झुकेंगे नहीं; यूक्रेन जंग खत्म करने चले थे ट्रंप, रूस ने दे दिया तगड़ा झटका, पश्चिम को भी भेजा कड़ा संदेश
- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फोन बातचीत के बाद रूस ने पश्चिमी देशों को दो टूक संदेश दे दिया है।

रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय राजनीति गरमा गई है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फोन बातचीत के बाद रूस ने पश्चिमी देशों को दो टूक संदेश दे दिया है। रूस के सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने कहा कि पश्चिमी देशों को यह समझ लेना चाहिए कि रूस को हराया नहीं जा सकता।
मेदवेदेव ने अमेरिकी नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा, "इस दुनिया में कोई एक मुख्य देश और उसका सर्वोच्च शासक नहीं हो सकता। घमंड में डूबे अमेरिकी नेतृत्व को यह सीख लेना चाहिए।" उन्होंने यह भी कहा कि रूस को झुकाना नामुमकिन है और जितनी जल्दी पश्चिमी देश यह बात समझ लेंगे, उतना ही उनके लिए बेहतर होगा।
रूस का सख्त संदेश
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार यूक्रेन युद्ध खत्म करने की बात कह रहे हैं। वे अपने चुनाव प्रचार में यह दावा कर चुके हैं कि अगर वे सत्ता में आते हैं, तो इस युद्ध को जल्दी खत्म कर देंगे। लेकिन पुतिन और ट्रंप की बातचीत के बाद रूस का यह कड़ा बयान पश्चिमी देशों के लिए एक चुनौती बन सकता है।
रूस पहले भी स्पष्ट कर चुका है कि वह पश्चिमी प्रतिबंधों और सैन्य दबाव से घबराने वाला नहीं है। इस बातचीत के बाद रूस की ओर से आए कड़े शब्द इस बात का संकेत देते हैं कि पुतिन किसी भी सूरत में पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
पश्चिमी देशों के लिए कड़ा संदेश
रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिका और यूरोपीय देश लगातार रूस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, रूस ने साफ कर दिया है कि उसे झुकाया नहीं जा सकता और उसके खिलाफ की गई कोई भी साजिश बेकार साबित होगी। मेदवेदेव के इस बयान से यह भी साफ हो गया कि चाहे ट्रंप यूक्रेन युद्ध खत्म करने की कितनी भी कोशिश करें, रूस अपनी शर्तों पर ही कोई फैसला करेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।