की सुनवाई करने की बात कही। गणेश नाइक ने इस दौरान एकनाथ शिंदे को लेकर कुछ नहीं कहा, लेकिन इशारों में दिलचस्प टिप्पणी कर गए। गणेश नाइक ने कहा कि राजनीति में किसी की भी पकड़ स्थायी नहीं रहती। नेतृत्व बदलता रहा है। यह चीज तो जनता की स्वीकार्यता पर भी निर्भऱ करती है कि किस का दबदबा रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि अब अगले महीने फिर से वह ठाणे में जनता दरबार लगाएंगे। बीते कई सप्ताह से एकनाथ शिंदे और भाजपा के बीच मतभेद की खबरें चल रही हैं। एक तरफ गणेश नाइक ने एकनाथ शिंदे के गढ़ में जनता दरबार लगाया तो वहीं पिछले दिनों एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुझे हल्के में मत लेना। उन्होंने कहा था कि मैंने 2022 में सरकार बदल दी थी। किसी को मुझे हल्के में नहीं लेना चाहिए। ठाणे के भाजपा नेता संजय वाघुले ने कहा कि जनता दरबार में 400 टोकन बांटे गए। इस दौरान नागरिक सुबह 8 बजे से ही पहुंचने लगे थे। गणेश नाइक पड़ोस के नवी मुंबई से विधायक हैं। लेकिन एक दौर में उनका ठाणे में जलवा था और अब वह फिर से यहां पकड़ बनाना चाहते हैं।
माना जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व की ओर से भी गणेश नाइक को प्रमोट किया जा रहा है ताकि एकनाथ शिंदे को कंट्रोल किया जा सके। वन मंत्री गणेश नाइक का कहना है कि वह इसलिए ठाणे में दरबार लगा रहे हैं ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लंबी यात्रा न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि भाजपा को ठाणे में भी लगातार ताकत मिल रही है। उन्होंने कहा कि राजनीति में उतार और चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन मुख्य चीज तो जनता के बीच इमेज और स्वीकार्यता है। इस कार्यक्रम में एनसीपी के विधायक संजय केलकर और एमएलसी और निरंजन दावखेरे भी शामिल थे। गणेश नाइक यूं तो पालघर जिले के प्रभारी मंत्री हैं, लेकिन ठाणे में भी दरबार लगा रहे हैं।
उन्होंने शिवसेना नेता प्रताप सरनाइक की ओर से पालघर में जनता दरबार लगाने के फैसले को सही ठहराया और कहा कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। गणेश नाइक ने कहा कि मैं दोनों जिलों के हर तालुका में जाऊंगा और लोगों की समस्याओं का समाधान करूंगा। नाइक के बेटे संजीव का कहना है कि सीएम फडणवीस ने ही कहा है कि जनता दरबार लगाए जाएं ताकि लोगों तक पहुंचा जा सके। उनके काम मंत्रालय आए बिना ही पूरे हो सकें।