रोहित शर्मा का चैंपियंस ट्रॉफी में कैसा है रिकॉर्ड, 8 साल पहले उड़ाया था गर्दा; क्या छू पाएंगे ये कीर्तिमान?
- रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में गुरुवार को अपने अभियान का आगाज करेगी। जानिए, रोहित का चैंपियंस ट्रॉफी में रिकॉर्ड कैसा है?

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरुआत 19 फरवरी से होने जा रही है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपने सभी मैच दुबई में खेलेगी। भारत 20 फरवरी को बांग्लादेश के विरुद्ध अपने अभियान का आगाज करेगा। हाल ही में फॉर्म में लौटे 37 वर्षीय रोहित चैंपियंस ट्रॉफी में बल्ले से धूम-धड़का करने को बेताब होंगे। 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी में उतरेंगे।
रोहित शर्मा का चैंपियंस ट्रॉफी रिकॉर्ड
रोहित का चैंपियंस ट्रॉफी में रिकॉर्ड अच्छा रहा है। उन्होंने टूर्नामेंट में अभी तक 10 मैच खेले हैं और 53.44 की औसत से 481 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 82.50 का रहा। रोहित ने चैंपियंस ट्रॉफी में एक शतक और चार अर्धशतक ठोके हैं। रोहित टूर्मामेंट में सर्वाधिक फिफ्टी लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर हैं। कुमार संगाकार और रिकी पोंटिंग जैसे दिग्गजों ने भी चार फिफ्टी जमाई हैं।
रोहित ने 8 साल पहले उड़ाया था गर्दा
चैंपियंस ट्रॉफी का आखिरी संस्करण 2017 में खेला गया था। रोहित ने 8 साल पहले टूर्नामेंट में गर्दा उड़ाया था। वह तब चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर्स की फेहरिस्त में दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने इंग्लैंड की सरजमीं पर पांच मैचों में 76.00 की शानदार औसत से 304 रन बटोरे थे। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 129 गेंदों में नाबाद 123 रनों पारी खेली थी, जिसमें 15 चौके और एक छक्का शामिल है। 'हिटमैन' ने 2013 में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी में पांच मैचों में 177 रन जुटाए थे।
क्या 'हिटमैन' छू पाएंगे ये कीर्तिमान?
रोहित फिलहाल चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में 14वें स्थान पर हैं। वह इस लिस्ट में नंबर वन बन सकते हैं लेकिन उन्हें 2017 जैसा कारानमा अंजाम देना होगा। दरअसल, रोहित को नंबर वन बनने के लिए 311 रनों की जरूरत है। टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम दर्ज है। वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज गेल ने चैंपियंस ट्रॉफी में 17 मैचों में 52.73 की औसत से 791 रन जोड़े।