दलित वोट बैंक पर डोरे डाल रहे प्रशांत किशोर? आंबेडकर संवाद में SC-ST के लिए किया ये ऐलान
- प्रशांत किशोर ने कहा कि सबसे पहले संसाधन पर हक अनुसूचित जाति के लोगों का है। जो पीछे रह गए है, उन्हें आगे लाना है। जिसके लिए जन सुराज ने अपने 5 वादों को सामने रखा है।

जन सुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर बिहार सत्याग्रह आश्रम से अंबेडकर वाहिनी प्रदेश कार्यसमिति बैठक के जरिए आंबेडकर संवाद किया और उन्होंने अपने 2 वर्ष के पदयात्रा के अनुभव से अनुसूचित जाति की समाज में क्या दशा और भागीदारी है इसपर चर्चा की।प्रशांत किशोर ने बताया बिहार में जो जातीय जनगणना हुई उसमें भयानक आंकड़ा देखने को मिला। जिसमें आजादी के 78 साल बाद भी अनुसूचित जाति के सिर्फ 3 प्रतिशत बच्चे ही 12वीं कक्षा पास करते हैं। यानी 100 में सिर्फ 3 ही बच्चे 12वीं कक्षा पास करते हैं, इसलिए बाबा साहब ने कहा था कि सबसे पहले हमें शिक्षित बनना है फिर संगठित होकर संघर्ष करना हैं।
प्रशांत किशोर ने कहा कि सबसे पहले संसाधन पर हक अनुसूचित जाति के लोगों का है। जो पीछे रह गए है, उन्हें आगे लाना है। जिसके लिए जन सुराज ने अपने 5 वादों को सामने रखा है। प्रशांत किशोर ने बिहार के युवाओं को मोबाइल के जरिए कैसे आत्मनिर्भर बनाना है, इसका टिप्स भी दिया। उन्होंने बताया कि हमलोगों को हर गांव से 10 सक्रिय युवाओं को निकलना है, और उन्हें सत्याग्रह आश्रम में 5 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा जिसके जरिए हम उन्हें 5 से 10 हजार कमाने के लायक बनाएंगे। ऐसा हो गया तो उन्हें बाहर मजदूरी करने नहीं जाना पड़ेगा। जन सुराज उन्हें फोन के जरिए रोजगार पाना सिखाएगी।
पीके ने कहा कि जब जन सुराज की सरकार बनेगी तो दलित बंधु योजना चलाई जाएगी इसके तहत दलितों के कल्याण के लिए पांच बड़े काम किए जाएंगे। पीके ने कहा कि सरकार बनी तो इस समाज के बच्चों को दसवीं के बाद दो हजार का वजीफा मिलेगा। घर बनाने के लिए तीन साल के अंदर तीन डिस्मिल जमीन दी जाएगी। गैर मजरुआ जमीन की बंदोबस्ती में दलितों को रिजर्वेशन दिया जाएगा। जन सुराज के संसाधन पर दलित समाज का सबसे पहला अधिकार होगा।
पीके ने कहा कि आपके एक वोट से मोदी जी 45 लाख करोड़ रुपए का तिजोरी का चाभी बन गए हैं। आपने वोट नाली गली पर दे दिया, 5 किलो अनाज पर दिया, मुर्गा भात खा कर दे दिया, अपनी वोट की ताकत समझिए और इस बार वोट शिक्षा को मद्देनजर रखते हुए कीजिए।