WPL 2025: आखिरी गेंद पर जीती दिल्ली कैपिटल्स, सुपर ओवर होते-होते बचा; ऐसा था 20वें ओवर का रोमांच
- मुंबई इंडियंस के खिलाफ WPL 2025 के दूसरे मैच में आखिरी गेंद पर दिल्ली कैपिटल्स को जीत मिली। ऐसे में सुपर ओवर होते-होते बचा। 20वें ओवर का रोमांच देखने लायक था, क्योंकि सिर्फ 6 रन ही जीत के लिए चाहिए थे।

WPL 2025 का दूसरा मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की। ऐसे में टूर्नामेंट की शुरुआत में ही सुपर ओवर होने से बच गया। मुंबई इंडियंस की टीम आखिरी गेंद पर दो रन नहीं बचा पाई। अगर एक रन भी जाता तो सुपर ओवर की नौबत आती और ऐसे में मुंबई के पास भी मुकाबला जीतने का मौका होता, लेकिन मुंबई इंडियंस ने इसे गंवा दिया। इस मैच को 2 विकेट से दिल्ली कैपिटल्स ने जीता।
आपको बता दें, दिल्ली वर्सेस मुंबई मैच का आखिरी ओवर काफी रोमांचक रहा, जिसमें दिल्ली को जीत के लिए 10 रन चाहिए थे। निकी प्रसाद ने पहली गेंद पर चौका लगाकर मैच को और भी ज्यादा दिलचस्प बना दिया था। इसके बाद दूसरी गेंद पर दो रन लिए और अगली गेंद पर एक रन लेकर लगभग मैच अपनी ओर मोड़ दिया था। चौथी गेंद पर राधा यादव ने एक रन लेकर फिर से निकी को स्ट्राइक दी और फिर निकी कैच आउट हो गईं। ऐसे में आखिरी गेंद पर दिल्ली को जीत के लिए 2 रन चाहिए थे।
आखिरी गेंद पर मैच के तीनों नतीजे संभव थे। मैच टाई हो सकता था, मैच दिल्ली या मुंबई की टीम जीत-हार सकती थी। एस सजना के ओवर की आखिरी गेंद का सामना करने के लिए अरुणधति रेड्डी आईं और उन्होंने गेंद को हवा में मारा। हरमनप्रीत कौर के पास कैच लेने का मौका था, लेकिन वे गेंद के करीब नहीं पहुंच पाईं। हालांकि, उन्होंने थ्रो किया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। थर्ड अंपायर ने रन आउट चेक किया, लेकिन बेल्स ऑफ होने से पहले ही बैटर क्रीज में थी और इस तरह दिल्ली को जीत मिली।
इस मैच में मुंबई इंडियंस 19.1 ओवर में 164 रन बनाकर ढेर हो गई थी। नैट साइवर ब्रंट ने 80 रनों की कमाल की पारी खेली थी। 42 रन कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी बनाए थे, लेकिन अन्य बल्लेबाजों से इनको योगदान नहीं मिला था। 3 विकेट दिल्ली के लिए एनाबेल सदरलैंड ने चटकाए। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स ने 165 रनों के लक्ष्य को 8 विकेट खोकर हासिल किया। शेफाली वर्मा ने 18 गेंदों में 43 रन बनाए और निकी प्रसाद ने 33 गेंदों में 35 रन बनाए। वे आखिर तक खेलीं और इसके लिए उनको प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।