अवैध प्रवासियों को निकालने में ट्रंप के भी उस्ताद पूर्व राष्ट्रपति, सबसे आगे कौन? ओबामा या बाइडेन
पूर्व राष्ट्रपतियों के कार्यकाल में भी बड़े पैमाने पर अवैध प्रवासियों का अमेरिका से निर्वासन हुआ है लेकिन चुनावों में पहली बार ट्रंप ने अवैध प्रवासियों और सीमा सुरक्षा को बड़ा मुद्दा बनाया था

अमेरिका से जबरन भारत भेजे गए अवैध प्रवासियों पर भारत में संसद से सड़क तक हंगामा हो रहा है। सबसे ज्यादा हो-हल्ला प्रवासियों को जबरन भेजने के तौर तरीकों पर हो रहा है। इस बीच, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया कि भारतीयों का डिपोर्टेशन पहली बार नहीं हुआ है। उन्होंने ट्रंप से पहले के राष्ट्रपतियों के कार्यकाल में हुए डिपोर्टेशन का भी ब्यौरा दिया। उधर, अमेरिका में ट्रंप के इस कदम की सराहना हो रही है।
अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) ने आकंड़ा जारी कर कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल के पहले दो हफ्तों में करीब 5,700 अवैध अप्रवासियों को जबरन देश से निकाला गया है और उनके देशों में डिपोर्ट किया गया है। न्यूजवीक की एक रिपोर्ट में एक अमेरिकी विशेषज्ञ के हवाले से कहा गया है कि अगर ट्रंप प्रशासन डिपोर्टेशन के मामले में इसी रफ्तार से आगे बढ़ता रहा तो वह पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल में डिपोर्ट किए गए कुल प्रवासियों की आधी संख्या को हासिल कर लेंगे।
121 देशों में 5,693 लोग जबरन डिपोर्ट
बता दें कि पूर्व राष्ट्रपतियों के कार्यकाल में भी बड़े पैमाने पर अवैध प्रवासियों का अमेरिका से निर्वासन हुआ है लेकिन चुनावों में पहली बार ट्रंप ने अवैध प्रवासियों और सीमा सुरक्षा को बड़ा मुद्दा बनाया था और सरकार बनने पर उन्हें जबरन डिपोर्ट करने का वादा किया था। 20 जनवरी को दूसरी बार राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने अब तक कुल 121 देशों में 5,693 लोगों को जबरन डिपोर्ट किया है। अमेरिका में अब पहली बार दैनिक आधार पर सोशल मीडिया पर रोजाना आंकड़े अपडेट किए जा रहे हैं कि कितने अवैध प्रवासियों का निर्वासन किया गया और सीमा पर कितनी गिरफ्तारियां हुई हैं।
सबसे ज्यादा निर्वासन कब?
DHS के आंकड़ों के अनुसार, ट्रंप शासन में 20 जनवरी से 3 फरवरी, 2025 तक दो सप्ताह में 5,693 लोगों को 121 देशों में निर्वासित किया गया है। इसमें यह भी बताया गया है कि पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल में नवंबर 2024 तक निर्वासितों का मासिक आंकड़ा कुल 48,970 था, जो औसतन प्रति सप्ताह 12,200 होता है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जो बाइडेन के कार्यकाल यानी जनवरी 2021 और नवंबर 2024 के बीच 46 लाख से अधिक लोगों को अमेरिका से जबरन निष्कासित किया गया था, जिसमें मार्च 2022 में सबसे अधिक 1,47,080 लोग शामिल हैं।
बाइडेन से पहले यानी ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान, कुल 21 लाख लोगों को निर्वासित किया गया था। ट्रंप के पहले कार्यकाल में सबसे ज्यादा मासिक निष्कासन अक्टूबर 2020 में हुआ था, जब 91,120 अवैध अप्रवासियों को उनके देशों में जबरन भेज दिया गया था। इसी तरह पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के दो कार्यकालों के दौरान भी कुल 53 लाख लोगों को अमेरिका से निष्कासित किया गया था। ओबामा के कार्यकाल के पहले 5 वर्षों का मासिक डेटा उपलब्ध नहीं है, लेकिन उनके कार्यकाल के पहले वर्ष 2009 में 9,73,937 लोगों को डिपोर्ट किया गया था, जो उनके समग्र कार्यकाल यानी आठ वर्षों में सबसे ज्यादा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।