रंगोली बनानी नहीं आती तो जरूर जान लें ये मजेदार हैक्स, दिवाली पर बना खूबसूरत डिजाइन देख हर कोई करेगा तारीफ
बिना रंगोली बनाए दिवाली की डेकोरेशन अधूरी है। हालांकि रंगोली बनाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। अगर रंगोली बनाने में आपका हाथ भी जरा तंग है तो ये सिंपल टिप्स आपके बड़े काम आ सकती हैं।

आजकल कोई भी तीज-त्यौहार हो, पूजा-पाठ हो या कोई भी सेलिब्रेशन रंगोली जरूर बनाई जाती है। द्वार पर बनी रंगोली देखने में भी बहुत खूबसूरत लगती है और इसका धार्मिक महत्व भी होता है। कहते हैं कि द्वार पर रंगोली बनाने से मां लक्ष्मी का आगमन होता है। ऐसे में दिवाली, जिसे मां लक्ष्मी के आगमन का ही त्यौहार कहा जाता है, उस दिन तो रंगोली बनाना और जरूरी हो जाता है। बिना रंगोली दिवाली की डेकोरेशन में भला वो बात कहां आ पाती है। हालांकि इस बात से तो आप भी सहमत होंगे कि रंगोली बनाना हर किसी के बस की बात नहीं। कई बार या तो सुंदर डिजाइन नहीं बन पाता, बन भी गया तो उसमें रंग अच्छे से नहीं भर पाता। अगर आपका हाथ भी रंगोली बनाने में जरा तंग है तो, चिंता की कोई बात नहीं क्योंकि आज हम आपके लिए कुछ ऐसी टिप्स लेकर आए हैं, जो आपका काम बहुत आसान कर देंगी।
छोटी शेप से करें रंगोली बनाने की शुरुआत
अगर आप रंगोली बनाने में परफेक्ट नहीं हैं और आपको दीपावली के मौके पर एक बड़ी सी खूबसूरत रंगोली बनाकर तैयार करनी है, तो छोटी शेप्स के साथ रंगोली का पैटर्न बनाना शुरू करें। पहले रंगोली का सेंटर पॉइंट बना लें। फिर सेंटर पॉइंट से बाहर की तरफ छोटे-छोटे डिजाइन बनाते हुए बड़ी रंगोली बनाएं। इस बात का ध्यान रखें कि जो भी पैटर्न बनाएं वो सेंटर के हर तरफ, सेम साइज का बना हो। इससे रंगोली में परफेक्शन नजर आएगा।
बैंगल और प्लेट से बनाएं सर्कुलर शेप
रंगोली में सर्कुलर शेप बनाने के लिए आप मीडियम साइज की राउंड प्लेट, बैंगल या वॉटर बॉटल के कैप का इस्तेमाल कर सकती हैं। इससे शेप परफेक्टली बनकर तैयार होंगे। इसके अलावा बड़े शेप में कलर फिल करने के लिए, चाय की छलनी और आटा छानने वाली छलनी का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे शेप में कलर इक्वली डिस्ट्रीब्यूट होगा, जिससे रंगोली सुंदर बनकर तैयार होगी।
ईयरबड और चम्मच से दें डिजाइन को शेप
रंगोली में छोटे-छोटे और बड़े-बड़े फूलों के डिजाइन को परफेक्ट शेप देने के लिए ईयरबड और चम्मच का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे फ्लॉवर का डिजाइन आसानी से बिल्कुल परफेक्ट बनकर तैयार होता है। इसके लिए बस आपको फ्लॉवर के साइज के अकॉर्डिंग कलर ड्रॉप करना है। अब चम्मच की मदद से उसे फैलाते हुए एक फ्लॉवर शेप देनी है। यकीन मानिए आपने एक बार इसे ट्राई किया तो ये बहुत आसानी से बन जाएगा। ध्यान रखें छोटे साइज के फ्लॉवर के लिए ईयरबड से और बड़े साइज के फ्लॉवर के लिए चम्मच का यूज करना है।
फूलों वाली रंगोली से सजाएं घर का आंगन
रंगों की तुलना में फूलों की रंगोली बनाना आसान होता है, क्योंकि इसके फैलने के चांसेस नहीं होते हैं। सबसे पहले किसी चॉक की मदद से एक डिजाइन बनाकर तैयार कर लें। फिर फूलों से उसे फिल कर दें। आप रंग-बिरंगे फूलों के अलावा पत्तियां का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। इससे कलर कॉन्बिनेशन खिल कर आएगा और रंगोली बहुत ही खूबसूरत लगेगी। पत्तियों से आप रंगोली के बॉर्डर एरिया की आउटलाइनिंग कर सकती हैं, जिससे रंगोली का डिजाइन साफ नजर आएगा। दिवाली पर तैयार रंगोली की खूबसूरती को बढ़ाने के लिए इस पर कैंडल्स या दीया लगाकर डेकोरेट करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।