नीतीश कुमार के प्रति जनता का विश्वास गहरा हो रहा : विजय चौधरी
जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नीतीश सरकार के खिलाफ एंटी-इनकम्बेंसी जैसी कोई स्थिति नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। पार्टी के अधिवक्ता समागम...

जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि 20 वर्षों से सत्ता में रहने के बाद भी नीतीश सरकार के खिलाफ एंटी-इनकम्बेंसी जैसी कोई स्थिति नहीं है। यह देश की राजनीति में एक दुर्लभ उदाहरण है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति जनता का विश्वास लगातार गहराता जा रहा है। चौधरी शनिवार को जदयू प्रदेश कार्यालय में पार्टी के विधि प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित अधिवक्ता समागम को संबोधित कर रहे थे। समागम की अध्यक्षता विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार ने की। मौके पर ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि न्याय के साथ विकास नीतीश सरकार की मूल अवधारणा है। इसी सोच के साथ हम सभी को मिलकर काम करना है, ताकि आगामी चुनाव में अधिकतम सीटें जीतकर विकसित बिहार के सपने को साकार किया जा सके। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अथक परिश्रम और संघर्ष से बिहार को एक नई गति और दिशा दी है। महापुरुषों के विचारों को धरातल पर उतारने का काम एकमात्र नीतीश कुमार ने किया है। ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि समाज को सकारात्मक दिशा देने में विधि प्रकोष्ठ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि जनता आपकी बातों को गंभीरता से सुनती है। समागम को शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, विधान पार्षद ललन कुमार सर्राफ, पूर्व मंत्री श्याम रजक, पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार, प्रवक्ता अंजुम आरा आदि ने भी संबोधित किया। वहीं, विधान पार्षद संजय गांधी समेत चंदन कुमार सिंह, प्रो. नवीन आर्य चंद्रवंशी, रणविजय कुमार, राजीव रंजन, प्रिय रंजन पटेल, वरुण कुमार आदि उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।