बंगाल की लड़की की बिहार में गला रेतकर हत्या; आंख जलाने की कोशिश, खेत में मिला शव
किशनगंज में लड़की की निर्मम हत्या से हड़कंप मच गया। लड़की का शव मक्के के खेत में मिला। 29 जनवरी को जलसा देखने लड़की घर से निकली थी। जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। फिर शनिवाल को खेत में उसका शव मिला। मृतक लड़की बंगाल की निवासी है।

किशनगंज के पोठिया थाना इलाके में 16 साल की लड़की का खेत में शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक लड़की का गला किसी धारधार हथियार से गला रेता गया है। किशोरी की शिनाख्त रहीमा बेगम, पिता रहीम, ग्राम अलीनगर खैरबारी थाना इस्लामपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। ठाकुरगंज एसडीपीओ-2 मंगलेश कुमार सिंह ने बताया कि मकई के खेत में एक नाबालिग लड़की का शव मिला है। जो पश्चिम बंगाल के खैरबाड़ी गांव की रहने वाली है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। इस्लामपुर थाना को भी सूचित किया गया है। दोषी जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होंगे।
थाना को सूचना मिलते ही ठाकुरगंज एसडीपीओ-टू मंगलेश कुमार सिंह एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और हत्या मामले में तफ्तीश शुरू कर दी। मकई खेत में शव का पंचनामा बनाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार किशोरी रहीमा बेगम बीती 29 जनवरी की रात अपने से एक किलोमीटर की दूर सिंघारी गोबिंदपुर गांव में आयोजित जलसा कार्यक्रम देखने के लिए घरवालों को बताकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। 30 जनवरी की सुबह परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका था।
शनिवार की सुबह किशोरी रहीमा बेगम के शव मिलने के बाद इलाके में खबर जंगल में आग की तरह फैल गयी। कई गांव से सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंचे थे। बता दें कि किशोरी के गर्दन एवं शरीर पर धारदार हथियार के कई जख्म मिले हैं। वहीं किशोरी की आंखों को भी नष्ट कर दिया गया है। किशोरी की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मौके पर एसडीपीओ-टू मंगलेश कुमार सिंह, पीएसआई अखिलेश कुमार,पीएसआई प्रदीप कुमार,पीएसआई पूजा कुमारी सहित पूर्व मुखिया प्रतिनिधि मो.जमशेद आलम व अन्य मौजूद रहे।