एमपी के खंडवा में शख्स ने VIDEO रिकॉर्ड कर दी जान; पत्नी और एक शख्स को बताया जिम्मेदार
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या जैसी घटना सामने आई है। इसमें सुसाइड करने वाले पीड़ित ने एक वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद जान दी है। पीड़ित ने सुसाइड के लिए पत्नी और एक अन्य शख्स को जिम्मेदार ठहराया है।

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या जैसा दर्दनाक मामला सामने आया है। खंडवा जिले में 37 साल एक शख्स ने वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद आत्महत्या कर ली। आरोपी ने अपनी पत्नी और एक अन्य शख्स पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एक वीडियो छोड़ा है। इस वीडियो में उसने अपनी पत्नी और शख्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि गुरुवार को व्यक्ति की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज कुमार राय ने बताया कि आत्महत्या से पहले उसने वीडियो रिकॉर्ड किया जो उसके मोबाइल फोन में मिला है। करीब चार मिनट के वीडियो में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी और एक अन्य शख्स ने उसे परेशान किया, जिसके लिए उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
पीड़ित वीडियों में बार-बार कह रहा है कि वह बहुत परेशान है। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी शख्स ने उसकी पत्नी के साथ रेप किया था। पीड़ित ने यह भी कहा है कि उसे न्याय मिलना चाहिए और उसकी पत्नी और उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने वाले शख्स दोनों को दंडित किया जाना चाहिए। उसने कहा कि वह पत्नी के साथ रहना चाहता था, लेकिन उसने साथ रहने से इनकार कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वीडियो से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना बेंगलुरु के एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या करने के कुछ हफ्ते बाद सामने आई है, जिसने एक वीडियो और एक लंबा सुसाइड नोट छोड़ा था। इसमें अतुल सुभाष ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। अतुल सुभाष ने 9 दिसंबर को आत्महत्या कर ली थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।