मोकामा गैंगवार पर ललन सिंह ने तेजस्वी को दिखाया आईना, लालू-राबड़ी राज की याद दिलाई
- मोकामा गैंगवार पर सवाल उठाने को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने तेजस्वी यादव के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्हें लालू यादव और राबड़ी देवी की सरकार की याद दिलाई है।

मोकामा में पूर्व विधायक अनंत सिंह के समर्थकों और सोनू-मोनू गैंग के बीच गैंगवार की घटना पर बिहार में सियासी उबाल की स्थिति बन गई है। विपक्षी दल जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी सरकार को घेरने में लगे हैं तो एनडीए के नेता सरकार के बचाव में जुट गए हैं। नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने तेजस्वी यादव के आरोपों पर पलटवार किया है। मोकामा शूटआउट पर तेजस्वी के सवाल उठाने पर ललन सिंह ने उन्हें लालू यादव और राबड़ी देवी के शासन काल की याद दिला दी है। इस बीच अनंत सिंह ने बाढ़ कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट ने उन्हें चौदह दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अनंत सिंह को बेऊर जेल में रखा गया है।
ललन सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव को कुछ कुछ बोलने की आदत है। उनको कुछ बोलते रहना है। जब पत्रकारों ने पूछा कि तेजस्वी यादव कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। इस पर ललन सिंह ने उखड़ते हुए कहा कि कानून व्यवस्था तो उनके पिताजी बिहार का दुरूस्त कर दिए थे। एसी व्यवस्था थी कि अपहरण का उद्योग चलता था।
उन्होंने कहा कि यह हमारा क्षेत्र है, वहां के बारे में हम जानते हैं। अनंत सिंह को किसने टिकट दिया था। उनकी पत्नी को हमने टिकट दिया कि तेजस्वी यादव ने दिया। उनकी पत्नी को चुनाव क्यों लड़ाए थे। यह सब बेकार की बातें हैं।
इससे पहले तेजस्वी यादव ने मोकामा शूटआउट पर कहा था कि अपराध इस सरकार में आदत बन गई है। भ्रष्टाचार आज शिष्टाचार बन गया है। मुख्यमंत्री इस घटना पर चुप्पी साधे हुए हैं और अपराधी खुलकर मीडिया में बोल रहे हैं कि उन्होंने गोलियां चलाईं। नीतीश कुमार पर कहा कि उन्होंने अपने कलम से दो-दो अपराधियों को जेल से बाहर निकाला और उनके घर भी जाते हैं। रूह कंपाने वाली चीजें भी मामूली चीज हो गई है। सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है।