शाम्हो-मटिहानी पुल निर्माण को लेकर दिल्ली में हुई उच्चस्तरीय बैठक
बोले बेगूसराय असर:::::: गडकरी से मुलाकात करते केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह व मटिहानी विधायक राज कुमार सिंह। बेगूसराय, हिंदुस्तान प्रतिनिधि। हिंदुस्तान अख़बार के विशेष अभियान बोले बेगूसराय के तहत...

बेगूसराय, हिंदुस्तान प्रतिनिधि। हिंदुस्तान अख़बार के विशेष अभियान बोले बेगूसराय के तहत पिछले माह 30 मई को "जिला मुख्यालय से शाम्हों को जोड़ने के लिए पुल बनाया जाए" शीर्षक से ख़बर छपी थी जिसमें शाम्हों के लोगों में मटिहानी और शाम्हों के बीच गंगा नदी पर पुल बनाने की मांग की थी। जिसका असर यह हुआ कि मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह के साथ दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ बैठक की। इस उच्चस्तरीय बैठक में विधायक राजकुमार सिंह ने रकसौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे की रणनीतिक महत्ता के संदर्भ में शाम्हो-मटिहानी पुल की अनिवार्यता को जोरदार ढंग से प्रस्तुत किया।
क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक जरूरतों को तथ्यात्मक आधार पर सामने रखते हुए उन्होंने बताया कि यह पुल सिर्फ एक यातायात साधन नहीं, बल्कि बेगूसराय की जीवनरेखा बन सकता है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री गडकरी ने इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करते हुए पुल निर्माण को शीघ्रता से आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। बैठक में उनके मंत्रालय के वरीय तकनीकी अधिकारी भी उपस्थित थे, जिससे संकेत मिलता है कि इस दिशा में ठोस कार्रवाई जल्द शुरू हो सकती है। विधायक राजकुमार सिंह ने कहा, यह पुल अब सिर्फ सपना नहीं, संकल्प बन चुका है। मैं और हमारे सांसद गिरिराज सिंह इस संकल्प को साकार करने के लिए हर दरवाज़ा खटखटाएंगे, हर मंच पर आवाज़ उठाएंगे। हिंदुस्तान की खबर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जनसरोकार से जुड़ी मुद्दे न केवल जनभावनाओं को आवाज देती है,बल्कि सरकार को ठोस कदम उठाने के लिए भी प्रेरित करती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।