India A vs England Lions 2nd unofficial Test Day 1 Match Report KL Rahul Smash century Dhruv Jurel fifty and Karun Nair इंग्लैंड जाते ही केएल राहुल ने जड़ा शतक, ध्रुव जुरेल और करुण नायर ने भी खूब जमाया रंग, Cricket Hindi News - Hindustan
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़India A vs England Lions 2nd unofficial Test Day 1 Match Report KL Rahul Smash century Dhruv Jurel fifty and Karun Nair

इंग्लैंड जाते ही केएल राहुल ने जड़ा शतक, ध्रुव जुरेल और करुण नायर ने भी खूब जमाया रंग

इंग्लैंड जाते ही केएल राहुल ने इंडिया ए के लिए दमदार शतक जड़ा। ध्रुव जुरेल और करुण नायर का भी बल्ला फिर से चला। हालांकि, कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन पहले दिन जल्दी आउट हो गए। वे नंबर तीन पर खेल रहे थे।

Sat, 7 June 2025 08:10 AMVikash Gaur लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
इंग्लैंड जाते ही केएल राहुल ने जड़ा शतक, ध्रुव जुरेल और करुण नायर ने भी खूब जमाया रंग

IPL 2025 खेलने के बाद केएल राहुल बाकी सीनियर खिलाड़ियों से पहले इंग्लैंड पहुंच गए। इस समय इंग्लैंड में इंडिया ए की टीम इंग्लैंड लायंस के खिलाफ खेल रही है। इंडिया ए और इंग्लैंड लायंस के बीच दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट मैच नॉर्थेम्पटन में खेला जा रहा है। शुक्रवार 6 जून को इस मुकाबले का पहला दिन था। इस मैच में केएल राहुल खेले और उन्होंने दमदार शतक जड़ दिया। इसके अलावा ध्रुव जुरेल और करुण नायर के बल्ले से भी रन निकले, जिन्होंने पिछले मैच में भी इंडिया ए के लिए दमदार बल्लेबाजी की थी।

केएल राहुल ने 168 गेंदों में 15 चौके और एक छक्के की मदद से 116 रनों की पारी खेली, जबकि ध्रुव जुरेल ने 87 गेंदों में 52 रन बनाए। पिछले मैच में दोहरा शतक जड़ने वाले करुण नायर ने 71 गेंदों में 40 रन बनाए। नितीश कुमार रेड्डी के बल्ले से भी रन आए। उन्होंने 57 गेंदों में 34 रनों की पारी खेली। यशस्वी जायसवाल 17 और कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन सिर्फ 11 रन बना सके। ईश्वरन टेस्ट टीम के लिए डेब्यू करने के अपने दावे को कमजोर कर रहे हैं। पिछले मैच में भी उन्होंने पहली पारी में रन नहीं बनाए थे। हालांकि, दूसरी पारी में जरूर उनके बल्ले से 68 रन आए थे।

read moreये भी पढ़ें:
वेंकटेश अय्यर हमारे लिए खेलते तो...RCB के कोच ने किया चौंकाने वाला दावा

पहले दिन का खेल समाप्त होने तक इंडिया ए ने 83 ओवर में 7 विकेट खोकर 319 रन बनाए। इंग्लैंड लायंस के लिए खेल रहे क्रिस वोक्स ने 3 विकेट निकाले। वहीं, जॉर्ज हिल को दो विकेट मिले। इंडिया ए का ये दौरा कई खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण था, जो टेस्ट टीम का हिस्सा हैं और उनको प्लेइंग इलेवन में जगह बनानी है। शतक से केएल राहुल ने अपना दावा मजबूत कर दिया है। करुण नायर भी फिर से टेस्ट खेलने के दावेदार नजर आ रहे हैं। ध्रुव जुरेल को शायद इंतजार करना पड़ सकता है।

लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, IPL 2025 Final Live, आईपीएल 2025 , आईपीएल शेड्यूल , आईपीएल पॉइंट्स टेबल , आईपीएल ऑरेंज कैप से जुड़ी खबरें और आईपीएल पर्पल कैप वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |